Showing posts with label शिलांग. Show all posts
Showing posts with label शिलांग. Show all posts

Tuesday, February 8, 2022

उमियम झील के किनारे



परसों वे ‘होलिका दहन’ का आयोजन  देखने गए थे, जो नापा में बड़े ही शानदार तरीक़े से मनाया गया। अगले वर्ष वे भी कुछ मिठाई आदि लेकर जाएँगे। जल्दी आना पड़ा क्योंकि सुबह फ़्लाइट पकड़नी थी असम के लिए। कल सुबह दस बजे होटल पहुँच गये। दोपहर को जूरन में शामिल हुए। असम में विवाह से एक दिन पहले यह रीति होती है। शाम की काकटेल पार्टी भी अच्छी थी, पुराने-नए फ़िल्मी गानों की धुन पर सभी नाच रहे थे। शाम को विवाह है, फिर विशेष भोज। आज दोपहर को सोनू के घर जाना है। जून यहाँ स्थित कम्पनी के दफ़्तर चले गए हैं, जहाँ वे पहले सेवाकाल में कई बार आ चुके हैं। टीवी चल रहा है, मध्यप्रदेश में सरकार गिरने वाली है।ज्योतिराव सिंधिया कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गये हैं, उनके साथ कई एमएलए भी आ गये हैं।, पिछले कई वर्षों से कांग्रेस में उन्हें अपनी बात रखने का मौक़ा नहीं मिल रहा था, ऐसा उनका कहना है। मानव स्वभाव हर जगह एक सा ही होता है, जहाँ सम्मान न मिले तो व्यक्ति वहाँ रहना नहीं चाहता। 


‘लोभ से भरा मन साधक नहीं हो सकता। इस जगत में पकड़ने जैसा कुछ भी नहीं है, दर्शक की तरह यहाँ से गुजर जाना है।’ टीवी पर ये सुंदर वाक्य सुने अब आकाशवाणी पर समाचार आ रहे हैं। कोरोना अब महामारी बनता जा रहा है। प्रकृति में संतुलन के लिए समय-समय पर अतीत में भी महामारी फैलती रही है। आज सुबह वे जल्दी उठ गये। टहलने गए तो हवा में हल्की ठंडक थी। कम से कम सौ लोग और भी थे उस सड़क पर, जिसे सुबह के समय ट्रैफ़िक के लिए दोनों ओर से बंद कर दिया गया था। कई बड़े शहरों में प्रातः भ्रमण के लिए ऐसा ही प्रबंध होता है आजकल। कुछ लोग खेल रहे थे, कुछ साइकिल चला रहे थे और कुछ व्यायाम भी कर रहे थे। कल शाम विवाह का सुंदर आयोजन सम्पन्न हो गया। अहोम तथा कश्मीरी दोनों तरह की रीति से विवाह हुआ। कई पुराने परिचित लोगों से मुलाक़ात हुई। 


आज वे उमियम झील यानि ‘बड़ा पानी’ में आ गये हैं। गोहाटी से शिलांग पहुँचने से लगभग बारह किमी पहले मीठे पानी की यह एक बड़ी सी झील है, जिसके किनारे सुंदर विश्राम स्थल बन गए हैं। एक रात वहाँ  गुजरने का इरादा है। हिमालय की अचल पर्वत शृंखला के सान्निध्य में स्थित यह शांत झील एक आकर्षक पर्यटक स्थल है। सब कुछ कितना स्थिर लग रहा है। यह पर्वत न जाने कितने काल से ऐसे ही खड़े हैं। दोपहरी का समय है। झील का हरे रंग का पानी भी जैसे विश्राम कर रहा है। किनारों पर उगे चीड़ के वृक्ष भी मौन हैं, जिन पर लगे कोन धूप में चमक रहे हैं । कुदरत का यह सुंदर दृश्य जैसे उन्हें अपने भीतर की स्थिरता को महसूस करने के लिए आमंत्रण दे रहा है। कभी-कभी पंछियों  की आवाज़ें निस्तब्धता को भंग कर देती हैं, झींगुर की आवाज़ भी वातावरण को और अर्थवान बना रही है।  एक श्वेत तितली काफ़ी ऊँचाई पर उड़ रही है। वह प्रकृति की इस लीला को निहार ही रही थी कि अचानक हवा बहने लगी, कुछ वृक्ष मस्ती में झूम रहे हैं।


Wednesday, September 27, 2017

शिलांग की सुन्दरता


रात्रि के साढ़े आठ बजे हैं. आज नेहू में दूसरा और अंतिम दिन है. प्रातः भ्रमण के समय श्वेत जंगली फूलों के चित्र लिए. कैम्पस के अंदर जंगल में चीड़ के वृक्षों के अनेकों छोटे-छोटे पौधे उग आये हैं, उनमें से कुछ साथ ले जाने के लिए पानी और मिट्टी सहित एक छोटे से गिलास में रखे, हो सकता है उनमें से कोई बच जाये. यह अतिथि गृह पुराने तरीके का है. लकड़ी का फर्श है और बड़ा सा बैठक खाना है. जिस कमरे में वे ठहरे हैं वह नया बना है. नौ बजे वे बायो टेक्नोलॉजी विभाग में गये, जहाँ विभागाध्यक्ष ने स्वागत किया. एक छात्रा ने अपना अध्ययन प्रस्तुत किया. बाद में उनका पुस्तकालय भी देखा, जहाँ हिंदी की भी सैकड़ों पुस्तकें थीं.दोपहर का भोजन कालेज की कैंटीन में हुआ. उसके बाद शिलांग के दर्शनीय स्थान देखने निकले. सर्वप्रथम डॉन बोस्को संग्रहालय देखा, जो पूरे उत्तर-पूर्व भारत की तस्वीर पेश करता है. वहाँ से शिलांग की सबसे ऊँची चोटी पर गये, जहाँ कई दुकानें खुल गयी हैं तथा मार्ग भी पहले की तरह हरा-भरा व सुनसान नहीं रहा है. उसके बाद एलिफेंटा झरना देखा. वापसी में त्रिपुरा भवन भी गये. गोल्फ मैदान में कुछ तस्वीरें लीं, झील को दूर से निहारते हुए आगे बढ़े. पोलिस बाजार का एक चक्कर लगाया. जून के एक सहकर्मी जो साथ गये थे, उनकी ससुराल शिलांग में है, वहाँ गये. उनका घर भी लकड़ी का बना है और बहुत पुराना है. जहाँ अति स्नेह से उन्होंने नाश्ता कराया. वापस आकर कुछ देर टहलते रहे. कल सुबह सात बजे गोहाटी हवाई अड्डे के लिए निकलना है.  

कल दोपहर ढाई बजे वे घर लौट आये. घर की सफाई कराते-कराते शाम हो गयी फिर भोजन बनाते-बनाते रात. सुबह उठी तो स्कूल जाना था, बच्चों को सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया, जो उन्हें स्कूल के वार्षिक कार्यक्रम में प्रस्तुत करना है. लौटकर दोपहर का भोजन बनाया और अब समय मिला है कुछ देर बैठकर खुद से बात करने का. दोपहर को सोते समय लगा, वह स्वयं को सोते हुए देख रही है. अभी कुछ देर पहले दो सखियों से बात की, भाई-भाभी से भी, कल पिताजी से की थी. छोटी बहन से व्हाट्सएप पर बात हुई. दीदी से अभी रह गयी है, व्हाट्सएप पर छोटे से वीडियो में उन्हें व्यायाम करते देख उनके नाती को थिरकते देखा, बहुत अच्छा लगा. यात्रा विवरण भी लिखना है, फेसबुक पर तस्वीरें भी लगानी हैं. आज भी ब्लॉग पर कुछ नहीं लिखा, इस वर्ष की तीसरी यात्रा से लेखन में कुछ दिनों का व्यवधान पड़ा है. अभी भी पूरा मुँह खोलने में थोड़ी असुविधा होती है, ठीक एक सप्ताह पहले दांत निकलवाया था. डाक्टर ने मुँह का व्यायाम बताया था. तन और मन को जो भी हो आत्मा तो सदा एक रस है, वही सत्य है, शेष तो सब कुछ बदल रहा है. नन्हा पूना में है, आज रात वापस जायेगा या कल सुबह. उसने नया घर देख लिया है. अच्छी जगह पर है, और एक मित्र के साथ वह उसमें रहेगा. उसे फोन किया पर वह व्यस्त था.


आज सुबह भी नींद समय पर खुल गयी. कोई कह रहा था, वासना दुष्पूर्ण है अर्थात इसका कोई अंत नहीं. आज एक कविता लिखी. मृणाल ज्योति गयी. स्कूल की संस्थापिका की बाँह में दर्द है, उन्हें गर्दन के पास रीढ़ की हड्डी में भी दर्द रहता है. जीवन में कितना दुःख है, पर सभी मानव ने खुद ही एकत्र किया है. बगीचे में सफेद गुलाब की झाड़ी बहुत बढ़ गयी है, उसके लिए द्वार जैसा एक आधार बनवाना है, जून से कहा है बांस मंगवाने के लिए. किचन के बाहर का नल खराब हो गया है, उसकी शिकायत दर्ज करवानी है. बगीचे में तुलसी पुदीना के पौधे बहुत शीघ्र बढ़ रहे हैं, पत्तों का आकार तुलसी जैसा पर सुगंध पुदीने जैसी है. एक सखी का फोन आया, वैदिक गणित सीखने के लिए कह रही थी. जून से उसने पूछा तो उन्होंने कहा पहले ही इतनी व्यस्तता है, हर दिन कम से कम तीन-चार घंटे निकालने होंगे, उसका खुद का भी विशेष मन नहीं है, एक पुस्तक के द्वारा जो अब भी उसके पास है, कुछ वर्ष पहले कई सूत्र सीखे थे. आज स्कूल में फिर एक उड़ता हुआ भंवरा आया और उसकी बाँह पर बैठ गया. मन-प्राण भीतर तक एक उपस्थिति से भीग गये. चेतना हर जगह है, वही तो है, जो विभिन्न रूपों में प्रकट हो रही है !   

Monday, September 25, 2017

बड़ा पानी -उमियाम झील


कल शाम चार बजे वे गोहाटी पहुँचे थे. शाम को बाजार गये फिर एक मित्र परिवार से मिलने. रात्रि भोजन भी वहीं किया. आज सुबह ब्रह्मपुत्र के किनारे टहलने गये. नदी के तट पर कई वृक्ष लगे थे, वर्षों पुराने वृक्ष बहुत सुंदर थे पर किनारा टूटा-फूटा था और स्वच्छता का बहुत अभाव था. सड़क के दोनों किनारों पर फूलवालों की कई दुकानें लगी थीं. होटल लौटते समय फल मंडी से होते हुए आये. लौटकर स्नान, नाश्ता आदि कर नौ बजे ही गणेश गुड़ी स्थित पासपोर्ट दफ्तर के लिए रवाना हुए, जहाँ उसे अपने पासपोर्ट का नवीकरण कराना था. वहाँ काफी भीड़ थी पर उन्हें दस बजे से पहले ही बुला लिया गया. तीन भागों में सारी कार्यवाही पूरी हुई, दफ्तर में सभी कार्य काफी व्यवस्थित ढंग से हो रहे थे. साढ़े ग्यारह बजे तक सब काम हो गया. बाजार से असम सिल्क के कुरते के लिए वस्त्र खरीदा. दोपहर बाद पुनः उन्हीं मित्र के यहाँ गये, शाम को जून अपने एक सहकर्मी के घर ले गये. जिनका पुश्तैनी मकान काफी बड़ा है, तथा एक पहाड़ पर बना है. खेती भी है, उनके भाई-भाभी तथा भतीजों से मिलना हुआ. स्वादिष्ट नाश्ता करके वे होटल आ गये हैं. कल सुबह शिलांग के लिए निकलना है. कल वे चेरापूंजी जायेंगे.


‘नार्थ इस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी’ (नेहू) के पुराने गेस्ट हॉउस के वीआईपी कक्ष ‘संख्या-एक’ में बैठकर डायरी लिखने का सम्भवतः यह पहला और अंतिम अवसर है. आज सुबह ही गोहाटी से शिलांग के लिए बल्कि कहें चेरा पूंजी के लिए रवाना हुए. मेघालय और असम काफी दूर तक साथ-साथ चलते हैं, सड़क के मध्य जो विभाजक है उसके बायीं तरफ असम है और दायीं तरफ मेघालय है. असम की सीमा समाप्त होते ही पहाड़ी रास्ता आरम्भ हो जाता है. सडकें ऊंची-नीची हो जाती हैं तथा चीड़ के वृक्ष दिखने लगते हैं. मार्ग में उमियाम या बड़ा पानी नामक एक सुंदर झील पर रुककर कुछ तस्वीरें उतारीं. यह दस वर्ग किलोमीटर क्षेत्र वाली अति विशाल कृत्रिम झील है, जहाँ बिजली का उत्पादन भी किया जाता है. 

चेरापूंजी में प्रवेश करते ही दृश्य पटल बदलने लगा, रास्ता अच्छा था. गाड़ी तेज रफ्तार से चल रही थी. एक तरफ घाटियाँ दिखने लगी. पहाड़ों की ढलान जो मीलों तक नीचे गयी थी, घने जंगलों से ढकी थी. दूर के पर्वत नीले लग रहे थे और उनके पीछे धुंध थी. धूप तेज थी. आगे चलकर झरने देखे तथा प्राकृतिक गुफाएं भी, जो बहुत विचित्र हैं. इनके भीतर वर्षा के जल के निरंतर गिरने से पत्थरों ने जाने कितने वर्षों में टूटकर विभिन्न आकर ग्रहण कर लिए हैं. उनमें प्रवेश करके आड़े-तिरछे रास्तों से गुजरकर बाहर आना एक रोचक व रोमांचक अनुभव था. गुफाओं से लौटकर एक शुद्ध शाकाहारी रेस्तरां ओरेंज कंट्री में भोजन किया. भोजन बनाने वाली महिला थी तथा परोसने वाली भी सभी महिलाएं थीं. वे लगातार उस स्थान को साफ करने में लगी थीं. शिलांग के लिए वापसी की यात्रा में एक अन्य झरना दिखा, जो दूर से दिखाई दे रहा था. काफी ऊँचाई से गिरता हुआ वह नीचे घाटी में मीलों दूर गिर रहा था. शिलांग के सुंदर दृश्यों को देखते हुए वे नेहू वापस आ गये हैं. यह कैम्पस भी बहुत सुंदर है. चीड़ के जंगलों के कारण इसकी सुन्दरता और भी बढ़ जाती है. कल वे शिलांग लेक, लेडी हायड्री पार्क, गोल्फ कोर्स आदि देखने जायेंगे. डॉन बोस्को संग्रहालय भी देखने लायक स्थान होगा. आज नन्हे से बात हुई, उसने एक मित्र के साथ घर लेने का निर्णय किया है. 

Tuesday, July 24, 2012

पौधे पर जोंक




आज एकाएक इतने दिनों बाद डायरी उठा लेने के पीछे कारण है, कल जून उसके लिये एक स्लैक्स लाए हैं जिसे पहन कर वह व्यायाम करेगी और एक अलार्म घड़ी, सुबह-सुबह उठाने के लिये. सुबह इतनी सुंदर होती है वह तो जैसे भूल ही गयी थी. प्रातः कालीन शांत वातावरण, शीतल हवा और रात की वर्षा के कारण धुला-धुला सा सब कुछ जैसे एक कविता लिखने का आमन्त्रण हो. सामने वाली उड़िया निवासिनी शायद अभी सो ही रही है उस दिन उसने कहा था कि सुबह पांच बजे वे दोनों साथ-साथ घूमने जायेंगे. जून अभी सोये हैं वह उठाकर तो आयी है पर नींद शायद टूटी नहीं. उनकी लेन में लगाये गए वृक्षों पर पहली बार फूल लगे हैं, बयार में धीरे धीरे झूल रहे हैं. आज शुक्रवार है क्लब में फ़िल्म का दिन, वे जायेंगे पर नन्हा आधा घंटा भी बैठने नहीं देता, उसे भला फिल्म में क्या रूचि हो सकती है. आजकल हर बात अपनी मनवाना चाहता है. जून परेशान हो जाते हैं. उसे भी कभी-कभी झुंझलाहट होती है पर अगले ही पल लगता है प्यार से ही समझाना होगा.

आज की सुबह कल की तरह शीतल नहीं है, वह उठकर बाहर आयी तो खिड़कियाँ खोल दीं व पंखा बंद कर दिया था कि सुबह की ताजी हवा कमरे में भर जायेगी, लेकिन बाहर हवा नहीं है सो उसने पुन पंखा चला दिया यह सोचकर कि नन्हे और जून को गर्मी लगेगी. तभी उसने देखा कि उड़िया लड़की साइकिल चलाकर लौट रही है, तो वह वजन घटाने के लिये यह करती है, इसका अर्थ हुआ कल भी वह सोयी नहीं थी. कल बड़ी भांजी को जन्मदिन कार्ड भेजा और आज चचेरी बहन को स्वेटर का पार्सल भेजना है. वातावरण की उमस उसे परेशान करने लगी, सुबह-सुबह तो मन शांत होना चाहिए, मधुरतम भावनाओं से भरा हुआ. उसे लगा वह भीतर से कठोर हो गयी है, लिखना छोड़ वह शेष कार्य करने भीतर चली गयी.

कल इतवार था वह उस पड़ोसन के साथ घूमने गयी थी, उन्होंने काफ़ी लम्बा चक्कर लगाया एक घंटा लग गया. आकर लेट गयी और पांच मिनट बाद ही जून भी उठ गए, सो लिख नहीं सकी, बाद में याद आया तो सोचा कि इतवार के लिये डायरी में जगह ही कहाँ होती है. आज वह हरसिंगार के फूल लायी है. जहाँ वह बैठी है उसकी चप्पल के पास एक जोंक का बच्चा है दो सेंटीमीटर लम्बा होगा  होगा. उस रात को जून के पैर पर एक जोंक चिपक ही जाती उसे पता चल गया. आज थोड़ी ठंड है अब हर दिन ज्यादा ही होती जायेगी, वे शिलांग से जो फूलों के पौधे लाए थे उन्होंने जमीन पकड़ ली है, अभी गुलाब की कलम में अंकुर नहीं फूटे हैं जीवन के. कल रात उनके बायीं ओर वाले पड़ोसी वापस आ गए पूरे पन्द्रह दिनों के बाद, अभी अभी गृहणी बाहर आयी थीं, लाइब्रेरी से वह दो पुस्तकें लायी थी, अभी पढ़ी नहीं हैं.