Thursday, September 28, 2017

भारत एक खोज


जीवन कितना अनोखा है, तितलियों और पुष्पों के रंगों सा अनोखा, आकाश के विस्तार सा और सागर की गहराई सा..इसका हर पल एक नये विश्वास से भरा है. आज की सुबह एक नया संदेश लेकर आई लगती है. कल रात्रि भगवद् गीता का अठारहवां अध्याय पढ़ा. अनोखी पुस्तक है गीता अर्थात ग्रन्थ है, भगवान की वाणी है और इस युग में भी आज के समय में भी भगवान की वाणी मौजूद है सद्गुरू के रूप में. आज नैनी को एक काम न करने पर याद दिलाया तो आवाज में हल्का सा रोष था, जो बाद में स्वयं को ही चुभने लगा. आत्मा जो हिमशिखरों सी शुद्ध है, गंगाजल से भी पावन है, जरा सा धुआं भी नहीं सह सकती, और वे अज्ञानवश उस पर कितने कुठाराघात करते रहते हैं. कुम्हला जाती होगी आत्मा, पर अब और नहीं, भीतर-बाहर की पूर्ण शुद्धि करनी है. धी, स्मृति और धृति को मजबूत करना है. परमात्मा की कृपा हर क्षण उसके ऊपर है, आज भी स्कूल में एक तितलीनुमा कीट उड़ते-उड़ते उसके पास आया, मानो अस्तित्त्व उसे आश्वस्त करना चाहता है. उसका प्रेम अहैतुक है. उसे उसका मान रखना चाहिए. जीवन सत्य की साक्षी दे, उसका हर पल परम की खुशबू से ओत-प्रोत रहे, जीवन की सार्थकता इसी में है. शाम को नियमित ध्यान करना होगा, समय का सदुपयोग यदि सेवा में नहीं हो पा रहा है तो ध्यान में ही होना चाहिए. अभी भी भीतर कई संस्कार हैं जिन्हें ध्यान में दूर होना है.

कल से उन्होंने ‘भारत एक खोज’ के अंक देखने आरम्भ किये हैं. जून के एक सहकर्मी ने इसके सभी एपिसोड दिए हैं. वर्षों पहले देखी यह श्रृंखला बहुत अच्छी लगी थी उस समय. आज दोपहर छोटी भांजी से स्काईप पर बात की, विपासना के बारे में उसे बात करके अच्छा लगा. शाम को जून के एक सहकर्मी व उनकी पत्नी आए, उन्हें भोजन के लिए कहा, पर वे देर से खाते हैं, दोनों सब्जियां टिफिन में पैक कर उन्हें दीं, साथ ही केन का बना वह बैग भी जो शिलांग से उनके लिए खरीदा था. नन्हे का फोन आया, वह काफी उत्साहित है. उसके यहाँ हैकाथन चल रहा है, एक सौ बीस लोग हैं जो रात भर जागकर कोई नयी प्रोग्रामिंग करेंगे.

सुबह के सात्विक वातवरण में परमात्मा की निकटता का अहसास कितना स्पष्ट होता है, यूँ तो वह हर वक्त ही निकट है. आज स्कूल गयी तो बादल छाये थे, पर बरसे दोपहर को जाकर. शाम को गुलाब वाटिका के निकट भ्रमण पथ पर टहलने गये तो हवा में फूलों की सुवास छायी थी. दीदी से बात हुई, वे लोग आस्ट्रेलिया से अगले महीने भारत लौटेंगे. व्हाट्सएप पर रुमाली रोटी बनाने का एक वीडियो देखा, कमाल का हुनर है.

पिछले दो दिन कुछ नहीं लिखा. शनिवार को दिन भर मेघ बरसते रहे और इतवार को तेज धूप निकली. जैसे बाहर का मौसम बदलता है वैसे ही भीतर का मौसम भी बदला करता है, वे न जाने कितनी बार गर्म होते हैं न और कितनी बार ठंडे. उनका दिल समता में नहीं रह पाता. आज सुबह उठी तो चार बजे थे, कोई समझा रहा था, ‘अहम् को गलाओ’. जून कितना ध्यान रखते हैं, दफ्तर से फोन करके दवा लेने के लिए याद दिलाया और उसने उन्हें उलाहना दिया. अहंकार ही तो है यह, फिर दो बर्र दिखाई दिए. उसे कुछ जताने के लिए अस्तित्त्व जैसे उनका रूप धर कर आया था. कितना जीवंत है वह, हर घड़ी, हर पल वह है, यहीं है, साथ है उनके. आज सुबह स्कूल से लौटते समय छोटी बहन व छोटे भाई से बात की. बड़ी भाभी अस्पताल से घर आ रही हैं, दो दिन रहकर वापस जाएँगी. उसके अगले दिन उनका आपरेशन होगा. कल जून से उसने कहा, उन्हें जाना चाहिए. वह भी तैयार हैं. सम्भवतः अगले सप्ताह वे जायेंगे. 

Wednesday, September 27, 2017

शिलांग की सुन्दरता


रात्रि के साढ़े आठ बजे हैं. आज नेहू में दूसरा और अंतिम दिन है. प्रातः भ्रमण के समय श्वेत जंगली फूलों के चित्र लिए. कैम्पस के अंदर जंगल में चीड़ के वृक्षों के अनेकों छोटे-छोटे पौधे उग आये हैं, उनमें से कुछ साथ ले जाने के लिए पानी और मिट्टी सहित एक छोटे से गिलास में रखे, हो सकता है उनमें से कोई बच जाये. यह अतिथि गृह पुराने तरीके का है. लकड़ी का फर्श है और बड़ा सा बैठक खाना है. जिस कमरे में वे ठहरे हैं वह नया बना है. नौ बजे वे बायो टेक्नोलॉजी विभाग में गये, जहाँ विभागाध्यक्ष ने स्वागत किया. एक छात्रा ने अपना अध्ययन प्रस्तुत किया. बाद में उनका पुस्तकालय भी देखा, जहाँ हिंदी की भी सैकड़ों पुस्तकें थीं.दोपहर का भोजन कालेज की कैंटीन में हुआ. उसके बाद शिलांग के दर्शनीय स्थान देखने निकले. सर्वप्रथम डॉन बोस्को संग्रहालय देखा, जो पूरे उत्तर-पूर्व भारत की तस्वीर पेश करता है. वहाँ से शिलांग की सबसे ऊँची चोटी पर गये, जहाँ कई दुकानें खुल गयी हैं तथा मार्ग भी पहले की तरह हरा-भरा व सुनसान नहीं रहा है. उसके बाद एलिफेंटा झरना देखा. वापसी में त्रिपुरा भवन भी गये. गोल्फ मैदान में कुछ तस्वीरें लीं, झील को दूर से निहारते हुए आगे बढ़े. पोलिस बाजार का एक चक्कर लगाया. जून के एक सहकर्मी जो साथ गये थे, उनकी ससुराल शिलांग में है, वहाँ गये. उनका घर भी लकड़ी का बना है और बहुत पुराना है. जहाँ अति स्नेह से उन्होंने नाश्ता कराया. वापस आकर कुछ देर टहलते रहे. कल सुबह सात बजे गोहाटी हवाई अड्डे के लिए निकलना है.  

कल दोपहर ढाई बजे वे घर लौट आये. घर की सफाई कराते-कराते शाम हो गयी फिर भोजन बनाते-बनाते रात. सुबह उठी तो स्कूल जाना था, बच्चों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया, जो उन्हें स्कूल के वार्षिक कार्यक्रम में प्रस्तुत करना है. लौटकर दोपहर का भोजन बनाया और अब समय मिला है कुछ देर बैठकर खुद से बात करने का. दोपहर को सोते समय लगा, वह स्वयं को सोते हुए देख रही है. अभी कुछ देर पहले दो सखियों से बात की, भाई-भाभी से भी, कल पिताजी से की थी. छोटी बहन से व्हाट्सएप पर बात हुई. दीदी से अभी रह गयी है, व्हाट्सएप पर छोटे से वीडियो में उन्हें व्यायाम करते देख उनके नाती को थिरकते देखा, बहुत अच्छा लगा. यात्रा विवरण भी लिखना है, फेसबुक पर तस्वीरें भी लगानी हैं. आज भी ब्लॉग पर कुछ नहीं लिखा, इस वर्ष की तीसरी यात्रा से लेखन में कुछ दिनों का व्यवधान पड़ा है. अभी भी पूरा मुँह खोलने में थोड़ी असुविधा होती है, ठीक एक सप्ताह पहले दांत निकलवाया था. डाक्टर ने मुँह का व्यायाम बताया था. तन और मन को जो भी हो आत्मा तो सदा एक रस है, वही सत्य है, शेष तो सब कुछ बदल रहा है. नन्हा पूना में है, आज रात वापस जायेगा या कल सुबह. उसने नया घर देख लिया है. अच्छी जगह पर है, और एक मित्र के साथ वह उसमें रहेगा. उसे फोन किया पर वह व्यस्त था.


आज सुबह भी नींद समय पर खुल गयी. कोई कह रहा था, वासना दुष्पूर्ण है अर्थात इसका कोई अंत नहीं. आज एक कविता लिखी. मृणाल ज्योति गयी. स्कूल की संस्थापिका की बाँह में दर्द है, उन्हें गर्दन के पास रीढ़ की हड्डी में भी दर्द रहता है. जीवन में कितना दुःख है, पर सभी मानव ने खुद ही एकत्र किया है. बगीचे में सफेद गुलाब की झाड़ी बहुत बढ़ गयी है, उसके लिए द्वार जैसा एक आधार बनवाना है, जून से कहा है बांस मंगवाने के लिए. किचन के बाहर का नल खराब हो गया है, उसकी शिकायत दर्ज करवानी है. बगीचे में तुलसी पुदीना के पौधे बहुत शीघ्र बढ़ रहे हैं, पत्तों का आकार तुलसी जैसा पर सुगंध पुदीने जैसी है. एक सखी का फोन आया, वैदिक गणित सीखने के लिए कह रही थी. जून से उसने पूछा तो उन्होंने कहा पहले ही इतनी व्यस्तता है, हर दिन कम से कम तीन-चार घंटे निकालने होंगे, उसका खुद का भी विशेष मन नहीं है, एक पुस्तक के द्वारा जो अब भी उसके पास है, कुछ वर्ष पहले कई सूत्र सीखे थे. आज स्कूल में फिर एक उड़ता हुआ भंवरा आया और उसकी बाँह पर बैठ गया. मन-प्राण भीतर तक एक उपस्थिति से भीग गये. चेतना हर जगह है, वही तो है, जो विभिन्न रूपों में प्रकट हो रही है !   

Monday, September 25, 2017

बड़ा पानी -उमियाम झील


कल शाम चार बजे वे गोहाटी पहुँचे थे. शाम को बाजार गये फिर एक मित्र परिवार से मिलने. रात्रि भोजन भी वहीं किया. आज सुबह ब्रह्मपुत्र के किनारे टहलने गये. नदी के तट पर कई वृक्ष लगे थे, वर्षों पुराने वृक्ष बहुत सुंदर थे पर किनारा टूटा-फूटा था और स्वच्छता का बहुत अभाव था. सड़क के दोनों किनारों पर फूलवालों की कई दुकानें लगी थीं. होटल लौटते समय फल मंडी से होते हुए आये. लौटकर स्नान, नाश्ता आदि कर नौ बजे ही गणेश गुड़ी स्थित पासपोर्ट दफ्तर के लिए रवाना हुए, जहाँ उसे अपने पासपोर्ट का नवीकरण कराना था. वहाँ काफी भीड़ थी पर उन्हें दस बजे से पहले ही बुला लिया गया. तीन भागों में सारी कार्यवाही पूरी हुई, दफ्तर में सभी कार्य काफी व्यवस्थित ढंग से हो रहे थे. साढ़े ग्यारह बजे तक सब काम हो गया. बाजार से असम सिल्क के कुरते के लिए वस्त्र खरीदा. दोपहर बाद पुनः उन्हीं मित्र के यहाँ गये, शाम को जून अपने एक सहकर्मी के घर ले गये. जिनका पुश्तैनी मकान काफी बड़ा है, तथा एक पहाड़ पर बना है. खेती भी है, उनके भाई-भाभी तथा भतीजों से मिलना हुआ. स्वादिष्ट नाश्ता करके वे होटल आ गये हैं. कल सुबह शिलांग के लिए निकलना है. कल वे चेरापूंजी जायेंगे.


‘नार्थ इस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी’ (नेहू) के पुराने गेस्ट हॉउस के वीआईपी कक्ष ‘संख्या-एक’ में बैठकर डायरी लिखने का सम्भवतः यह पहला और अंतिम अवसर है. आज सुबह ही गोहाटी से शिलांग के लिए बल्कि कहें चेरा पूंजी के लिए रवाना हुए. मेघालय और असम काफी दूर तक साथ-साथ चलते हैं, सड़क के मध्य जो विभाजक है उसके बायीं तरफ असम है और दायीं तरफ मेघालय है. असम की सीमा समाप्त होते ही पहाड़ी रास्ता आरम्भ हो जाता है. सडकें ऊंची-नीची हो जाती हैं तथा चीड़ के वृक्ष दिखने लगते हैं. मार्ग में उमियाम या बड़ा पानी नामक एक सुंदर झील पर रुककर कुछ तस्वीरें उतारीं. यह दस वर्ग किलोमीटर क्षेत्र वाली अति विशाल कृत्रिम झील है, जहाँ बिजली का उत्पादन भी किया जाता है. 

चेरापूंजी में प्रवेश करते ही दृश्य पटल बदलने लगा, रास्ता अच्छा था. गाड़ी तेज रफ्तार से चल रही थी. एक तरफ घाटियाँ दिखने लगी. पहाड़ों की ढलान जो मीलों तक नीचे गयी थी, घने जंगलों से ढकी थी. दूर के पर्वत नीले लग रहे थे और उनके पीछे धुंध थी. धूप तेज थी. आगे चलकर झरने देखे तथा प्राकृतिक गुफाएं भी, जो बहुत विचित्र हैं. इनके भीतर वर्षा के जल के निरंतर गिरने से पत्थरों ने जाने कितने वर्षों में टूटकर विभिन्न आकर ग्रहण कर लिए हैं. उनमें प्रवेश करके आड़े-तिरछे रास्तों से गुजरकर बाहर आना एक रोचक व रोमांचक अनुभव था. गुफाओं से लौटकर एक शुद्ध शाकाहारी रेस्तरां ओरेंज कंट्री में भोजन किया. भोजन बनाने वाली महिला थी तथा परोसने वाली भी सभी महिलाएं थीं. वे लगातार उस स्थान को साफ करने में लगी थीं. शिलांग के लिए वापसी की यात्रा में एक अन्य झरना दिखा, जो दूर से दिखाई दे रहा था. काफी ऊँचाई से गिरता हुआ वह नीचे घाटी में मीलों दूर गिर रहा था. शिलांग के सुंदर दृश्यों को देखते हुए वे नेहू वापस आ गये हैं. यह कैम्पस भी बहुत सुंदर है. चीड़ के जंगलों के कारण इसकी सुन्दरता और भी बढ़ जाती है. कल वे शिलांग लेक, लेडी हायड्री पार्क, गोल्फ कोर्स आदि देखने जायेंगे. डॉन बोस्को संग्रहालय भी देखने लायक स्थान होगा. आज नन्हे से बात हुई, उसने एक मित्र के साथ घर लेने का निर्णय किया है. 

Friday, September 22, 2017

काले अंगूर और चीकू











जीवन कितना सुंदर हो सकता है किसी के लिए और कितना भयावह भी किसी के लिए ! परमात्मा के संग-साथ से इसे सुंदर बना रहे हैं लाखों लोग और उससे दूर होकर कुछ लोग नर्क का निर्माण के रहे हैं, अपने लिए भी और दूसरों के लिए भी. आज सुबह सामान्य थी. शनिवार की विशेष सफाई भी हुई घर में और दोपहर को बारह बजे दंत चिकित्सक के पास गयी, दांत निकलवाया है आज पहली बार. दर्द जरा भी नहीं हुआ और उसकी बताई सावधानियों का पालन करने से अब तक भी कोई दर्द नहीं है. जून ने उसके लिए काले अंगूर, चीकू तथा केले की प्यूरी बनायी, बाद में सूप बनाया. सेब भी कस करके दिया. रात्रि के आठ बजे हैं. शाम को नन्हे से बात की. वह दो रातों से घर नहीं गया. परसों ऑफिस में था कल एक मित्र के यहाँ. काम बहुत है इसलिए, पर यदि घर पर कोई इंतजार कर रहा हो, तभी तो घर जाने का आकर्षण भी रहता है. ईश्वर ही उसे सद्मार्ग पर बनाये रखेगा. उसकी कृपा सब पर बरस ही रही है. सुबह फिर एक स्वप्न देखकर नींद खुली जो अब याद नहीं है, पर दोपहर को भी अजीब सा स्वप्न देखा. एक बड़ा सा मकान है पुराने ढंग का. जिसमें कई महिलाएं काम कर रही हैं. एक हॉल की पूरी दीवार उनके बनाये रंग-बिरंगे सामानों से सजी है. कुछ कमरों में कुछ मजदूर काम कर रहे हैं. कुछ मुस्लिम भी हैं पर वे माँ, माँ का सुमधुर जाप कर रहे हैं. मुस्लिम समुदाय में एक पन्थ माँ को मानने लगा है, ऐसा भी स्वप्न में मन में स्पष्ट था. फिर उसका फोन खराब हो जाता है, उसका सिम कार्ड कोई ले गया, वह कुछ ढूँढ़ रही है, पर्स या फिर फोन ही..स्वप्न में कब क्या होगा कोई नहीं जानता, पर वे जगाने के लिए ही आते हैं.

आज दोपहर बच्चों की योग कक्षा में दो बच्चों की माएँ भी आई थीं. एक ने बताया वह महिलाओं का एक क्लब बनाना चाहती है. एक ने बताया उनका घर काफी टूट-फूट गया है, घर के आदमी को इसकी फ़िक्र ही नहीं है. उनकी मदद करने की इच्छा है उसकी. परमात्मा ने उन्हें इतना कुछ दिया है, जितना हो सके दूसरों की मदद करनी चाहिए. बगीचे में इस समय बहुत सब्जियां हो रही हैं. पत्ता गोभी, मूली, शलजम, तथा चुकन्दर भी. इसी तरह सभी समर्थ हों, संतुष्ट हों. परमात्मा उनके साथ हर घड़ी है. आज सुबह मुरारी बापू को सुना, अनोखे कथाकार हैं वह. प्रेम से छलकते हुए, राम के प्रति समर्पित..

आज स्कूल में बच्चों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया. इस समय सात बजे हैं शाम के, सुबह से  नभ पर बदली बनी हुई है. उत्तर भारत में असमय की वर्षा के कारण जान-माल का काफी नुकसान हुआ है. जलवायु परिवर्तन का असर स्पष्ट दिखने लगा है. कल रात वे सोने के लिए लेटे ही थे कि पीछे सर्वेंट क्वाटर्स में से झगड़ने की आवाजें आने लगीं. नर्क जैसा जीवन है इनका. अशिक्षा, निर्धनता और ऊपर से नशा, काश वह इनके लिए कुछ कर पाती. परसों उन्हें गोहाटी जाना है. बड़ी भाभी अभी भी अस्पताल में हैं, सम्भवतः अगले महीने वे उनसे मिलने जाएँ.

       

Tuesday, September 19, 2017

क्रिकेट का विश्वकप


आज होली है, हर बार से कुछ अलग रही आज की होली ! रंग को छुआ भी नहीं, पर अंतर रंग गया हो तो बाहर के रंग और क्या करेंगे. दोपहर को स्वयं को सोते हुए देखा, बिलकुल स्पष्ट, भीतर कोई जाग रहा था और देह शांत थी, श्वास भी गहरी हो गयी थी. बाद में कोई स्वप्न चलने लगा. जब स्वप्न नहीं रहेंगे तभी पूर्ण मुक्ति का अनुभव होगा. इस समय टीवी पर क्रिकेट विश्वकप का मैच चल रहा है. भारत बहुत विषम परिस्थिति में है. पांच विकेट गिर गये हैं. शाम को नाश्ते में लिट्टी चोखा बनाया, होली का विशेष भोजन. बड़ी भाभी अब पहले से बेहतर हैं, भाई शांति से उनकी देखभाल कर रहे हैं.

आज सुबह उठी तो एक स्वप्न की स्मृति बनी हुई थी. वे नन्हे के घर गये हुए हैं. उसे अपने मित्रों के साथ एक विवाह में जाना है. मित्र पहले ही आ गये हैं पर वह स्वयं अभी आया नहीं है. आता है तो कहता है वह नहीं जायेगा, बिलकुल तटस्थ लग रहा है. एक दिन स्वप्न में गुरूजी को कितना स्पष्ट देखा था. एक में तो वह दूर से निकल जाते हैं तेज-तेज चलते हुए, दूसरे में वे उनके निकट हैं, उनका स्नेह बरस रहा है. अज दोपहर को भी बहुत जीवंत स्वप्न थे. एक अनोखी दुनिया उसके भीतर खुल गयी है, जागृत से भी अधिक जीवंत दुनिया. विपासना केंद्र में एक दिन ध्यान के वक्त ऐसा अनुभव हुआ जैसे हाथ में काला पेन आ गया है निब वाला और पलक झपकते ही सारा बांया हाथ काला हो गया, आश्चर्य करे इससे पूर्व ही सामान्य हो गया. एक क्षण में कोई पूर्व कृत्य जैसे सम्मुख आया हो. एक बार तो किसी के खांसने की आवाज ऐसे लगी जैसे कोई वृक्ष गिर गया हो. एक दिन तो स्वयं को देह से पृथक महसूस किया. आज सुबह चार बजे एक बाद उठी. प्रतिदिन की भांति रही दिनचर्या. इतवार था और महिला दिवस भी, सो इडली का नाश्ता जून ने बनाया. शाम को एक विवाह उत्सव में जाना है. कल लेडीज क्लब की मीटिंग है और डेंटिस्ट के पास भी जाना है. नीचे के दातों की स्केलिंग कर दी है, कल शेष करेगा.

आज घर में गुरू पूजा है. तैयारी लगभग हो चुकी है. बड़ी भाभी के लिए प्रार्थना करने का मन होता है. ईश्वर उन्हें शक्ति दे. आज प्रातः भ्रमण से लौटते समय भीतर का वासी कितना मुखर हो गया था. कितने स्पष्ट शब्दों में अपने होने का अहसास दिला रहा था. अब लग रहा है कितने दूर की बात है. सुबह वाकई सतयुग होता है, मन कैसा खिला-खिला सा. दोपहर तक उसी भाव में डूबा रहा मन. तितली पर एक कविता भी लिखी. बगीचे में सुंदर फ्लौक्स खिले हैं, देर से खिले पर बहुत सुंदर हैं. फूलों की बहार है इस समय उपवन में. नन्हे से बात की, वह अपने काम से खुश है, काम ज्यादा है पर उसे कोई शिकायत नहीं है. यू ट्यूब पर श्री श्री के विचार सुने. परमात्मा की उपस्थिति को हर पल अपने होने से अभिव्यक्त करने वाले सद्गुरू कितना बड़ा योगदान समाज, देश और दुनिया को दे रहे हैं.     


Friday, September 15, 2017

फूलों पर श्वेत तितली


रात्रि के आठ बजे हैं, अभी-अभी वे बाहर टहल कर आये हैं. गेट के दोनों ओर लगे श्वेत और गुलाबी कंचन के वृक्ष फूलों से भर गये हैं. ठंडी बयार बह रही थी. सुबह का भ्रमण भी सुखद था. मार्च का प्रथम दिन है आज, धूप में अब तेजी आ गयी है. दोपहर को बच्चों को अभ्यास कराया, ध्यान करते हुए वे कितने शांत लग रहे थे, कुछ पल पहले शोर मचाते हुए जो दौड़ रहे थे, कुछ ही पलों में स्थिरता को अनुभव करने लगे थे. उड़िया सखी आयी तो उसे शील, समाधि, प्रज्ञा के बारे में बताया. आठ मार्च को महिला दिवस के अवसर पर गुरूजी ने कुछ विशेष कार्यक्रम करने को कहा है. वह आस-पास की महिलाओं को बुलाकर कुछ बताएगी. आज प्रधान मंत्री को NASCOM के रजत जयंती कार्यक्रम में बोलते सुना, अच्छा लगा. कश्मीर में बीजेपी और पीडीपी की संयुक्त सरकार बन रही है, यह भी एक बड़ी सफलता है.

एक शुद्ध, बुद्ध, मुक्त चेतना इस देह में रहकर इन्द्रियों द्वारा इस प्रकृति का अनुभव प्राप्त करती है. मन के द्वारा मनन करती है, बुद्धि के द्वारा निर्णय लेती है तथा अहंकार के द्वारा क्रिया करती हुई प्रतीत होती है. जबकि उसका स्वभाव मात्र जानने का है, वह ज्ञाता व द्रष्टा मात्र है. देह स्वभाव के अनुसार कार्य करती है, मन स्वभाव के कारण कभी भूत कभी भविष्य में जाता है. बुद्धि स्वभाव के अनुसार घटनाओं को परखती है, वह आत्मा इन सबको देखती है, वह शुद्ध चेतना भीतर है जो प्रतिपल इन सबको देखती है, तथा वह अपने में पूर्ण है और प्रतिक्षण संतुष्ट है. मन द्वारा कार्य किये जाने पर तथा बार-बार उसे दोहराए जाने पर जो संस्कार अंतर्मन पर पड़ गये हैं, उन्हें भी उभरने पर वह साक्षी भाव से देखती है. आँखों के द्वारा इस सुंदर सृष्टि को निहारना, स्वयं के भीतर ही अद्भुत नाद को सुनना उसे भाता है. स्वयं के अनंत स्वरूप में गहरे उतरते चले जाना और कोई बाधा, कोई अवरोध न पाना भी ! परमात्मा का विभिन्न रूपों में प्रकट होना भी ! आज स्कूल में छोटे बच्चों की योग कक्षा लेते समय एक तितली आयी और एक बच्चे के सिर पर  मंडराने लगी, बड़े बच्चों की कक्षा में एक तितली घायल अवस्था में पड़ी दिखी. पिछली बार उसके मन में पुराने किसी संस्कार के जगने पर हिंसा का विचार आया था. परमात्मा के मार्ग विचित्र हैं. वह रहस्यमय तो है ही, प्रकट होकर भी वह अप्रकट है ! आज एक परिचिता के साथ मृणाल ज्योति भी गयी, जिसके दिव्यांग भाई की वर्षों पहले मृत्यु हो गयी थी, उसके जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों के लिए खाने-पीने का कुछ सामान ले गयी थी वह. जून आज सुबह से ही व्यस्त हैं, ओएनजीसी से कुछ लोग आये हैं.

रात्रि के साढ़े आठ बजे हैं. तेज वर्षा हो रही है. बादल सुबह भी थे जब वह पैदल चलकर बुजुर्ग आंटी से मिलने गयी. वह बिस्तर पर बैठकर किताब पढ़ रही थीं, खुश हुईं देखकर. अपनी सेविका की बहुत शिकायत कर रही थीं, जैसे कि अक्सर कुछ वृद्ध व्यक्ति शिकायत करना अपना स्वभाव ही बना लेते हैं. अगले हफ्ते वे गुरूपूजा रखवा रहे हैं. कितनी कृपा है गुरू की उन पर. जीवन का सही अर्थ उन्होंने ही बताया है. धरा पर यदि कोई जागा हुआ न हो तो इसकी रौनक कोई देख ही न पाए उस तरह जिस तरह ये वास्तव में हैं ! जो दिखाई नहीं देता वह उससे ज्यादा सुंदर है जो दिखाई देता है...परमात्मा सदा ही किसी न किसी रूप में धरा पर मौजूद रहता है. वैसे तो वही है हर रूप में..पर इस बात को समझने के लिए जो सूक्ष्म दृष्टि चाहिए वह तो गुरू ही देता है ! आज शाम उन्हें गुलाब जामुन बनाने हैं, कल होली है, वे न भी खेलें तो कोई अतिथि घर आये, उसके स्वागत के लिए कुछ मीठा तो होना ही चाहिए. मौसम आज भी अच्छा है. ठंडी सी सुहावनी हवा बह रही है, एक श्वेत तितली फूलों पर मंडरा रही है, उड़ती हुई तितली कितनी मोहक लगती है ! बड़ी भाभी का स्वास्थ्य अब ठीक हो रहा है, कमजोरी बहुत है ऐसा बड़े भाई ने बताया. उसने मन ही मन प्रार्थना की, ईश्वर उन्हें शीघ्र स्वस्थ करे ! कल शाम को आठ महिलाओं को विपासना के बारे में बताया, शील, समाधि व प्रज्ञा के बारे में भी बताया. उन्हें अच्छा लगा, अगले महीने फिर आने को कहा है. कल पुस्तकालय से तीन किताबें लायी. वी. एस. नायपाल की आत्मकथा, डा. मनमोहन सिंह पर एक पुस्तक तथा आर के नारायण की पुराणों से संबंधित एक पुस्तक. तीनों पुस्तकें यकीनन अच्छी होंगी. परमात्मा रह-रह कर किसी न किसी इशारे से अपनी याद दिला देता है ! यदि कुछ देर तक उसका स्मरण न आये तो...    

Wednesday, September 13, 2017

समता की चट्टान


रात्रि के आठ बजने को हैं. एक दिन और साक्षी भाव में बीत गया. सुबह समय से उठी, गला अभी भी पूरी तरह ठीक नहीं है, बायीं तरफ के निचले दांत में दर्द है, पर लगता है ये सब किसी और को हैं. मन भी जैसे दूर खो गया लगता है, भीतर बस एक गहन मौन है. उम्मीद है अगले एकाध दिन में स्वास्थ्य पूर्ववत हो जायेगा. मन में एक विचार आता है, कोर्स के दौरान अन्यों को खांसते जो विरोध का भाव मन में जगाया था, वह सही नहीं था. शायद उसी का परिणाम हो, साक्षी में रहना होगा. देखकर सुबह ब्लॉग पर एक कविता पोस्ट की, कुछ अन्य पढ़ने का अब मन नहीं होता. जीवन में एक बिलकुल ही नया मोड़ आया है.  दोपहर को धम्मा रेडियो खोलकर कुछ सुनना चाहा तो हर्मन हेस के उपन्यास सिद्धार्थ की बात ही सुनाई दी. पुस्तक का नायक वासुदेव एक नदी को देखकर अपने मन के रहस्यों का पता लगा लेता है. मन भी हर वक्त एक नदी की तरह बहता जाता है. नदी की तरह कितने मौसम बदलते हैं मन के. मन का आधार वे संस्कार हैं जो हर पल लहरों की तरह बनते-मिटते रहते हैं. मन के किनारे बैठकर जो इसे देखना सीख जाता है, वह इससे प्रभावित नहीं होता. कल मृणाल ज्योति गयी थी, कमेटी में वर्किंग प्रेसिडेंट का काम देखना होगा. पहले सा ही काम होगा, बस कुछेक जगह हस्ताक्षर करने होंगे.

आज सुबह जून से कहा, डाक्टर को दिखा लेते हैं. अस्पताल गयी, दोएक दवाएं दी हैं. अब शाम हो गयी है, पर जून को किसी कार्यवश दफ्तर जाना पड़ा है. आजकल वह उसका बहुत ध्यान रखने लगे हैं, उन्होंने उसके भीतर आए परिवर्तन को देखा है और उसने भी उनके भीतर आए परिवर्तन को. उनके मध्य आत्मिक मैत्री की एक मधुर रसधार बहने लगी है. वे एक-दूसरे के साथ उतने ही सहज रहते हैं जैसे अपने साथ. आज सुबह उठी तो वर्षा हो रही थी, इस वक्त भी बादल गरज रहे हैं. सुबह एक स्वप्न में देखा जून और वह बिना छाता लिए तेज वर्षा में एक लम्बी सड़क पर चल रहे हैं, आगे जाकर अँधेरा होने लगता है पर वे रुकते नहीं, फिर पता नहीं कब स्वप्न टूट गया. उसकी आध्यात्मिक यात्रा एक पड़ाव पर आकर रुक सी गयी लग रही है, पर अभी और आगे जाना है, मंजिलें और भी हैं. अपने भीतर जगी इस अनोखी शांति को परिपक्व होने देना है. जीवन को एक उत्सव बनाना है, जीवन की पूर्णता को प्राप्त करना है. परमात्मा हर क्षण उसके साथ है, वही तो है. उसकी स्मृति, उसका ख्याल नहीं वही साक्षात् ! जीवन की पूर्णता का अनुभव यही तो है, जीवन का उत्सव भी यही है. चित्त की निर्मलता ही साधना का लक्ष्य है, कोई अनुभव कितना भी सुंदर क्यों न हो, समाप्त हो जाता है पर भीतर की समता एक चट्टान की तरह अडिग रहती है.


आज भी वर्षा हो रही है, सुबह-शाम दोनों वक्त बरामदे में ही टहलना पड़ा, कुछ देर के लिए लॉन और ड्राइव वे पर निकले पर रह-रह कर बूंदे बरसती रहीं और कुछ ही मिनटों में वापस आना पड़ा. फरवरी का मौसम असम में ऐसा ही होता है, शाम होते ही बादल गरजने लगते हैं और..उसका मन एक अतीव मौन में डूबा हुआ है. अभी तक देह अस्वस्थ है पर वह उससे प्रभावित नहीं है, देह और मन से दूरी बढ़ती जा रही है. उस अनाम की उपस्थिति का अहसास गहराता जा रहा है. लगता है अब कुछ भी पाने को या जानने को शेष नहीं रहा है, जीवन आगे बढ़ने का नाम अवश्य है पर अब आगे बढ़ना गहराई में डूबना होगा अथवा ऊँचाई पर चढ़ना, न कि किसी राह पर आगे बढ़ना. सारा विश्व जैसे एक सूत्र में पिरोया हुआ है और वह सूत्र उससे होकर भी जाता है, सदा से ऐसा ही था और सदा ऐसा ही रहेगा. यह देह एक दिन गिर जाएगी, फिर भी यह चेतना तो रहेगी ही. आज सुबह ध्यान में बैठी तो किसी विधि का आश्रय नहीं लिया, परमात्मा चारों ओर है, बस उसे सीधे ही अनुभव करना है. अब सारी विधियाँ बेमानी हो गयी हैं, जैसे अब किसी शास्त्र को पढ़ने की भी आवश्यकता भी महसूस नहीं होती. मन उस नितांत मौन में डूबे रहना चाहता है जहाँ कभी-कभी एकांत को तोड़ने एक पक्षी की दूर से आती आवाज सुनाई देती है. ईश्वर ही उसके जीवन के आगे के मार्ग का निर्धारण करेंगे. संवेदनाओं के द्वारा भीतर राग-द्वेष जगाने के दिन समाप्त हुए, अब साक्षी भाव ही सध रहा है. समता भाव ही योग है, कृष्ण ने भी कहा है.