Showing posts with label विश्व विकलांग दिवस. Show all posts
Showing posts with label विश्व विकलांग दिवस. Show all posts

Monday, March 19, 2018

लहरों बिन सागर


दो दिनों का अन्तराल ! शाम के चार बजने वाले हैं. जून अभी नहीं आये हैं. दोपहर को उनसे किसी विषय पर मतभेद हो गया, यह आवश्यक तो नहीं कि जो भाव किसी भी विषय को लेकर उसके मन में हों, वे उनके मन में भी हों. वैसे भी दोपहर को वे भोजन के लिए आते हैं, कुछ ही समय उसके बाद आराम के लिए मिलता है, जिसे शांति से व्यतीत करना चाहिए. आज सुबह समय पर उठे, तारों की छाँव में प्रातः भ्रमण को गये, लौटकर प्राणायाम किया. बंगलूरू से आई मोटी पीली सूजी का मीठा नाश्ता बनाया. व्हाट्सएप पर संदेशों का आदान-प्रदान किया. विश्व विकलांग दिवस के कार्यक्रम के लिए मृणाल ज्योति के बच्चे क्लब में रिहर्सल कर रहे हैं, जिसे देखने गयी. कल भी रिहर्सल होगी, परसों तो कार्यक्रम ही है, दिन भर व्यस्तता बनी रहेगी. बड़े भाई का जन्मदिन है आज, उन्हें शुभकामनायें दीं. कल उनके लिए एक कविता लिखी थी, शायद पढ़ ली होगी अब तक. मंझले भाई की बिटिया को दिल्ली में जॉब मिल गयी है, वह खुश है, इसलिए फेसबुक पर उसकी एक पोस्ट को सराहा भी. वे सुख बाँटना चाहते हैं और दुःख में सिकुड़ जाते हैं. छोटी बुआ के साथ भी उसके संबंध पहले से मधुर हो ही जाने वाले हैं, प्रेम कभी मरता नहीं ! आज नूना के फोन का कवर भी आ गया है, अब सुरक्षित हो गया है फोन.

आज सुबह नींद खुली तो एक स्वप्न देख रही थी, पता चला कि खुद ही बना रही थी. स्वप्न यदि वे स्वयं गढ़ें तो वे उनके लिए सुखद ही होंगे, दुःस्वप्न तो नहीं होंगे, वैसे दुःस्वप्न भी वे ही बनाते हैं पर जब असजग होते हैं तब ! प्रातः भ्रमण के समय जून ने कहा, कल रात देहली से आये एक फोन ने उनकी नींद ही बिगाड़ दी, इस बात पर तो उसने उन्हें स्वयं को जानने के लिए एक पूरा वक्तव्य ही दे डाला. ध्यान के लिए उन्हें उकसाया, पता नहीं इसका उन पर कितना असर हुआ, पर उसके सामने बहुत कुछ स्पष्ट होता गया. स्नान के बाद जैसे भीतर से कोई पढ़ाने लगा. प्रकृति, पुरुष, परमात्मा, आत्मा, मन, बुद्धि, संस्कार के आपसी संबंध ! वे जो वास्तव में हैं, उसको जानने के बाद जीवन एक खेल बन जाता है, एक आनंदपूर्ण अवस्था..कल रात को सोने से पूर्व अष्टावक्र गीता का एक श्लोक सुना, अद्भुत है यह ज्ञान..वास्तव में उन्होंने न कभी कुछ किया है न करेंगे, वे साक्षी मात्र हैं. सागर की सतह पर उठती-गिरती लहरें ही तो सागर नहीं हैं, अम्बर पर उड़ते मेघ जैसे आकाश नहीं है, वह विशाल है, अनंत है, अचल है, सदा है, फिर चिंता व दुःख किस बात का ? अभी कुछ देर में ड्राइवर आने वाला होगा, आज भी क्लब जाना है, कल की तैयारी आज भी वहाँ चल रही होगी.  

उस दिन सुबह, दोपहर, शाम सभी मृणाल ज्योति के नाम थी. अगले दिन एक शादी में जाना था. तीसरे दिन दोपहर को आल्मारी सहेजी और शाम को महिला क्लब की मीटिंग थी. कल तो इतवार था ही, शाम को सामाजिक शिष्टाचार निभाने वे एक मित्र परिवार से मिलने गये, दोपहर को बच्चों की संडे क्लास. चार दिन पलक झपकते गुजर गये. आज जून को तीन दिनों के लिए देहली जाना है. उसे साधना के लिए अधिक समय मिलेगा. आजकल प्रतिपल आत्म स्मरण बना रहता है. आज सुबह स्वप्न था या ध्यान या तंद्रा, किसी ने कहा, तुम परमात्मा से प्रेम करती हो, यह सही नहीं है. तुम विशेष स्वाद से प्रेम करती हो. विशेष भोजन के प्रति उसकी यह आसक्ति शायद ठीक नहीं है. आसक्ति किसी भी वस्तु के प्रति ठीक नहीं है, पर यह निषेध की भावना, यह द्वंद्व उसका स्वयं का ही बनाया हुआ है. भोजन तो भोजन है, शायद यह उसका अज्ञान है जो भोजन के प्रति इतनी सावधानी रखना वह नहीं चाहती. साधक को तो सभी प्रकार की कामनाओं से ऊपर उठना ही होगा, यदि वह आगे बढ़ना चाहता है. अभी तक की उसकी साधना जहाँ तक ले आई है, वही तो लक्ष्य नहीं है. अभी तो मंजिलें और भी हैं ! दूर है वह परमात्मा का शांति धाम..हल्के होकर वहाँ जाना है, अभी भी आवाज ऊंची हो जाती है. अभी भी ‘न’ सुनने पर भीतर कुछ कम्पन होता है एक क्षण के लिए ही सही, अभी अखंड आनंद का वरदान फलित नहीं हुआ है. अनंत है आकाश और अनंत है उनकी सम्भावनाएं !  

Thursday, August 10, 2017

एओल का आनंद उत्सव


आज शाम पांच बजे से उनका कोर्स शुरू हो रहा है. तेरह वर्ष पहले पहली बार ‘आर्ट ऑफ़ लिविंग’ से जुड़ी थी, तब से अब तक जीवन में कितना परिवर्तन आया है, शब्दों में इसे कहना कठिन है. मन शांत है और बहुत से सवालों के जवाब भी मिल गये हैं. तन, मन दोनों की सफाई भी हुई है. आत्मा और श्वास के संबंध का ज्ञान हुआ है. प्राण ऊर्जा ही आत्मा को इस देह से बाँध आकर रखती है. मन ही खो गया है, पुराना वाला मन और परमात्मा से परिचय हुआ है..पर अभी भी बहुत दूर जाना है, क्योंकि वह अनंत है..उसकी ओर की जाने वाली यात्रा भी. कोर्स के अंतिम दिन का आयोजन भी कितना आनन्द दायक होता है सभी के लिए. आज मृणाल ज्योति के लिए वहाँ के एक कर्मचारी ने आंकड़े भेजे हैं. कुल डेढ़ सौ बच्चे हैं अब वहाँ, स्कूल आगे बढ़ रहा है. ‘विश्व विकलांग दिवस’ के लिए तिनसुकिया के एक स्कूल के बच्चों ने काफी अच्छे पोस्टर बनाये हैं. उन्हें कल धन्यवाद का पत्र लिखेगी. एक अन्य स्कूल के बच्चे और वहाँ की प्रधानाचार्या मृणाल ज्योति के बच्चों से मिलने आ रही हैं. सभी टीचर्स उत्साहित हैं.

‘आर्ट ऑफ़ लिविंग’ के टीचर एक सखी के यहाँ रुके हुए हैं. उसने आज सुबह का नाश्ता बनाकर भेजा उनके लिए, वह एक विदेशी गोरे व्यक्ति हैं पर हिंदी और संस्कृत पर अच्छी पकड़ है. सभी को कोर्स में आनन्द आ रहा है. अंतिम दिन एक प्रतियोगिता है और समूह में सेवा का एक कार्य भी करना है. गुरूजी की तस्वीर के लिए फूलों की एक माला भी उसने बनवाई है नैनी से, शाम को लेकर जाएगी.

कोर्स पूरा हो गया और अंतिम दिन का उत्सव भी. आज सुबह प्रसाद रूप में एक अनोखा अनुभव हुआ, सद्गुरू की कृपा का प्रसाद अनवरत बरस ही रहा है. अब ठंड बढ़ गयी है. आज से गर्म वस्त्र निकाल लिए हैं. आलमारी में उसने मंगनी व शादी की साड़ियाँ देखीं, किनारे से रेशमी धागे निकल आये थे, पीको के लिए दीं तथा पल्लू पर झालर बनाने के लिए भी, इतने वर्षों बाद भी पहले सी सुंदर लग रही थीं. बगीचे में सर्दियों के फूलों की पौध भी लग गयी है. बोगेनविलिया अपने शबाब पर है और जरबेरा के फूल भी खिल रहे हैं. सब्जी बाड़ी में भी लगभग सभी के बीज व पौध लगा दिए हैं. कल से प्रतिदिन एक घंटा बाड़ी में बिताएगी ऐसा निर्णय लिया है. कल कम्पोस्ट खाद भी मंगानी है.

अगले हफ्ते आज ही के दिन विश्व विकलांग दिवस है, उसे उद्घोषणा के लिए स्टेज पर रहना होगा और दोपहर को हॉल की सज्जा के लिए भी जाना है. नन्हे ने उस दिन के लिए कुछ सहायता राशि भेजी है. उसने बताया, उसका एक मित्र लंदन से आया हुआ है. स्कूल के प्रबन्धक ने अपने पुत्र के अन्न प्राशन का निमन्त्रण भेजा है. आज लेडीज क्लब की मीटिंग में एमवे के उत्पाद का प्रस्तुतिकरण भी था. काफी तारीफ की उन्होंने. वे सौन्दर्य उत्पादों के साथ साथ स्वास्थ्य के लिए भी उत्पाद बनाते हैं. आज जून ने उसका एक पासपोर्ट साइज फोटो खींचा, पर उसे पसंद नहीं आया. अब चेहरे पर उम्र का पता चलने लगा है, जो कि स्वाभाविक ही है, पर आत्मा तो कभी वृद्ध नहीं होती, वह तो सदा ही एकरस है, सत्यम.. शिवम.. सुन्दरम ! जून आज एक कांफ्रेंस के लिए दिल्ली से आगे जयपुर रोड पर स्थित नीमराना जा रहे हैं. डिब्रूगढ़ का रास्ता रोका जा रहा है, ऐसी खबर सुनकर वह तिनसुकिया होते हुए जाने वाले थे कि किसी ने गलत सूचना दी, रास्ता खुल गया है, पर उन्हें लौटकर पुनः दूसरे रास्ते से जाना पड़ा. एअरपोर्ट पर सूचना भिजवा दी थी, किसी तरह वे लोग समय पर पहुँच पाए. असम में बंद व रास्ता रोको एक सामान्य घटना है पर इसका खामियाजा जिसको भुगतना पड़ता है, वही जानता है. आज प्रधानमन्त्री भी गोहाटी आ रहे हैं.


Monday, July 27, 2015

ए सर्च इन सीक्रेट इंडिया


लगता है उसकी विद्यार्थिनी आज फिर भूल गयी है. पिछले शुक्रवार भी वह नहीं आई थी. उसे एक कविता लिखनी है ‘विश्व विकलांग दिवस’ के लिये समय मिल जायेगा. शाम को क्लब जाना है कोरस के अभ्यास के लिए. रात को एक सखी के यहाँ खाने पर जाना है, उसकी शादी की सालगिरह है. सुबह उठने से पूर्व कितने स्वप्न देखे. बर्फ गिर रही है, आकाश एक बड़ी सी फिल्म की स्क्रीन बन गया है, वहाँ लोग एक दूसरे पर बर्फ के गोले बनाकर डाल रहे हैं. सब कुछ इतना स्पष्ट था जैसे सामने घट रहा हो. रात को देर तक नींद नहीं आई, पर इससे उसे कोई परेशानी तो महसूस नहीं होती, शायद वह जगते हुए भी सोती रहती है अर्थात सोते हुए भी जगती है, शायद ध्यान करने से ऐसा होता है. आज नीरू माँ का कार्यक्रम देखा, ऑंखें भर आयीं. कितनी करुणा, कितना प्रेम है उनके भीतर. प्रश्न पूछने वाले तरह-तरह के प्रश्न पूछते हैं पर बिना जरा भी विचलित हुए सभी को जवाब देती हैं. जैन मुनि आचार्य महाप्राज्ञ ने बताया मस्तिष्क का एक प्रकोष्ठ विकसित हो जाय तो मानव का व्यवहार ही बदल जाता है. भीतर की सुप्त शक्ति जब तक जाग्रत नहीं होती वह अज्ञान से मुक्त नहीं हो पाता. उसे जाग्रत करने का पुरुषार्थ तो करना ही है, उसे भाग्य पर नहीं छोड़ा जा सकता. सद्गुरु के बताये मार्ग पर तो चलना ही पड़ेगा. कल पता चला बड़ी भाभी के बड़े भाईसाहब नहीं रहे, उन्हें फोन करना है. कल से नन्हे के इम्तहान हैं. वह कुछ पल नियमित जप करता है. उसे शांति का अनुभव होता है. जब मन शांत होता है तो आत्मा का सहज स्वभाव मुखर हो जाता है. मन को अपने सही स्थान पर रखना ही साधना है.

कल का कार्यक्रम ठीकठाक हो गया. आज शाम को सत्संग में जाना है, कल एक शादी में तथा परसों तीन दिसम्बर है, नेहरू मैदान जाना है. आचानक ही उनके शामें व्यस्त हो गयी हैं. सुबहें और दोपहर तो पहले से ही थीं. कल सद्गुरु को समर्पित उसकी पुस्तिका की उन्नीस प्रतियाँ निकल गयीं, अगले हफ्ते.. और इसी तरह अगले कुछ हफ्तों में और भी लोग इसे लेकर पढ़ेंगे. अभी-अभी वह धूप में गयी, दिसम्बर में भी धूप इतनी तेज है कि दस मिनट से अधिक उसमें नहीं बैठा जा सकता. इसी तरह संसार रूपी धूप में भी देर तक अब रहा नहीं जाता, आत्मा की छाँव में लौट-लौट कर आना होता है, तभी भीतर शीतलता छायी रहती है. ऐसी शीतलता जो अलौकिक है, दिव्य है, प्रेम से पूर्ण है !

पिछले दो दिन फिर नहीं लिखा, रात्रि के पौने आठ बजे हैं. मन में विचार आया कि दिन भर का लेखा-जोखा कर लिया जाये. सुबह उठते ही जैसे पहले अधरों पर प्रार्थना आ जाती थी, “दूर दुनिया की हर बुराई से बचाना मुझको, नेक जो राह हो उस राह पर चलाना मुझको” अब नहीं आती. रात्रि को आने वाले स्वप्न भी पहले से आध्यात्मिक नहीं रह गये हैं, लेकिन होते बहुत अद्भुत हैं. आज दोपहर को Paul Bruntun की पुस्तक A search in secret india पढ़ती रही. शिक्षक ने कहा, विलम्बित ठीक से नहीं हो रहा है, अभ्यास बढ़ाना होगा. शाम को कोपरेटिव जाकर नन्हे के लिए कुछ समान खरीदा, वह परसों आ रहा है, उसकी आलमारी भी पिछले दिनों ठीक कर दी थी. 

Friday, July 24, 2015

विश्व विकलांग दिवस


आज एक परिचिता का फोन आया. तीन दिसम्बर को ‘विश्व विकलांग दिवस’ है, उसे कुछ स्लोगन लिखकर तख्तियां बनानी हैं. उस दिन नेहरू मैदान में कार्यक्रम है. उससे पूर्व एक बार ‘मृणाल ज्योति’ भी जाना है. आज सत्संग थोड़ी देर ही सुन पायी. सब बातों का सार तो यही है कि “वे किसी को पीड़ा न पहुंचाएं, दूसरों के काम आयें और अहंकार न करें. आत्मा का क्या मान-अपमान और शरीर तो जड़  है उसका क्या मान-अपमान ! ईश्वर से संयोग ही वास्तविक सुख है उससे वियोग ही वास्तविक दुःख है !”

आज सुबह ध्यान के बाद उसे लगा जैसे भीतर से कोई कह रहा है कि उसे कुछ वक्त पूरी तरह माँ के साथ बिताना चाहिए. वह ऊँचा सुनने लगी हैं, सो बातचीत चाहेन हो पर साथ तो रहे. यूँ तो सुबह की चाय, नाश्ता, दोनों वक्त भोजन था पाठ सुनाते वक्त साथ रहता है पर तब मुख्य कार्य को ही प्रमुखता दी जाती है, ऐसा समय जब दुनिया का कोई भी कार्य प्रमुख न हो, बस वे ही प्रमुख हों. लगता है उनका हृदय ऐसी तरंगें भेज रहा है तभी उसे ईश्वर ने ऐसी प्रेरणा दी है. भीतर की आवाज इतनी स्पष्ट रूप से कम ही सुनाई देती है. सुबह सद्गुरु को टीवी पर देखा व सुना. वह कह रहे थे, सेवा करो तो तुम मेरे निकट आ सकते हो. वह तो सेवा किये बिना भी स्वयं को उनके निकट ही मानती है. वह ईश्वर की नाईं सर्व व्यापक हैं. उनकी चेतना इतनी विशाल हो गयी है कि उसमें सब समा गया है. वह उस हवा की तरह हैं जो परमात्मा रूपी फूल की खुशबू उन तक लाती है. वह उन्हें परिष्कृत करते हैं. वह पत्थर को तराश कर हीरा बनाते हैं. वह पुकार सुनते हैं. आज तक जितने भी सद्गुरु संत हुए हैं, वे सभी परमात्म स्वरूप होकर सदा विद्यमान हैं. कल उसने सच्चे हृदय से नानक को याद किया तो ध्यान में फूलों और प्रकाश बिन्दुओं की अनुपम छवि उन्होंने दिखाई. उन्हें शरण भर लेनी है ! जैसे शक्कर को मिठास खोजनी नहीं पड़ती, वैसे ही शरण में गये हुए को सुख की खोज नहीं करनी है.  


पिछले दिनों दिनचर्या में कुछ ढील आ गयी थी, आज से पुनः व्यवस्थित करने का प्रयास है. योगासन भी रोज नहीं कर पा रही थी जो अति आवश्यक है. तन स्वस्थ होगा तो मन स्थिर होगा, ध्यान होगा तथा सेवा होगी. ‘साहित्य सेवा’ भी तो एक सेवा है. बच्चों को पढ़ाना भी सेवा है. कल शाम को पुस्तकालय से दो पुस्तकें लायी है. क्लब की पत्रिका के लिए एक लेख लिखना है, अध्यात्म उसके हृदय के निकट का विषय है, उसी पर लिखे तो अच्छा रहेगा. आजकल क्लब में गाने का अभ्यास चल रहा है. अगले हफ्ते मीटिंग है. उसे कविता पाठ भी करना है. उसके लिए कविताओं का चुनाव भी करना है. मौसम वर्षा के कारण ठंडा हो गया है, बगीचे में सब्जियों और फूलों की पौध लग गयी है. अब वर्षा होने से भी कोई परेशानी नहीं होगी. वैसे तो उसकी सारी परेशानयों को प्रभु ने एक साथ ही दूर कर दिया है. जब उसका कुछ रहा ही नहीं तो दुःख क्या ? अब उसके सिवाय अंतर में कोई दूसरा नहीं रहता ! आज जून ने लंच में गोभी पुलाव बनाने को कहा है.