Showing posts with label बंद. Show all posts
Showing posts with label बंद. Show all posts

Friday, February 22, 2019

मिजोरम की चोटियाँ



दो दिनों का अन्तराल, जून गोहाटी गये हैं कल. उन्हें जून के पूर्व मुख्य अधिकारी को विदाई भोज के लिए घर पर बुलाना है. शनिवार को उन्हें निमंत्रित करने गये पर वे लोग शायद शहर से बाहर गये थे. दोपहर को उसने बगीचे से तोड़ी ब्रोकोली के चावल बनाये और शाम को कच्चे केले की सब्जी. इस वर्ष भी सर्दियों की सब्जियां इतनी हो रही हैं कि महीनों से वे आलू, प्याज, टमाटर, खीरा आदि के अतिरिक्त बाजार से कुछ नहीं खरीद रहे हैं. कल एक सखी के यहाँ से योगानन्द जी की एक पुस्तक मिली, “गॉड टॉक्स विथ अर्जुन”, अच्छी है. उनके भीतर निरंतर युद्ध चल रहा है. आत्मा और अहंकार के मध्य. अहंकार है देहभान तथा आत्मा है कृष्णभान. सारा दारोमदार इस बात पर है कि इस युद्ध में कौन जीतता है. सामने नीला आकाश है और उस पर श्वेत बादल, हवा बह रही है, जिसका स्पर्श सुखद है और सुखद है देह के भीतर तरंगों का स्पर्श भी !

सुबह से बादल बने हैं पर बरस नहीं रहे हैं. तीन दिन फिर किन्हीं व्यस्तताओं में गुजर गये. आज शाम को तीन परिवारों को रात्रि भोज पर बुलाया है. काफी काम हो गया है, थोड़ा शेष है. कुछ कार्य जून को करना है, कुछ नैनी को. आज सिलापत्थर  में एक बंगाली समूह ने असम के छात्र संघठन के दफ्तर पर हमला किया, उसी के विरोध में असम  बंद का एलान किया गया है. काफी दिनों से असमिया-बंगाली शांति से रह रहे थे, अचानक यह बदलाव कहाँ से आ रहा है. तीन दिन बाद होली है. उसने सोचा, वे आज ही होली भोज का आयोजन कर रहे हैं. अगले हफ्ते उन्हें मिजोरम की यात्रा पर निकलना है.

सुबह पौने छह बजे वे असम से रवाना हुए थे. सवा आठ बजे फ्लाईट डिब्रूगढ़ के मोहनबारी हवाईअड्डे से चली और पौने दस बजे कोलकाता पहुंची. जहाँ तीन घंटे प्रतीक्षा करने के बाद दोपहर एक बजे स्टारलाइंस-एयर इंडिया के विमान ने आइजोल के लिए उड़ान भरी. हवाईअड्डे पर कई मिजो लड़के-लडकियाँ थे, सभी काफी प्रसन्न, जरा उनसे नजरें मिलाओ तो मुस्कुराने को तैयार ! छोटी सी फ्लाईट थी लगभग पचास मिनट की, ऊपर से सैकड़ों मीलों तक फैली हरियाली से ढकी पर्वतों की श्रृंखलायें दिख रही थीं, एक के बाद एक पहाड़ों की चोटियाँ, घाटियाँ नहीं के बराबर. दोपहर दो बजे वे मिजोरम के लुंगपेई हवाईअड्डे पर पहुंचे, जहाँ कई सुंदर छोटे-छोटे बगीचे फूलों से भरे थे. बाहर निकले तो हर तरफ वृक्षों की कतारें. शहर से काफी दूर है हवाईअड्डा, लगभग सवा घंटा पहाड़ों के सान्निध्य में छोटी सी पतली सड़क पर यात्रा करने के बाद कम्पनी के गेस्ट हॉउस पहुंचे. यह हल्के हरे रंग से रंगी चार मंजिला इमारत है. रास्ते में बांसों के झुरमुट और फूल झाड़ू के पेड़ बहुतायत में दिखे. दो तीन जगह पिकनिक स्पॉट जाने के मार्ग बताते बोर्ड दिखे. स्वादिष्ट नाश्ता करके शहर घूमने निकले. पूरा शहर या कहें पूरा प्रदेश ही पहाड़ियों पर बसा है, सडकें ऊंची-नीची हैं, कहीं-कहीं तो खड़ी चढ़ाई है, लेकिन यहाँ के ड्राइवर इतने अभ्यस्त हैं कि ऐसी सड़कों पर आराम से वाहन चला लेते हैं. उसने एक पारंपरिक मिजो ड्रेस खरीदी. यहाँ के लोग कुत्तों से बहुत प्रेम करते है. एक महिला को देखा स्कूटर पर एक कुत्ते को शाल में लपेटे ले जा रही थी, जैसे कोई अपने बच्चे को ले जाता है. याद आया, एक मिजो लड़की यात्रा में उनके निकट बैठी थी, जो हैदराबाद में ब्यूटी पार्लर में काम करती है, अब छुट्टियों में घर जा रही थी. उसने बताया था, मिजोरम में कोई स्ट्रीट डॉग नहीं होता. सडकों पर महिलाएं और बच्चे ज्यादा नजर आ रहे थे, सभी प्रसन्न मुद्रा में.

Thursday, December 24, 2015

नंदीग्राम का आंदोलन


आज सुबह निद्रा तंद्रा में बदले इससे पूर्व ही जागृत हो गया था मन. संध्याकाल में जो अनुभूति होती थी, नहीं हुई. सद्गुरु से पूछे तो कहेंगे, ऐसा भी होता है. इस जगत में जी भी हो रहा है, वह न्यायपूर्ण है. वे स्वयं ही बीज बोते हैं फिर स्वयं ही फसल काटते हैं. शाम हो चली है. बाहर बगीचे में नैनी पत्ते उठा रही है और पानी डाल रही है. आज पहली बार दोपहर पूरा एक घंटा चेहरे, गर्दन व बाँहों की मालिश करवाई, हल्कापन लग रहा है. आज एक सखी का जन्मदिन है, पर वह अस्वस्थता के कारण नहीं मना रही है. एक अन्य सखी का फोन आया, उसकी बड़ी बिटिया घर से दूर रहने की कारण उदास हो जाती है, ऐसा वह कह रही थी. नन्हे ने कभी उदासी को फोन पर नहीं बताया पर जिस दिन वह घर से जाता है उदासी झलक ही जाती है. एक तीसरी सखी से भी बात की उसे अस्वस्थ सखी से सहानुभूति है, वह उसकी परेशानी तो समझती है पर हल नहीं जानती. नूना भी हल जानती है ऐसा नहीं कह सकती पर परिवर्तन के लिए सुझाव तो दे ही सकती है. विश्वास, प्रेम और आपसी सौहार्द के लिए कुछ बता सकती है पर मुश्किल तो यही है कि कोई स्वयं को बदलना नहीं चाहता. सब चाहते हैं दूसरे बदलें. पर साधक केवल खुद पर ही नजर रखता है, वह एक पर ही दृष्टि रखता है !  

उसने आज एक छोटा सा विवरण लिखा, इस बार यात्रा में जो अनुभव हुआ वह भुलाया नहीं जा सकता. शीर्षक दिया - “ट्रेन में बारह घंटे” कोई कहेगा यह भी कोई शीर्षक हुआ, ट्रेन की लम्बी यात्रा में तो कितने ही लोग कितने ही घंटे हर दिन बिताते हैं, बिता रहे होंगे, बिताते रहेंगे, पर वह जिन बारह घंटों की बात कर रही है वे ऐसे थे जहाँ उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि वे हंसें या रोयें. खुश हों या नाराज ? वे देश की सर्वोत्तम मानी जाने वाली ट्रेन राजधानी के प्रथम श्रेणी के वातानुकूलित कोच में यात्रा कर रहे थे. बनारस के शांत प्लेटफार्म से रात को समय से पूर्व आई ट्रेन में वे रात को दस बजे चढ़े तो मन में उम्मीद थी की अगली रात वे गोहाटी से आगे अपने घर डिब्रूगढ़ पहुंचने वाले होंगे. पर हुआ यह कि अगले दिन सुबह वे उठे तो अपनी चौड़ी बर्थ पर साफ झक्क श्वेत चादर पर ताजा-ताजा दिए अख़बार को बिछाकर भारतीय रेलवे की मेहमान-नवाजी का आनन्द उठा रहे थे कि नंदीग्राम की वजह से हुए पश्चिम बंगाल ‘बंद’ की खबर पर उनकी नजर पड़ी. उन्हें खबर पढ़ते समय यह ख्याल भी नहीं आया कि इस ‘बंद’ का असर उनकी यात्रा पर भी पड़ने वाला है. वे तो खरामा-खरामा नाश्ते का आनन्द ले रहे थे कि ट्रेन बिहार राज्य के कटिहार स्टेशन पर रुकी. जब आधा घंटा और फिर एक घंटा बीतने को हुआ और ट्रेन ने चलने का नाम भी नहीं लिया तो उन्हें लगा कि दाल में कुछ काला है. स्टेशन पर जाकर खबर सुनी कि ट्रेन अनिश्चितकाल के लिए यहीं रुकने वाली है, क्योंकि अगला स्टेशन बंगाल का जलपाईगुड़ी है जहाँ पिकेटिंग करने वाले आन्दोलन कर्ता धरना दिए बैठे हैं. ट्रेन के सूचना तन्त्र पर भी यही सचना प्रसारित हुई तब तो इसमें कोई संदेह नहीं रहा. सुबह के आठ बजे से रात्रि के आठ बजे जब ट्रेन दुबारा चली वे ट्रेन के उसी डिब्बे में बैठे रहे. समय बिताना यूँ तो मुश्किल नहीं था, उन्होंने प्लेटफार्म पर उतरकर ढेर सारी पत्रिकाएँ खरीदीं, खेलने के लिए कार्ड्स खरीदे, एमपी थ्री के लिए बैटरी खरीदी और खाने-पीने की तो कोई कमी थी नहीं. उन्होंने जूस पिया, कहानियाँ पढ़ीं, खाना खाया, सोये और सपने देखे, कॉफ़ी पी और सुडोकू हल किये. ट्रेन में ऐसे बिताये पूरे बारह घंटे. सहयात्रियों के साथ कार्ड्स खेलना शुरू किया तो उनके नन्हे बेटे को लगा कि उससे बढ़कर उसके माता-पिता की दुनिया में और कुछ कैसे हो सकता है, उसने पत्तों को उठाना शुरू किया, बड़ी मुश्किल से उन्होंने एकाध गेम खेला. और उसकी नन्ही हरकतों पर खूब हँसे. इस तरह एक ही स्थान पर रुके बिताया यह पूरा दिन उन्हें याद रह गया है.

आज सद्गुरु ने बताया कि उन्हें अपने आपसे चंद सवाल पूछने चाहिए- १. उन्हें खुश रहने के लिये क्या चाहिए ? २. उन्हें कितने वर्ष और जीना है ? ३. उन्हें मरना कैसे है ? उसके अनुसार पहले सवाल का जवाब है ‘कुछ नहीं’. दूसरे का- जब तक प्रारब्ध कर्म शेष हैं और तीसरे का है- हँसते-हँसते ! कल शाम उसने उस सखी को जो उससे नाराज हुई थी, आत्मा के बारे में बताया, पता नहीं उसने इस बात को कैसे लिया है ? अभी-अभी एक नन्ही छात्रा पढ़ने आई पर वह लिखना नहीं चाहती, उसके भीतर आक्रोश है, लेकिन उसे सिखाने का सामर्थ्य और धैर्य नूना के भीतर नहीं है, न लिखने पर उसे डांट दिया पर इसका भी कोई असर नहीं हुआ. उसके जाने के बाद मुरारी बापू की कथा सुनी, और कुछ नहीं किया, क्या यह समय को व्यर्थ करना है ? बस चुपचाप बैठे हुआ सत्संग सुनना उसका प्रिय कार्य है, यह आलस्य तो नहीं कहा जायेगा ? कौन निर्णय करेगा. यदि आवश्यक कार्य छोडकर वह ऐसा करे तब शायद यह अकर्मण्यता की श्रेणी में आ भी सकता है, लेकिन तब उससे श्रेष्ठ कार्य क्या होगा ? शरीर निर्वाह के लिए जितना जरूरी है, अपने आस-पास की स्वच्छता के लिए जो आवश्यक है, वह सब कार्य करके जो समय बचे उसे सत्संग में लगाने से बढ़कर क्या कुछ है ? रामायण दृष्टि के दोषों को निकालती है. अस्तित्त्व में न्याय है, यहाँ सुख है तो दुःख भी है. पर दृष्टि में परिवर्तन आ जाये तो दुःख भी सुख बन जाता है अथवा तो दोनों समान ही लगते हैं. जीवन में कोई जितना ऊपर चढ़ता है उतना ही नीचे भी जाना होता है, उन्हें इससे घबराना नहीं है, बल्कि साक्षी भाव से इस परिवर्तन को देखना है.
 


Tuesday, October 21, 2014

अमराई की छाँव



आज असम बंद है, आसू की मांग है कि भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल की जगह सेना की नियुक्ति की जाये. जून साइकिल से ऑफिस गये पर थोड़ी ही देर में वापस लौट आये. इस वक्त टीवी पर एक पुरानी फिल्म देख रहे हैं. सुबह-सुबह समाचारों में सुना कि डिब्रूगढ़ से बीजेपी के प्रत्याशी तथा कुछ अन्य राजनितिक कार्यकर्ताओं की उल्फा ने गोली मारकर हत्या कर दी है. वे लोग राज्य में शांति के पक्षधर नहीं लगते, चुनाव का बहिष्कार करने का कितना भयंकर मार्ग उन्होंने अपनाया है. नन्हा आज पहली बार एक आंटी से विज्ञान विषय पढने गया है, वह काफी उत्साहित है. आज लंच में वह दक्षिण भारतीय भोजन बना रही है. शाम के टिफिन के लिए जून तरबूज लाये हैं. इस समय नौ बजे हैं, धूप बहुत तेज है जैसे हजारों वाट के बल्ब लगा दिए गये हों. ऐसा ही ज्ञान का प्रकाश उनके दिलों में उदित हो ऐसी ईश्वर से उसकी प्रार्थना है.

धर्म को जीवन में उतारना होगा तभी क्रोध, मोह, अहंकार और लोभ से स्वयं को मुक्त किया जा सकता है. अपने कर्त्तव्य का पालन करते हुए सदा अपने आप में स्थित रहना होगा. जीवन की कहानी का पटाक्षेप हो जब वे एक मुट्ठी राख में बदल जायें इसके पूर्व ही स्वयं को जानना होगा. यदि पुकार भीतर से फूटी हो तो कभी खाली नहीं जाती. आज भी बंद के कारण नन्हे का स्कूल बंद है. मौसम कल की तरह है. जून भी एक बार वापस आकर दुबारा दफ्तर चले गये हैं. कल शाम दो मित्र परिवार आये, दिन भर बंद के कारण शाम को बाहर निकलना चाहते थे. उसने बाद में अनुभव किया वह भी दिन भर चुपचाप अपना काम करते रहने के कारण शाम को कुछ ज्यादा मुखर हो गयी थी. आज आकाश में बादल हैं. संगीताभ्यास की जगह नन्हे को आज नरोत्तमदास की एक कविता पढ़ाई. कुछ नया लिखा भी नहीं, उसके लिए भी एक खास मूड की जरूरत होती है जो नितांत एकांत चाहता है. कहीं से कोई व्यवधान न हो मन कल्पना तथा विचारों के धरातल पर विचरने के लिए मुक्त हो, तभी कुछ सृजन सम्भव है. कल रात छोटी बहन का फोन फिर आया, अब वह ठीक है. इतना तो स्पष्ट है कि वे उसकी समस्या को हल करने के विषय में कुछ भी नहीं कर सकते. हर कोई अपना जीवन जीने के लिए स्वतंत्र है और इस बात के लिए भी कि कोई अन्य उस उस पर कितना और किस तरह का प्रभाव डाल रहा है.

‘बड़ा होने की दौड़ में ही लोग अपने जीवन में द्वंद्व पैदा करते हैं. भौतिक उपलब्धियों को अपनी उपलब्धि मानकर उसके सहारे बड़ा होने का प्रयास कितना बचकाना है. मनों के बीच दीवारें तब खिंचती चली जाती हैं जब सभी स्वयं को एक दूसरे से आगे दिखाना चाहते हैं.’ आज जागरण में उपरोक्त विचार सुने. नन्हा अंततः आज स्कूल जा सका. मौसम कल की अपेक्षा ठंडा है. कल शाम माली ने नींबू का एक पेड़ बगीचे में लगाया. जीनिया की पौध भी लगा दी है. कल पेड़ से गिरी अम्बियाँ भी लायी, छोटी-छोटी अम्बियाँ देखकर बचपन के दिनों की याद हो आयी. अल्फ़ा की हिंसा का शिकार कुछ और लोग भी हुए हैं, उन लोगों के घरों में भी शोक का माहौल होगा. मृत्यु किस रूप में और कब मिलेगी कोई नहीं जानता पर असम के राजनीतिज्ञों को चुनाव से पहले बंदूक की गोली से मिलेगी इतना तो कोई भी कह सकता है.



Monday, October 20, 2014

एंथोनी रॉबिन्स की किताब


आज उसने सुना, “मन को बहते हुए पानी सा होना चाहिए, जिसमें निरंतरता हो, सत्य हो, अगर मन रुके हुए पानी सा निष्क्रिय हो जाये तो ऊर्जा चुक जाएगी. जहाँ से तन, मन तथा बुद्धि को सत्ता मिलती है, उस परमेश्वर का स्मरण सदा बना रहे, कर्मों में योगबल बना रहे. कर्म बंधन स्वरूप न हों.” सुबह उठी तो कुछ देर के लिए मन दुखाकार वृत्ति से एकाकार हो गया था पर शीघ्र ही सचेत हो गयी. ईश्वर उसके साथ है. आज भी प्रकाशक महोदय से बात हुई, उन्होंने कविताएँ पढ़ीं, सराहा भी, कुछ नये शीर्षक भी उन्होंने सुझाये, जिनमें से चुनकर दो भेजने हैं. आज भी वर्षा की झड़ी लगी हुई है, रात भर बरसने के बाद भी वर्षा थमी नहीं है. कल दोपहर उनके बाएं तरफ के पड़ोसी के यहाँ एक बीहू नृत्य और गायन मंडली आ गयी थी. शोर बहुत था, बिजली भी नहीं थी, वह कुछ पंक्तियाँ ही लिख पायी. आज से दूसरी किताब के लिए कविताएँ टाइप करने का कार्य आरम्भ करना है. एक सखी के लिए विवाह की वर्षगाँठ का कार्ड बनाना है तथा एक कविता भी उसके लिए लिखनी है. आज नन्हे की सोशल की परीक्षा है जो अंतिम है. हिंदी में वह पेपर समय पर पूरा नहीं कर पाया, उसे इन छुट्टियों में हिंदी तथा गणित नियमित पढ़ाना होगा.

कर्म अपने अहम का पोषण न करे, किसी को दुःख देने वाला न हो तो मुक्ति का कारण हो जाता है अथवा कर्म बंधन में डालने वाला होगा. मनसा, वाचा, कर्मणा जो भी हो अंतरात्मा की प्रसन्नता के लिए हो न कि अहम् को संतुष्ट करने के लिए. जीवन उस महान सूत्रधार का प्रतिबिम्ब हो, जीवन से उसका परिचय मिले, जीवन उसका प्रतिबिम्ब हो. ऐसा करने के लिए मन को संयमित करना होगा. कल शाम को Anthony Robinson की पुस्तक में भी इसी प्रकार के विचार पढ़े. यह सब आचरण में उतरे तो यात्रा पूरी हो सकती है. कलाकार का दिल पाया है तो उसकी कीमत भी चुकानी होगी. अपनी संवेदना को तीव्रतर करना होगा और भावनाओं को पुष्ट. चिन्तन करते हुए दर्शन भी तलाशना होगा और यही अध्यात्म के मार्ग पर ले जायेगा, जो भीतर से उपजेगा वही सार्थक होगा और सुंदर भी, वही शाश्वत भी होगा.

‘बीज बोते हुए सजग रहें तो फल अपने आप सही आयेगा, कर्म  करते समय सजग रहें तो उसका फल अपने आप ही सही आएगा. नीम का बीज लगाकर कोई आम की आशा करे तो मूर्ख ही कहायेगा, ऐसे ही कर्म यदि स्वार्थ हेतु, क्रोध भाव से किया गया हो तो परिणाम दुखद ही होगा.’ आज बहुत दिनों बाद उसने गोयनका जी का प्रवचन सुना. आज नन्हे का स्कूल ‘तिनसुकिया बंद’ के कारण बंद है. तिनसुकिया में सोनिया गाँधी चुनावी दौरे पर आ रही हैं. सुबह-सुबह समाचारों में सुना काश्मीर में हिंसा बढ़ गयी है तथा असम में उल्फा ने नेताओं व कार्यकर्ताओं पर आक्रमण तेज कर दिए हैं. इस बेमकसद हिंसा से किसी का भी लाभ होने वाला नहीं है. श्रीलंका में सैकड़ों सैनिक अपनी जान दे रहे हैं, अंतहीन लड़ाई जो जमीन के एक टुकड़े के लिए अपने ही देश के लोगों से लड़ी जा रही है. कल शाम ‘बंदिनी’ फिल्म देखी. नूतन का अभिनय प्रभावशाली था. वह उसे सदा से अच्छी लगती आयी है. आजकल उसका हृदय अलौकिक आनन्द से ओतप्रोत रहता है, उस ईश्वर की स्मृति बनी रहती है. जिसका स्मरण ही इतना शांतिदायक है उसका साक्षात दर्शन या अनुभव कितना मोहक होगा. लेकिन उस स्थिति को पाने के लिए अभी हृदय को विकारों से पूर्णतया मुक्त करना होगा, शुद्ध, निष्पाप, पवित्र हृदय ही उसका अधिकारी है !


आज सुबह छोटी बहन से बात की वह फिर कुछ परेशान थी, निकट के व्यक्ति को समझ पाना या समझा पाना भी कभी-कभी कितना कठिन हो जाता है. उसने प्रार्थना की, ईश्वर उनके हृदयों में प्रेम उत्पन्न करे. मानव तो निमित्त मात्र हैं, रक्षक तो वही है. वही उसे व उसके परिवार को बुद्धियोग देगा. कल शाम उसने बैक डोर पड़ोसिन को पौधों के लिए फोन किया, वह घर पर नहीं थी पर उसका संदेश उस तक पहुंच गया होगा क्योंकि अभी कुछ देर पूर्व ही उसने माली की बेटी से कुछ पौधे भिजवाये हैं, कैसे न कहे कि वह उसकी सुनता है ! आठ बजने को हैं अभी तक स्नान-ध्यान शेष है. सन्त वाणी में इतना रस आता है कि टीवी के सामने से हटने का मन नहीं होता. मन उद्दात विचारों से भर जाता है, ईश्वर के निकट पहुंच जाता है. नन्हे को कल कई बातें बतायीं, वह सुनता तो  है पर महत्व नहीं समझता. वह भी उसकी उम्र में ऐसी रही होगी. पर ईश्वर तब भी उसके साथ था.   

Tuesday, February 18, 2014

राजस्थानी रजाई


आज उसके लिए एक अहम् दिन है. लेडीज क्लब की प्रेसिडेंट और सभी मेम्बर्स शाम को उनके यहाँ मीटिंग के लिए आने वाले हैं. planning तो की है पर सब कुछ ठीक-ठाक रहेगा थोड़ा शक है. पहली बार इस तरह का अनुभव होगा. जीवन के अनेक अनुभवों में से एक ! कम्पनी के मुख्य अधिकारी की पत्नी भी जो मृदुभाषिणी हैं, आएँगी. आज सुबह के कार्यों में से न तो व्यायाम किया ( जो दिन भर व्यस्त रहने में अपने आप ही होने वाला है) न ध्यान, और ध्यान टिकता भी कैसे, हर वक्त तो मन को यह करना है, वह करना है के सिगनल सुनाई पड़ते, हर वक्त इधर-उधर के कार्यों की इतनी फ़िक्र लगी रहती है, स्थिर मन हो ईश्वर का स्मरण करने का सुअवसर कभी हाथ नहीं आता. दीदी के खत में लिखा है कि इस जन्म में तो ईश्वर सान्निध्य मिलना दुर्लभ है, कुछ कर लें. न करें तो अधूरापन, यह भावना स्थिर होकर बैठने नहीं देती, राजयोग और कर्मयोग में तो कर्मों के द्वारा भी ईश्वर प्राप्ति का मार्ग सुझाया गया है. वे क्षत्रिय वंश के हैं फिर ब्राह्मणों की तरह घंटों ध्यान में नहीं बैठ सकते, लेकिन हर छोटे-बड़े संकट में ईश्वर का स्मरण झट हो आता है, लगता है वह कहीं आस-पास ही है, उसके स्नेह भरे हाथ का स्पर्श, उसके स्नेह की गर्माहट महसूस होती है, लगता है दुनिया का कोई भी संकट आ जाये सह लेंगे क्यों कि ईश्वर उनका रक्षक साथ है.

आज बंद है, अल्फ़ा ने राज्य बंद घोषित किया था जो पूरी तरह सफल रहा. सुबह से एक भी गाड़ी जाती हुई नहीं दिखी. कल रात नींद गहरी नहीं थी, दिन भर की थकावट, फिर शाम का कार्यक्रम, जो कमी रह गयी थी वह याद आ रही थी, जो तारीफ मिली वह नहीं. खैर, समय के साथ इस मीटिंग की सुखद स्मृतियाँ ही साथ रह जाएँगी. कल उसकी पड़ोसिन ने सहायता की अच्छा लगा, उसने अपनी छात्रा को भी गाजर का हलवा और सैंडविच खिलाये, उसने तारीफ की उसी पर विश्वास हुआ. दोपहर को कुशन कवर सिले. सेक्रेटरी ने हसबैंड नाइट के लिए सभी एरिया coordinators को फोन करने कहा है, कम से कम एक घंटा लगेगा. क्लब के इस काम में कम से कम फोन से बात करने में तो एक्सपर्ट हो जाएगी. आज धूप मद्धिम सी है, उत्तर भारत का कोहरा यहाँ तक आ गया है. नन्हा मित्रों के साथ खेल रहा है और जून उस पेपर को पढ़ रहे हैं जिसे उन्हें फरवरी में present करना है. डिपार्टमेंट में उनका प्रेजेंटेशन संतोष जनक नहीं रहा था पर पहले इस तरह तैयारी भी नहीं की थी, उसने तो स्वयं को जिन्दगी के मैदान में loser मान ही लिया है पर नन्हे और जून को ऐसा नहीं करने देगी.

जून आज गोहाटी गये हैं, नाईट सुपर की ठंड से बचने के लिए राजस्थानी रजाई ले गये हैं. शाम को उन्हें पडोस से आई मूली के परांठे बना कर दिए, बहुत कोमल मूली थी. आज सुबह भी कोहरा काफी था और आज वे सारे काम भी हो गये जिनके लिये सिविल डिपार्टमेंट में कहा था, स्टोर में कोट हैंगर लगाना, झूले और सिस्टर्न पर पेंट का काम. एक मित्र के यहाँ से फोल्डिंग कॉट भी आ गयी. आज हिंदी कोर्स की पहली पुस्तक पढनी शुरू की है, पहले कोर्स में कुल बीस इकाई हैं, बहुत विस्तृत कोर्स है.

आज इतवार है, दिन भर व्यस्तता में गुजरा. इस समय रात्रि के दस बजने वाले हैं, जून के फोन दिन में तीन बार आए पर अभी तक माँ-पिता के गोहाटी आने की खबर नहीं मिली. राजधानी का इंजन बोगाई गाँव के पास खराब हो गया था. कल सुबह उठते ही जून का फोन आएगा, कल शाम को वे सब आ भी जायेंगे, सचमुच उन्हें कष्ट तो हुआ है, यात्रा कभी-कभी ही आरामदेह होती है.

 


Friday, December 27, 2013

रहीम के दोहे


कल शाम को उसे एक फोन कॉल आया, उसे क्लब की अगली कमेटी में जॉइंट सेक्रेटरी का पद  भार सम्भालना है. ख़ुशी हुई, उसने सेक्रेटरी को धन्यवाद दिया जिसने उसका नाम सुझाया था. उसे बाद में लगा वह ठीक से अपनी बात कह भी पाई या नहीं पर अगले ही पल मन ने कहा, भावना देखी जाती है शब्द नहीं. उसे एक और बात याद आई, God gives in the evening if takes in the morning. उसने सोचा वह पूरी निष्ठा से उस काम को करेगी जो उसे सौंपा जायेगा. तीन वर्ष पूर्व वह इस क्लब की सदस्या बनी थी.

आज आसू ने असम बंद की घोषणा की है. नन्हा और जून घर पर हैं. आज धूप बहुत तेज है और गर्मी भी उतनी ही ज्यादा. कल शाम कक्षा चार के एक बच्चे की हिंदी ट्यूशन के लिए एक फोन आया पर जून के अनुसार उसे छोटी कक्षाओं को नहीं पढ़ाना चाहिए, छोटे बच्चों को सम्भालना व पढ़ाना ज्यादा कठिन है बनिस्बत बड़े बच्चों को. उसकी छात्रा जैसी किसी गम्भीर बालिका को पढ़ाना सरल है. कल घर से फोन पर एक उल्लास भरा समाचार आया अक्तूबर में वे सब यहाँ आएंगे.

आज फिर असम बंद है, गर्मी आज हद से ज्यादा है, वे तीनों एसी कमरों में बैठे हैं और ठंडक का आनन्द ले रहे हैं. नन्हा पढ़ रहा है, जून गाँधी जी की एक किताब जो स्वास्थ्य से सम्बन्धित है, पढ़ रहे हैं, उसने कुछ देर क्रोशिए से काम किया और अब लिखना शुरू किया है. Few minutes ago she was hearing news on TV and was not able to concentrate wandering mind for two consecutive news items. Mind always wanders here and there, it demands attention for every second otherwise it slips away like sand through the palms. Today they vacuumed clean their house, took lunch at 11.30 rested for a while and since then doing all above said work. Life at present is sailing smoothly in cool breeze coming from their new AC in Nanhs’s room. Yesterday by mistake she wrote down on next  page and adjoin g empty page was attracting her to pen some thing new and refreshing like Dohas of Rahim, she read some time before.

जीवन एक पहेली है जो बूझे सो ज्ञानी
सपनों सा संसार है आँख खुले तो फानी

हवा, धूप, माटी, गगन और अनल की मूरत
अंतर में जो झांक ले दिखे उसी की सूरत

चिंता, लालच, डाह, प्रमाद, मन के ये व्यापार
तज कर उस की शरण ले उतरे सागर पार

बीता जो वह न रहा भावी से अनजान
जो पल अपने सामने उसकी कीमत जान

यह जग एक सराय है पक्का नहीं मुकाम
आना-जाना अटल है रहने का नहीं काम

सूरज, धरती से मिला अनगिन कर फैलाये
वसुधा कातर प्रेम से फूल अश्रु बरसाए

After so many days clouds have shown their grace and it rained in the morning. At this moment weather is cool, garden is green after a shower. She got up early, perhaps 6 and ½ hours  sleep was not enough, eyes are yearning/paining to be closed but there are so many works and miles to go before she sleeps. Today she has to go music class also. Nanha went to school in a crowded bus today could not get seat also. After two days of ‘BAND all buses have not come today.
  



Thursday, August 22, 2013

नाटक की रिहर्सल



दस बजे हैं, वर्षा है कि रुकने का नाम ही नहीं ले रही. आज सुबह समाचारों में सुना, आन्ध्र प्रदेश में लू से कुछ लोग मर गये, यहाँ उन्हें स्वेटर निकलने पड़ रहे हैं. दिल्ली में ओले पड़ते रहे पूरे बीस मिनट तक, सडक पर snow fall जैसा  दृश्य बन गया था प्रकृति के विभिन्न रूप एक साथ देखने को मिलते हैं भारत में. आज वह  लिखने में ध्यान केन्द्रित नहीं कर पा रही है, नन्हा भी यहीं है और एक के बाद एक सवाल पूछे जा रहा है, आलू इतने छोटे क्यों हैं ? इससे भी छोटे मिलते हैं ? कल शाम उसी परिचिता से बात हुई, वह दोपहर को तीन-चार बच्चों को लेकर आयेगी skit की प्रैक्टिस के लिए. केंद्र में बीजेपी के नेता अटल बिहारी वाजपेयी को राष्ट्रपति ने सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है, सारे देश के लोगों की जो एक इच्छा थी कि एक बार बीजेपी को मौका मिलना ही चाहिए, पूरी हो गयी. असम विधान सभा में एजीपी की सरकार बनेगी, कहीं फिर से वह आतंक तारी न हो जाये जो ४-५ वर्ष पहले यहाँ छाया हुआ था.

आज सुबह वर्षा बहुत तेज हो रही थी जब बच्चे पढ़ने आये, children meet के कारण सुबह आते हैं आजकल, कल रात देर तक वह एक सवाल हल करती रही थी उनके लिये, पर उन्होंने वह स्वयं ही हल कर लिया था. नन्हा कम्प्यूटर क्लास से आकर खुश था, he is really enjoying this class. इस समय दोनों पिता-पुत्र क्लब गये हैं, वह बगीचे में काम कर रही थी. नैनी और उसके दो बच्चे भी उसके साथ बगीचे की सफाई कर रहे थे. बच्चे अपने घर की, घर में लगे आम, बेर के पेड़ों की, पिता की, नानी की बातें कर रहे थे, उन्हें सुनकर यही लगता है, उनका पहले का जीवन अच्छा बीता है, अब भी खुश रहते हैं ये लोग, कभी-कभी माँ परेशान रहती है जो स्वाभाविक है, पति ने दूसरी शादी कर ली है और वह तीन बच्चों को लेकर घर छोड़ आयी है. रोज सुबह ‘जागरण’ सुनने-देखने के बाद भी कभी-कभी वह भी अपने मन पर नियन्त्रण नहीं कर पाती है और न जाने क्या–क्या सोचने लगती है. गोयनका जी ठीक ही कहते हैं, यह मन अंदर से बड़ा बेचैन है, बड़ा अशांत है, कैसी-कैसी गांठें पड़ी हैं, कभी राग कभी द्वेष, कभी कामना के बंधन में जकड़ा न स्वयं सुखी होता है न दूसरों को सुखी करता है. यदि कोई प्रतिक्षण इस पर नजर न रखे तो मौका मिलते ही यह कहीं से कहीं भाग जाता है, मरकट राज की तरह इस डाल से उस डाल उछलता रहता है, कभी चोट खाता है तो कभी कोई मीठा फल मिल गया तो उछल पड़ता है. यह मन बड़ा ही चंचल है पर इसे बस में तो रखना ही होगा. अध्यात्म मार्ग पर चलने वाले को तो इसे साधना ही होगा.

मौसम आज भी वही है बादलों भरा. नन्हा कम्प्यूटर क्लास गया है, जून फील्ड गये हैं. उनके नाटक की रिहर्सल ठीक चल रही है पर अभी समूह गान के बारे में कुछ भी निश्चित नहीं है. बच्चों में भी उत्साह की कमी नहीं है. सुबह-सवेरे ‘जागरण’ में इतनी अच्छी बातें सुनीं कि उसका मन अभी तक उनमें डूबा हुआ है. बाहरी कर्मकांड को त्याग कर आन्तरिक प्रवृत्तियों की तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है. मन जो सदा किसी न किसी जोड़-तोड़ में लगा रहता है उसको  स्थिर करने की, शांत चित्त होने की प्रक्रिया ही धर्म है. धर्म को आचरण में लाने का सबसे अच्छा उपाय है कि अपने मन पर नजर रखी जाये, सद्विचार हों, धार्मिकता स्वयंमेव आ जाएगी.

कल बंद था, उल्फा ने बंद कॉल किया था और इसीलिए बंद पूरी तरह सफल था. वे लोग अलबत्ता साइकिलों से घर से निकले, पर जिस कार्य के लिए गये वह  सफल नहीं हो पाया, अभी तक तो ऐसा लग रहा है जिस गाने का अभ्यास बच्चे कर रहे थे, वह शायद नहीं हो पायेगा. सुबह से शायद इसी कारण या मौसम के कारण वह कुछ झुंझला रही है पर उसी क्षण गोयनका जी के शब्द याद आ जाते हैं और मन को समझा लेती है. जून की फरमाइश पर साम्भर व नारियल चटनी बनाई है, इडली अभी बनानी है. दोपहर को एक जगह फिर रिहर्सल के लिए जाना है, कल की तरह सारी शाम भी उसी में जाएगी. उसने सोचा, अगले वर्ष से कम से कम वह तो इस रिहर्सल आदि से दूर ही रहेगी. इस हफ्ते खतों के जवाब भी नहीं दे सकी, और भी कई  काम इन पिछले दिनों नहीं हो पाए, और तो और इस वक्त भी मन में उन्हीं बातों की पुनरावृत्ति हो रही है, जो सुबह  से इस कार्यक्रम के सिलसिले में फोन पर की हैं. मन के आगे चारा है और जुगाली किये जा रहा है. परसों से कार्यक्रम शुरू हैं यह एक अच्छी बात है. इतवार को अंतिम दिन होगा, उस रात वे किसी नये सफर की कहानी सोचकर सोयेंगे. नन्हे का गृहकार्य जो बीच में ही रुक गया है शुरू हो जायेगा और शामों को उनका टीटी खेलना भी, लाइब्रेरी से किताबें बदलना और घर आकर एक साथ बैठकर कोई बोर्ड गेम खेलना भी. कितनी जल्दी इन्सान एक चीज से बोर हो जाता है. 










Wednesday, July 18, 2012

बिल्ली के भाग से दही लगा



कल रात हुई वर्षा के कारण सुबह शीतल है और सुखद है पौधौं के पास बैठना, सभी कुछ धुला-धुला सा लगता है. पक्षियों का कलरव वातावरण में चेतना भर रहा है. कल रात लगभग साढ़े नौ बजे एक घोषणा हुई थी, पिछले तीन दिन से पहले बंद फिर घेराव के कारण कितनी हानि और कष्ट होता रहा है लोगों को, अवश्य ही उसी सिलसिले में यह घोषणा हुई होगी. सोनू और जून अभी सोये हैं, नन्हें ने आज सुबह ही सुबह बिस्तर गीला कर दिया है, जून का गला पिछले तीन-चार दिनों से खराब है, नाक भी बंद है, पर वह इलाज नहीं कराते. कल शायद घर से पत्र आये और उनके आने की खबर मिले. तभी उसे लगा कि इन सामान्य बातों के अलावा कुछ लिखना चाहे तो कितना प्रयास करना पड़ेगा. उसका दायरा भी तो कितना सीमित हो गया है. जब नए अनुभव नहीं होंगे तो नए विचार कहाँ से आएँगे. पर इतनी पत्रिकाएँ पढ़ती है उसका कुछ तो असर होना चाहिए था. पड़ोस के घर में जिस बिल्ली ने तीन बच्चे दिए थे, कल रात वह दही जूठा कर गयी है जबकि कल ही उन्होंने दूध न पीकर अधिक दही लगाया था. वह कहते हैं न बिल्ली के भाग से छींका फूटा.

अभी सुबह के पांच भी नही बजे हैं और वातावरण में इतनी गर्मी है. रात भर ही रहती आयी है. आकाश पर थोड़े से बादल हैं भी तो छितराए हुए, हवा का नाम नहीं. कल भाई का पत्र आया माँ पापा जुलाई में आ रहे हैं. नन्हें के जन्मदिन से एक दिन पहले. कल जून तिनसुकिया गए थे, उनके जूतों ने बिल्कुल ही जवाब दे दिया है. सामने वाले घर की उड़िया वासिनी घूमने के लिये निकली है, व्यायाम का यह भी एक तरीका है. आज भी दोनों बाप-बेटे सोये हैं. कल शाम वह अपनी बंगाली मित्र के घर गयी वह एक किताब पढ़ रही है ‘exodus’ बाद में वह भी पढ़ेगी. अभी तो जाकर अमिताभ बच्चन का इंटरव्यू पढ़ेगी जो ‘धर्मयुग’ में छपा है. पर इसके पहले व्यायाम.

तेज धूप निकली है आज, इतनी कि धूप में चावल बना लो चाहे तो चाय बना लो. रात को स्वप्न में उसने पापा, मम्मी व छोटी बहन को देखा. वह स्वयं बी.एड. की पढ़ाई के लिये हॉस्टल जा रही है. उसने सोचा जब नन्हा बड़ा हो जायेगा तभी आगे की पढ़ाई के बारे में सोच सकती है.


Saturday, July 14, 2012

छोटी छोटी बातें



मार्च महीने का आरम्भ हो चुका है. कल इतवार था, उन्होंने कुछ वक्त घर की सफाई में लगाया, कुछ टीवी देखने में और कुछ घूमने में. उनकी प्रिय सड़क जिस पर अमलतास के कई पेड़ हैं, नन्हें के और भी फोटो उतारे. अब रील खत्म हो गयी है, इसी माह बन कर भी आ जायेगी शायद. लंच में वेज पुलाव बनाया और रायता. अभी सुबह ही है, सोनू के लिये अभी दिन नहीं हुआ है, शांत घर में रसोईघर से बूंद-बूंद पानी टपकने की आवाज आ रही है. आज जून को घर से समाचार अवश्य मिलेगा, कितना प्रसन्न होगा वह, और नूना भी उसे प्रसन्न देखकर.
कल रात ही उन्होंने लाउडस्पीकर पर घोषणा सुनी थी पर भाषा समझ में न आने के कारण समझ नहीं पाए थे. सुबह मालूम हुआ कि सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक ‘बंद’ है, यानि दफ्तर, बाजार सब बंद. दोपहर के बारह बजे हैं, दोनों सोये हैं, उसे भूख लगी है पर जून के उठने पर ही वे भोजन करेंगे, जो वह अभी बनाने वाली है. आज सुबह से ही तेज हवा चल रही है बाहर.

आखिर चिर प्रतीक्षित पत्र व तार दोनों मिल गए, जून कितना खुश रहता है अब पहले की तरह. कल रात वे बहुत हँसे यूहीं छोटी-छोटी बातों पर, उसके जीवन में कितना रस घुल गया है उसके साथ से, कितना ख्याल रखता है वह उसका और नन्हें का. कल उन्होंने सभी आये हुए खतों के जवाब दे दिए. उसकी एक सखी उसके भाई के शहर जा रही है, उसने उससे कहा है कि वह भैया-भाभी से मिलने जाये वह एक पत्र व छोटा सा उपहार भेजेगी उनके लिये. महीना शुरू हुए चार दिन हो गए हैं पर अभी तक इस माह की तनख्वाह नहीं मिली है, सो दूधवाले, महरी किसी को भी पैसे नहीं दिए हैं.  हिंदी पत्रिका ‘वामा’ में एक प्रश्नावली है लिखना छोड़ वह उसी को पढ़ने व उत्तर देने लगी.