Showing posts with label घुटना. Show all posts
Showing posts with label घुटना. Show all posts

Wednesday, March 3, 2021

एस्टोनिया के फूल

 इस समय वे पहली मंजिल पर बैठक में बैठे हैं। राजस्थान पत्रिका में पढ़ा, दिल्ली में प्रदूषण के कारण स्कूल पाँच तारीख तक बंद कर दिए गए हैं। एक सप्ताह बाद उन्हें भी यात्रा पर निकलना है, तीसरे सप्ताह में दिल्ली पहुंचेंगे। तब तक संभवत: हालात सुधर जाएं। शाम को जून साइकिल से गैस सिलिन्डर की बुकिंग के लिए गए और उसने यहाँ आने का बाद पहली बार ध्यान किया, मन कितना शांत लग रहा है। सुबह सूर्योदय की तस्वीरें उतारीं, मोबाइल से प्राकृतिक दृश्यों की तस्वीरें उतारना कितना सहज है और अब तो यह  उसके जीवन का एक भाग ही बन गया है। आजकल सुबह-शाम दोनों समय टहलते समय फूलों की गंध आती है, एस्टोनिया के फूलों की गंध ! कल शाम नन्हा व सोनू आ गए थे, सुबह उनके साथ पहले डेन्टिस्ट के पास गए फिर कपड़े सिलने देने के लिए दर्जी के पास। मार्च तक उन्हें तीन शादियों में सम्मिलित होना है। 


तुलसी का पौधा लगाने के लिए पत्थर का एक विशेष गमला कल खरीदा था, कल उसमें पौधा लगाना है।  आज सुबह बुरादा, खाद मिलकर मिट्टी तैयार की। तुलसी व अजवाइन के पौधे लगाए, शेष गमलों में खाद डाली। ग्लेडियोली के बल्ब से पौधे निकलने लगे हैं। जून को बालकनी में पिटूनिया लगाने का मन है।  वे निकट स्थित एक नर्सरी में गए, पर वहाँ पौधे नहीं मिले, आश्रम की नर्सरी से दो फूल के पौधे लिए। आज मौसम अपेक्षाकृत गरम है, यहाँ ठंड का मौसम आता ही नहीं शायद। पिताजी को फोन किया तो उन्हें यहाँ आने का निमंत्रण दिया।आज टाटा स्काई लगाने के लिए लोग आए थे, शायद कल से वे कुछ देर टीवी भी देख सकें।


मन दर्पण है, परमात्मा बिम्ब है, जीव प्रतिबिंब है, यदि दर्पण साफ नहीं हो तो उसमें प्रतिबिंब स्पष्ट नहीं पड़ेगा। संसार भी तब तक निर्दोष नहीं दिखेगा जब तक मन निर्मल नहीं होगा। हम अपने मन के मैल को जगत पर आरोपित कर देते हैं और व्यर्थ ही जगत को दोषी मानते हैं। जब कभी हमने किसी को दोषी माना, उस पर अपना ही मत थोपा है। हर कोई जैसा है वैसा है। आत्मा सभी के भीतर बीज रूप में विद्यमान है। उसमें फूल खिलाना जिसने सीख लिया, सुगंध उसे ही मिलती है, उसे वृक्ष बनाना जिसने सीख लिया, छाया उसे ही मिलती है। उसे जाने बिना जो रह गया, उसके लिए आत्मा का होना या न होना क्या अर्थ रखता होगा ? 


दिन खरामा-खरामा बीत रहे हैं, किसी नदी की शांत धारा की तरह। मौसम आज भी गरम है। सुबह ठंडी थी, उन्हें जैकेट पहनकर निकलना पड़ा। फूलों से लदे वृक्षों की तस्वीरें उतारीं। कुछ देर प्राणायाम किया पर आसन नहीं किए, जून के अनुसार ‘समय नहीं था’ उन्हें हर काम को जल्दी करने की आदत है। कल शाम उन्होंने पिताजी की पुरानी तस्वीरें खोजीं, जिन्हें स्कैन करके एक वीडियो बनाना है। उनके जन्मदिन पर यह उपहार होगा उस कविता के साथ जो उनके लिए उसने लिखी है।  बर्तन डिशवाशर में लगाकर वे ऊपर शयन कक्ष में आ गए हैं। आज इतने दिनों बाद टीवी पर तेनालीरामा देखा, कहानी जैसे आगे बढ़ी ही नहीं है। दोपहर को वे फोर्टिस अस्पताल गए, उसके हाथ के नाखूनों में सफेदी आ रही थी और जून को भी त्वचा विशेषज्ञ को दिखाना था। डाक्टर ने खाने व लगाने  की दवा दी है। दोपहर को सीढ़ी चढ़ने में दाहिने घुटने में कुछ दिक्कत महसूस हुई, बर्फ का सेक करने का सुझाव दिया है नेट पर, जून ने तिल के तेल से मालिश करने को कहा। दिन में कई बार सीढ़ियाँ चढ़नी व उतरनी पड़ती हैं, नया-नया अभ्यास है अभी। अभी छोटे भाई से बात हुई, वह नन्हे की ससुराल गया था, वहाँ बहुत खातिरदारी हुई उसकी। नन्हे ने  शाम को बिग बास्केट से कुछ नए प्रकार के फल भेजे, उनमें एक ड्रैगन फ्रूट भी है। 


आज उन्हें असम छोड़े हुए तीन सप्ताह हो गए हैं। यहाँ घर  की दिनचर्या लगभग निश्चित हो गई है।  सुबह वे साढ़े चार बजे उठते हैं, टहलने जाते हैं जब हल्का अंधेरा होता है। वापस आकर योग साधना। हॉर्लिक्स पीने के बाद बगीचे में कुछ देर काम और हरसिंगार के फूल चुनना। उसके बाद स्नान और नाश्ता बनाना। जिसमें सब्जी काटने से आरंभ करना होता है। उसके बाद अखबार पढ़ना, व्हाट्सएप व फ़ेसबुक पर पोस्ट डालना।  जून ने दीवाली की लाइट उतारने के लिए इलेक्ट्रिशियन को बुलाया है। कल की सेवा के बाद दायाँ घुटना ठीक है, अब बाएं में कुछ दर्द हो रहा है, उसकी भी सेवा-सुश्रुषा हो जाएगी। एक सब्जी वाली घर बैठे पालक व पुदीना दे गई है, निकट ही एक गाँव है, वहीं से आयी होगी। शाम को वे टहलने गए तो काफी रौनक दिखी, एक पार्क में महिलाओं की थ्रो बॉल प्रैक्टिस चल रही थी। एक जगह बच्चे स्केटिंग कर रहे थे।  


वर्षों पुरानी उस पुरानी डायरी में पढ़ा - 


सत्य यही है कि संसार में दो नियम हैं जन्म और मृत्यु ! 

नाश का ज्ञान रखने वाला क्या कभी पाप करेगा ? वह तो जितने दिन रहेगा, स्नेह और समता से ही इस संसार में रहेगा। आदमी जब तृष्णा, अहंकार और ईर्ष्या से शीघ्र ही कुछ प्राप्त कर लेने के लिए काम करता है, तब वह अपने भीतर ही असहिष्णु हो जाता है। अहंकार उसकी नींवों को ठोस भूमि पर खड़ा नहीं रहने देता। 


सबकी आत्मा की शक्ति समान है कुछ की शक्ति प्रकट हो गई, कुछ की प्रकट होनी बाकी है, बस इतना ही अंतर है ! 


बापू की एक सूक्ति भी उसने लिखी थी - क्षण भर भी काम के बिना रहना ईश्वर की चोरी समझो। काम के सिवा भीतरी और बाहरी आनंद का और कोई रास्ता मैं नहीं जानता। 


Friday, March 15, 2013

1984-George Orwell



“Let all our passions and emotions go up unto Him. They are meant for Him, for if they miss their mark and go lower, they become vile and when they go straight to the mark, to the Lord, even the lowest of them becomes transfigured, He is the Beloved who is in this world more beautiful than Him? Let Him be the Beloved.”- Swami Vivekannd

  शनिवार को उनके लेडीज क्लब और दिगबोई लेडीज क्लब का सम्मिलित भोज था, बहुत सफल रहा. वह दिन उसकी यादों में एक अनोखे दिन की तरह सदा-सदा रहेगा. इतनी सारी महिलाओं के बीच, जिन्हें वे जानते भी नहीं लेकिन फिर भी एक अपनापन लग रहा था. अगली सभा में वह अवश्य कहेगी अपने इस अनुभव के बारे में. आज उसने दो खत लिखे, सुबह के सारे काम सम्पन्न हो जाने के बाद. कल शाम जून और उसने बगीचे में काफी देर काम किया. उसकी पड़ोसिन ने चायनीज गुलाब की दो कलमें दी थीं, उन्हें भी लगाया, उनके घर से आने तक उसमें नए पत्ते आ जायंगे शायद. कल रात उसने कई सपनों के मध्य एक मजेदार स्वप्न देखा, पिता को एक अरब रुपया मिलने का स्वप्न. 

  कल नन्हा स्कूल से आया तो उसके दोनों घुटनों में चोट लगी थी, शाम को दर्द काफी था. जून स्कूल जाने से पहले अस्पताल ले गए. जाना ही था क्योंकि आज सोशल साइंस का टेस्ट है, स्कूल जाते वक्त वह हँस रहा था. कल पड़ोस के बच्चे को भी किसी ने कान पर मार दिया था. शायद सभी बच्चे इसी तरह बड़े होते हैं. आज सुबह से हल्के बादल हैं इससे गर्मी कम है. कल रात गर्मी के कारण पहले नींद नहीं आ रही थी. उसने घड़ी की ओर देखा, आज सरदार जी की दूध की गाड़ी नहीं आयी, वे तिनसुकिया से रोज इसी समय तक आ जाते हैं. जून आज फील्ड गए हैं, देर से आएंगे, उसने सोचा कुछ देर के लिए तेलुगु सखी के यहाँ मिलने जायेगी.

 हाँ, आज से वह “उसे” ही सम्बोधित करके ही लिखेगी. उसी ने अभी उसे आवाज दी थी न, पर जब फोन उठाया तो कोई आवाज नहीं, क्या मौन ही उसकी आवाज है ? नन्हे को स्कूल में फिर चोट लग गयी उसी जगह पर वह बहादुर है, है न ? जैसे वह हमेशा उसकी सहायता करता है, वैसे ही उसकी भी करेगा और जून की भी. वह तो सब जानता है. आज जून सुबह फील्ड जाने के लिए जल्दी चले गए और देर से आएंगे, कल यूँही उसने उन्हें दुःख पहुँचाया, अब से वह सिर्फ उसी से शिकायत करेगी, इस जग के किसी भी प्राणी से नहीं, वह ही तो है जो उसकी वर्षों की बेवकूफियों को सहता आ रहा है...फिर भी अपना हाथ उसके सिर से नहीं हटाया है उसने...वह कोशिश करेगी कि कभी भी उसे न भूले, क्योंकि जब वह याद रहता है तो वह ओछा काम कर ही नहीं सकती. आज गगन में बदली छायी है, कल शाम को बादल नहीं थे, पर रात जाने कहाँ से आ गए, वर्षा होने लगी, उसने जो बीज डाले थे अब उसके ही हवाले हैं, चूँकि अब उसका हर काम उसे ही संवारना है, क्या ज्यादा बोझ नहीं डाल रही है उस पर..वह हँस रहा है..उसकी आँखों में आँसू भरकर वह हँसता है...oh God I love You ! I love You so much! वह व्यर्थ ही उससे डरती थी.

  आज सुबह लिख नहीं सकी, क्योंकि जाले साफ करवा रही थी, सारे कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे, फर्नीचर के पीछे एक महीने में कितनी गंदगी इकट्ठी हो जाती है. फिर जून आये, सुबह भी वेल गए थे, दोबारा गए हैं और वहीं से तिनसुकिया जायेंगे. उनसे नेप्थलीन बाल्स के लिए कहना है. वह सोच रही है इस बार हेयर कट कैसे करवाए, छोटे या बस ट्रिमिंग ही. घर जाने से पहले तिनसुकिया तो नहीं जा पायेगी, कोलकाता में ही करवाना होगा. इस समय धूप निकल आई है, धूप में धुले पौधे कितने सुंदर लग रहे हैं. सुबह नन्हे को फिर जल्दी-जल्दी कम करने के लिए कहा, उसने उसे रोका भी नहीं. George Orwel की किताब 1984 समाप्त कर दी, new speak, thought crime, good thing, Eurasia जैसे शब्द कुछ दिन याद रहेंगे फिर कहीं खो जायेंगे लेकिन लेखक की कल्पना शक्ति का लोहा मानना ही पड़ेगा.  

  डेढ़ बजे हैं दोपहर के, यूँ यह लिखने की जरूरत नहीं थी, क्योंकि रात को डेढ़ बजे कभी लिखे यह नामुमकिन तो नहीं कठिन जरूर है. सिर में हल्का सा भारीपन है, उसका कहना जो नहीं मानती, मन को अखाड़ा बनाये रखने से तो दर्द होगा ही, अनेकानेक इच्छाएं जन्म लेती हैं, पूरी न होने पर उनको पूरा करने का प्रयास.. फिर असफल होने पर झुंझलाहट, इन सबका परिणाम है अशांत मन...जून देर से आये, खाना उसने अकेले ही खाया. पिछले कई दिनों से वह बहुत व्यस्त थे, जी.एम. उनके काम से खुश हैं, आज मीटिंग में पार्टी है इस खुशी में. कल उसकी एक परिचिता आयी थी परिवार के साथ, दो किताबें ले गयी है उसकी किताबों की अलमारी से. उसने सोचा, लिखना छोड़कर काम शुरू करेगी, ‘श्रम’ बेहतरीन उपाय है मन को स्थिरता देने का.