Monday, October 26, 2026

विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर

 

विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर 


लाइफ डिवाइन के विषय में आज उसने डाक्टर आलोक पांडे को सुना।जो एक मनोचिकित्सक हैं और श्री अरविंद आश्रम और श्री अरविंद इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंट्रिगल हेल्थ एंड रिसर्च से जुड़े एक आध्यात्मिक विचारक और लेखक हैं। इंट्रीग्रल योग पर उनके व्याख्यान बहुत अच्छे होते हैं। एक बार नन्हा उनकी दो किताबें भी लाया था। उसके बाद गुरुजी का एक वीडियो देखा, जहाँ वह वास्तविक और आभासी दुनिया में अंतर बता रहे थे। उन्होंने कहा, मन में जो भी विचार यूँ ही चलते रहते हैं, उनका कोई आधार नहीं है, वे कल्पना मात्र ही हैं, उन्हें देखने वाली चेतना ही वास्तविक है। बाद में गुरुजी ने यह भी कहा, कि एक साधक को यह सोचने के स्थान पर, कि मेरा क्या होगा? यह कहना होगा कि मैं आपके लिए क्या कर सकता हूँ? वास्तव में साधक वही है, जिसे इस लोक और उस लोक की किसी भी वस्तु के लिए आकर्षण नहीं रह गया है। 

आज शाम भी वे झील तक गये, एक घंटे के भ्रमण के बाद घर आकर गुनगुने पानी में काला नमक व नींबू का रस मिलाकर पीया। आयुर्वेद के अनुसार यह अच्छा नुस्ख़ा है। रात्रि भोजन में फलाहार लेना है, सप्ताह में एक समय ऐसा करना भी उत्तम है। कल शाम वे नन्हे के यहाँ जाएँगे, परसों सुबह इरोड जाना है, नन्हे के एक मित्र के गृह प्रवेश में सम्मिलित होने के लिए। एक नया स्थान देखने को मिलेगा और एक नया रास्ता भी। उस दिन वायनाड से आते समय फूलों के खेत देखे थे, शायद इस इस मार्ग में भी हों। कल रात को जो स्वप्न देखे, उसमें दोपहर को देखी फ़िल्म भी एक वजह हो सकती है। नींद में और स्वप्नों में चेतन मन सजग नहीं रहता, जैसे किसी सम्मोहन के अन्तर्गत वहाँ घटनाएँ होती हैं। समाचारों में सुना, चंद्रयान-३ के लैंडर और रोवर अलग हो गये हैं। 

कल व परसों नूना ने डायरी नहीं खोली। परसों शाम सवा छह बजे वे नन्हे के घर पहुँचे और कल सुबह सूर्योदय से पूर्व ही हेगेनेक्कल के लिए रवाना हुए। नन्हा गाड़ी बहुत तेज चलाता है। दोपहर तक वे उसके मित्र के घर पहुँच गये थे। मार्ग में कावेरी नदी के तट पर कुछ देर के लिए रुके। वहाँ ‘अंबुज’ नामक एक वृक्ष था, जिस पर लाल फूलों की मंजरियाँ लगी थीं। तितलियों के कई झुंड उन पर मंडरा रहे थे। सबने कुछ तस्वीरें उतारीं, वीडियो भी बनाये। नन्हे ने ड्रोन से पूरी झील के चित्र लिए।मार्ग में तमिलनाडु के कई गाँव देखे, जिन्हें देखकर ऐसा लगा कि यहाँ कर्नाटक से कम विकास हुआ है ।नन्हे के मित्र के यहाँ उसकी माँ से भेंट हुई, उसकी बहन-जीजाजी व उनके दोनों बच्चों से भी। उसकी पत्नी ने कुछ दिन पहले ही बेटे को जन्म दिया है, इसलिए वह गृह प्रवेश के उत्सव में नहीं आयी थी, जबकि उसके पिताजी उपस्थित थे। उन्होंने बताया वह हल्दी और गन्ने की खेती करते हैं। गुड़  बनाकर बाहर भी भेजते हैं। घर से बाहर बीती दोनों रात्रियों को विचित्र स्वप्न देखे। पहले स्वप्न में उड़ते हुए बहुत से काले कौवे देखे, जिन्हें तीरों की तरह निर्देशित किया गया था।दूसरी रात्रि के स्वप्न में एक बस में से कुछ लड़कियों को उतरते हुए देखा। एक छोटी सी लड़की सफ़ेद साड़ी पहने थी, पर उसकी आँखों पर बल्कि पूरे चेहरे पर ही सफ़ेद पट्टियाँ बंधी थीं, लेकिन वह अपने आप ही चल रही थी, वह देख पा रही थी।कल रात्रि लगभग आठ बजे वे इरोड से वापस आये। नन्हे ने भोजन का प्रबंध रास्ते से ही कर दिया था, वे घर पहुँचे तो भोजन आ चुका था। आज सांध्य भ्रमण के लिए वे निकट की एक झील पर टहलने गये। 

आज शाम से पूर्व वे सोसाइटी में स्थित अमरूद के एक बगीचे से ढेर सारे अमरूद ख़रीद कर लाए, उनकी बहू ने तोड़ कर दिये।उनके पेड़ों पर अमरूद पककर नीचे गिर रहे हैं। शाम को एक मित्र परिवार आया तो उन्हें खिलाए, काटने पर लाल निकले और बहुत मीठे थे। दोपहर को छोटे भाई और उसके एक मित्र के लिए कविताएँ लिखीं। उसके मित्र भी इस बार सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वर्षों पूर्व दोनों पहली बार एक क़स्बे के बैंक में मिले थे। कुछ वर्ष साथ काम किया पर मित्रता की मशाल पूरे कार्यकाल में जलती रही।

आज भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है, भारत के इसरो का चंद्रयान-३ चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुँच गया है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने इस उपलब्धि को मानवता के लिए उपयोगी बताया है। मोदी जी का संदेश अनोखा था, अमृत काल में धरती पर लिया संकल्प आकाश में साकार किया। भारत अब विश्व के उन चार देशों में सम्मिलित हो गया है, जिन्होंने चाँद पर कदम रखा है।२६ किलो के प्रज्ञान रोवर को मिलाकर १७५२ किलोग्राम के विक्रम लैण्डर ने चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित और सॉफ्ट लैंडिंग कर ली है। प्रज्ञान छह पहियों वाला एक रोबोटिक वाहन है, जो चंद्रमा की सतह पर घूमते हुए वहाँ के तत्त्वों का अध्ययन करेगा।आज दिन भर लोगों ने बहुत पूजाएँ कीं और मन्नतें भी माँगी जा रही थीं। भारत की जी-२० अध्यक्षता के अन्तर्गत आज सांस्कृतिक कार्य समूह की अंतिम और चौथी बैठक वाराणसी में आरम्भ हुई। जिसके परिणाम दस्तावेज को ‘काशी संस्कृति मार्ग’ नाम दिया गया। इसमें सांस्कृतिक संपदा की तस्करी रोकने, जीवित विरासतों को सहेजने और डिजिटल तकनीकों का उपयोग करने पर वैश्विक सहमति बनी। भारत के युवा शतरंज खिलाड़ी प्रज्ञानंद, जिन्हें बहुत कम उम्र में ग्रैंडमास्टर की उपाधि मिल गयी थी, शतरंज के विश्व कप के फ़ाइनल में पहुँच गये हैं। उनका मुक़ाबला मैग्नस कार्लसन से होने वाला है। 

आज सुबह भी जून ने धोने के लिए पर्दे मशीन में डाले थे। छह दिनों में घर के सारे पर्दे धुल कर लग गये हैं। हिमाचल प्रदेश में फिर से वर्षा होने लगी है। पिछले हफ़्ते ही वहाँ भूस्खलन हुआ था और कई लोगों की जान सीजली गयी थी। अभी भी औरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। इस वर्ष वहाँ लोगों को वर्षा का भारी क़हर झेलना पड़ रहा है, कई पुल बह गये, बिजली-पानी की आपूर्ति में बढ़ा पड़ी और कई स्कूल-कॉलेज भी बंद करने पड़े हैं।   आज एक सखी का फ़ोन आया, दिसंबर में बिटिया की शादी की खबर देते हुए वह बहुत खुश लग रही थीं। कहने लगीं, पुत्र को बहन की विदाई का दुख अभी से होने लगा है। नूना की चंद्रयान पर लिखी कविता फ़ेसबुक पर कुछ लोगों ने पढ़ी है। एओएल के अनुवाद कार्य के अलावा आज लेखन का कोई अन्य कार्य नहीं हुआ।


Monday, October 5, 2026

अनोखा जन्मदिन


बचपन में उसने एक गीत सुना था, ‘सात समुंदर पार से, गुड़ियों के बाज़ार से” भीतर कहीं ख्वाहिश थी उन बच्चों से मिलने की, जिन्होंने यह गीत गाया था। उसने जून से कहा, पता तो करें किस फ़िल्म का गाना है यह? उसे याद है, फुफेरे भाई-बहन यह गीत अक्सर गाते थे, उनके पापा वाक़ई नौकरी के सिलसिले में विदेश गये हुए थे। पता चला ‘तक़दीर’ फ़िल्म का गाना है। अच्छी लगी फ़िल्म ! ऑडिबल पर भारत के विभाजन के बारे में लिखी जसवंत सिंह की पुस्तक आगे सुनी। जसवंत सिंह पहले बीजेपी में थे पर अपने कुछ विचारों के कारण वह अलग कर दिये गये हैं। पापाजी की आँख आज ठीक थी, वह आराम से पढ़ पाये। 

कल सुबह उन्हें वायनाड के लिए निकलना है।पश्चिमी घाट के पहाड़ों में केरल का एक मात्र सुंदर पर्वतीय प्रदेश ! गूगल बाबा से पूछा तो पता चला, इसका नाम वायल नादु से पड़ा है, जिसका अर्थ हुआ, धान के खेत ! यहाँ प्राचीन गुफ़ाए हैं, मसालों के बाग़ान और हरे-भरे जंगल भी। यह क्षेत्र सुंदर जल-प्रपातों और अभ्यारण्यों से घिरा है। नन्हे ने रहने के लिए ताज होटल में बुकिंग की है, कह रहा था उसके पास इसके लिए पॉइंट्स जमा हैं, आजकल घूमने का यह नया तरीक़ा है। होटल बाणासुर बांध और झील के निकट स्थित है। चित्रों में देखा तो हरी-भरी पहाड़ियों से घिरी जगह मनमोहक लग रही थी। 

आज सुबह वायनाड के लिए रवाना हुए थे । हरे-भरे रास्तों और जंगलों से गुजरता हुआ रास्ता, कई झीलें भी मार्ग में आयीं। जब वे एक द्वीप पर बने वृत्ताकार होटल पहुँचे तो कमरे की सफ़ाई हो रही थी, कुछ देर बड़े से स्वागत कक्ष में बैठे, फिर बालकनी में जाकर सामने दूर तक फैली झील और उसके पीछे नीले पर्वतों को निहारते रहे। दूर झील में एक द्वीप भी दिखायी दे रहा था। नारियल के वृक्षों की क़तारें वातावरण को एक अनोखे सौंदर्य से भर रही थीं। सभी ने अपने मोबाइल निकाल लिए और कुदरत की इस छटा को कैमरे में क़ैद करने का प्रयास किया। दोपहर के भोजन में केरल का विशुद्ध पारंपरिक भोजन परोसा गया। धातु की बड़ी सी थाली में कई कटोरियों में विभिन्न व्यंजन थे, जो अपनी सुगंध और रंगों से आकर्षित कर रहे थे। स्वागत कक्ष में फूलों के विशाल गुलदस्तों के अतिरिक्त धातु से बनी हाथियों की अनेक मूर्तियों से एक दीवार पर एक कलाकृति बनी हुई थी।कमरे में पहुँचे तो फलों और चाकलेट्स से भरी दो प्लेट्स रखी थीं। कमरे के बाहर बनी बालकनी में भी बैठने की व्यवस्था थी, तथा वहाँ से झील और पर्वतों के दर्शन भी हो रहे थे। सभी कुछ देर वहीं बैठे रहे। नन्हे ने अपना ड्रोन निकाल लिया और दूर तक के पहाड़ों का चित्र लेने लगा। वहीं बैठे-बैठे उसने होटल तथा आसपास के सारे नज़ारे दिखा दिये। साफ़-सुथरे रास्ते, बगीचे और क्रिकेट खेलने के लिए बना स्थान, रोपवे पर साइकिल चलाने की सुविधा, स्वीमिंग पूल आदि सभी कुछ। इसके बाद उन सभी स्थानों की सैर की। शाम को कमरे में गये तो वहाँ जून के जन्मदिन के लिए एक केक रखा हुआ था, और बिस्तर पर फूलों से हैप्पी बर्थडे लिखा हुआ था। आने वाले स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शाम को जगह-जगह तिरंगे के रंगों वाली बत्तियों से होटल के लॉन तथा रास्ते जगमगा रहे थे। 

आज सुबह योग साधना का एक सत्र भी आयोजित किया गया। नन्हा और सोनू भी उनके साथ योग सत्र के लिए गये। शांत वातावरण में सुबह की शीतल व स्वच्छ प्राणवायु को ग्रहण करके सभी के ह्रदय प्रफुल्लित हो रहे थे। जन्मदिन मनाने व नाश्ते के बाद वापसी की यात्रा आरम्भ हुई। एक झील के किनारे कुछ देर रुके फिर एक चाय बाग़ान के सामने बनी टी-फ़ैक्ट्री में कुछ समय बिताया। सड़क किनारे बने खेतों में फूलों की खेती देखते हुए देर शाम तक घर पहुँच गये। 

आज आज़ादी की सत्तत्तरवीं वर्षगाँठ है। सुबह उठते ही जून ने बालकनी में तिरंगा लगा दिया था। झंडे के साथ फ़ोटो भी अपलोड की। मोदीजी का भाषण सुना। वह भारत को अगले पच्चीस वर्षों में विकसित देश देखना चाहते हैं। पच्चीस वर्षों का यह समय अमृत काल है।उन्होंने एक हज़ार वर्षों की ग़ुलामी की बात की, फिर एक हज़ार वर्षों के स्वर्णिम युग की बात की, जो वर्तमान में भारतीयों के पुरुषार्थ पर निर्भर करता है। उनका भाषण एक दूरदर्शी, आदर्शवादी, प्रेरक नेता के रूप में दिया गया है। वह सभी को देश के लिए कुछ न कुछ करते हुए देखना चाहते हैं। उनकी सरकार युवाओं के लिए मददगार सिद्ध हो रही है। महिलाओं को आगे बढ़ा रही है। वे सोसाइटी के झंडा आरोहण में भाग लेने भी गये, कई आकर्षक कार्यक्रम हुए। दोपहर को नन्हा व सोनू आ गये थे, शाम को थर्मस में चाय साथ लेकर वे सब एक झील पर गये, नन्हे ने ड्रोन उड़ाया। समय जैसे पंख लगा कर उड़ रहा है। जून ने परसों वायनाड में ‘आयुर्वेद’ पुस्तक ऑर्डर की थी, जो कल मिल भी गई। कुछ अध्याय पढ़ लिए हैं। पुस्तक बहुत अच्छी लग रही है। इसमें अपनी प्रकृति के अनुसार भोजन की सूची दी गयी है। 

नन्हे ने उसके लिए एक नया माइक्रोफ़ोन भेजा है, ताकि यू ट्यूब पर पोस्ट करने के लिए वह अपनी कविताओं को रिकॉर्ड कर सके। जून का नया मैक भी पूरी तरह सेट हो गया है। आज एक फ़िल्म देखी ‘इन्सेप्शन’, जिसमें एक व्यक्ति दूसरे के सपनों में प्रवेश कर सकता है और उसके विचारों को चोरी कर सकता है।एक बार उसे किसी के अवचेतन मन में एक विचार को डालने का काम मिलता है। वह एक टीम बनाता है और जो सपनों के भीतर कई गहरी परतों में प्रवेश करते हैं।बहुत ही विचित्र सा अनुभव होता है फ़िल्म देखते समय। वास्तविकता क्या है ?  सपनों में देखा संसार कहाँ से आता है?  क्या मनुष्य की सोच ही उसके जीवन की घटनाओं को निर्धारित करती है? अतीत, वर्तमान और भविष्य सब गड्ड-मड्ड हो जाते हैं।

आज उन्होंने ‘ओपेनहाइमर’ फ़िल्म देखी।जो अमेरिकी भौतिकी वैज्ञानिक जे रॉबर्ट ओपेनहाइमरकी जीवनी पर बनी है। बहुत अलग सी है यह फ़िल्म। एक तरफ़ कोर्टरूम में वैज्ञानिक पर परमाणु बम के निर्माण के लिए आरोप लगाये जा रहे हैं, दूसरी तरफ़ उसे सम्मान भी मिलता है। उसे अपने कृत्य पर अफ़सोस भी है। फ़िल्म के आरंभ में वह यूरोप के एक कॉलेज में क्वांटम फ़िज़िक्स की पढ़ाई करते हैं। बाद में अमेरिका आकर इस पर और प्रयोग करते हैं। द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका को यह भय होता है कि नाज़ी जर्मनी पहले परमाणु बम न बना ले, इसलिए ‘मैनहट्टन परियोजना’ का नेतृत्व ओपेनहाइमर को सौंपा जाता है। वर्षों के श्रम के बाद उनकी टीम पहले परमाणु बम का सफल परीक्षण करती है। युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर बम गिराता है। भीषण विनाश और लाखों निर्दोष नागरिकों की मृत्यु से वह व्यथित हो जाते हैं। फ़िल्म में उनके व्यक्तिगत जीवन को भी दिखाया गया है और यह भी कि वह भारतीय दर्शन व भगवद् गीता से प्रभावित थे।