Showing posts with label नवरात्रि. Show all posts
Showing posts with label नवरात्रि. Show all posts

Thursday, September 27, 2018

महालया अमावस्या


आज महालया है. नवरात्रि का समय संधिकाल है, संधि बेला है. ग्रीष्म खत्म होने को है सर्दियां शुरू होने को हैं. गुरूजी कह रहे हैं, इन दिनों में यदि कोई श्रद्धा से उपासना करेगा, तो गहन तृप्ति के रूप में उसका लाभ उसे अवश्य मिलेगा. इष्ट के प्रति एकनिष्ठ होकर यदि कोई नवरात्रि का अनुष्ठान करता है, भोजन को प्रसाद मानकर ग्रहण करता है, तब सहज आनंद के रूप में उसे पूजन का लाभ मिलेगा. मानव की देह मिली है तो उसका पूर्णलाभ लेना होगा. भावना और श्रद्धापूर्वक किया गया नवरात्रि पूजन उन्हें तृप्त कर देता है. साधक को ज्ञान प्राप्त करना है फिर सब कुछ छोड़कर शरण में आ जाना है.
आज प्रथम नवरात्र है. मन में एक विचित्र शांति का अनुभव हो रहा है. मन जैसे पिघलना चाहता है. अस्तित्त्व के चरणों में बह जाना चाहता है. परमात्मा इतना उदार है और अपार है उसकी कृपा..उसके प्रति प्रेम की हल्की सी किरण भी सूरज की खबर ले आती है एक न एक दिन.
आज मौसम गर्म है. नैनी घर की सफाई में लगी है, अभी यह हफ्ता लगेगा पूरा घर साफ होने में. आज तीसरा नवरात्र है. दोपहर को अयोध्या काण्ड में आगे लिखना आरम्भ किया पर पूरा नहीं किया. कुछ देर पतंजलि योग सूत्र पर एक सखी से कल लाई किताब पढ़ी. जून की यूरोप से लायी काफी पी.
जीवन को सुंदर बनाने के लिए दो वस्तुओं की आवश्यकता होती है. ज्ञान तथा ऊर्जा, इसीलिए वे शिव और शक्ति दोनों की आराधना करते हैं. दुर्गापूजा के नौ दिनों में प्रथम तीन दिनों में काली की पूजा होती है, जो तमोगुण का प्रतीक है, फिर अगले तीन दिन लक्ष्मी की तथा अंत में सरस्वती की, जो रज तथा सत गुण की प्रतीक हैं. उनके भीतर की ऊर्जा तीनों गुणों से प्रभावित होती है ! कभी वे तमोगुण के शिकार हो जाते हैं, तो कभी सतो या रजोगुण से. ज्ञान की देवी सरस्वती की कृपा तभी होगी जब तमोगुण से मुक्त होकर वे क्रियाशील बनते हैं, सौन्दर्य का सृजन करते हैं. अस्तित्त्व प्रतिपल अपना सौन्दर्य लुटा रहा है, वही सृजन उसका ज्ञान है, ज्ञान से ही प्रकटा है और ज्ञान इसके बाद भी अक्ष्क्षुण है. जड़ता को हटाकर क्रियाशील होने के बाद जो विश्रांति का अनुभव होता है, वही तृप्त करने वाला है !
आज स्कूल जाना है. ग्रैंड पेरेंट्स डे पर कुछ बातें जो उस दिन लिखी थीं, उनके साथ बांटने के लिए. बातें जो वे सब जानते हैं पर समय आने पर याद नहीं रहतीं. दादा-दादी के महत्व को कौन नकार सकता है एक बच्चे के जीवन में, पर यह बात माता-पिता को समझ में नहीं आती. उन्हें लगता है बच्चे पर पूर्ण रूप से उनका ही अधिकार है और उसकी परवरिश से जुड़ा हर फैसला केवल वे ही ले सकते हैं. जब समझ आती है तब बहुत देर हो चुकी होती है. जिसकी बुद्धि खुल गयी है, जो सभी को अपना अंश मानता है, वह तो प्रेम के किसी भी रूप का सम्मान करेगा. प्रेम बाँटने और और प्रेम स्वीकारने में कंजूसी करते हैं जो, वे उस महान प्रेम को महसूस नहीं कर पाएंगे. माता-पिता के प्रति कृतज्ञता जब तक भीतर महसूस नहीं होगी, तब तक उनके स्नेह की धारा में वे भीग नहीं सकते. जीवन उन्हें चारों और से पोषित करना चाहता है. उनके पूर्वजों का रक्त उनके भीतर बह रहा है. वे बहुत संकुचित दृष्टिकोण रखते हैं और तात्कालिक हानि-लाभ को देखते हैं, अपने अतीत और भविष्य की तरफ जिसकी नजर होगी, वह पूर्वजों का सम्मान करेगा. आज की उसकी वक्तृता यकीनन दिल से ही बोली जाएगी. कागज पर लिखा वहीं का वहीं रह जायेगा.

Monday, June 6, 2016

शारदीय नवरात्रि


आज से नवरात्रि का उत्सव आरम्भ हुआ है, वह एक संदेश लिखना चाह रही है जो दुर्गा पूजा के साथ-साथ नवरात्रि तथा विजयादशमी का भी संदेश देता हो. शक्तिस्वरूपा देवी से वे शक्ति की प्रेरणा पायें, शरदकाल के आश्विन शुक्ल पक्ष में प्रकृति के अनुसार सादा भोजन कर शरीर व मन को पुष्ट करें. विजयादशमी पर अपनी विजय के लिए निश्चिन्त हो जाएँ, दुर्गापूजा का उत्सव कितना उत्साह व उमंग अपने साथ लाता है. ये सारी बातें छोटे से संदेश में समा जाएँ ऐसा उसका प्रयास रहेगा.

आज ईद है. मुस्लिम लोगों का उत्सव जो रमजान के पूरे एक महीने बाद आता है. आज ही नवरात्रि का तीसरा दिन भी है. कल शाम एक परिचिता के ससुर का डिब्रूगढ़ में देहांत हो गया. जून ने सुना और फिर भी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्लब गये फिल्म देखने, या तो उनको दिल की कोई खबर ही नहीं है या वे इससे बहुत ऊपर उठ गये हैं अर्थात मृत्यु उनके लिए सामान्य घटना है. वह पूरी फिल्म नहीं देख पाई. हिंसा और अभद्रता के सिवा उसमें कुछ भी नहीं था. यही आजकल समाज में हो रहा है सम्भवतः. सुबह वे उस परिचिता के यहाँ गये तो पहले ही मृत शरीर को ले जाया जा चुका था. उसकी सास बहुत रो रही थीं, और इक्यानवे वर्षीय अपने लम्बे समय से अस्वस्थ पति की मृत्यु का शोक ही नहीं मना रही थीं, बल्कि इलाज ठीक से न होने की शिकायत कर रही थीं, आने वाले लोगों से अपने ही पुत्र की शिकायत. इतनी उम्र बिता लेने के बाद भी लोग कितने अज्ञानी बने रहते हैं !


टीवी पर मुरारी बापू गोपी गीत मानस पर व्याख्यान दे रहे हैं. वह राम और कृष्ण में कोई भेद नहीं देखते. ब्रह्म एक है वह सर्वव्यापक है पर कभी-कभी वह मानव रूप धर के आता है, अपनी सारी कलाओं के साथ ! आज एक और मृत्यु की बात सुनी. एक परिचिता को ब्रेन ट्यूमर हुआ था, डेढ़ वर्ष पूर्व लंग कैंसर हुआ था. अंतिम समय में वह बिलकुल निष्क्रिय हो गयी थी, बोल भी नहीं पाती थी. बातूनी सखी के अपनी व्यथा सुनाई, वह अपने शरीर से परेशान है जो रोगों का घर है. जीवन में दुःख है, जीवन रहस्यमय है. यहाँ आनंद भी उतना ही है, कब क्या मिलेगा कुछ कहा नहीं जा सकता ! असमिया सखी ने अपने एक नैनी की व्यथा कथा सुनाई, वह उसके लिए कुछ सहायता राशि एकत्र करना चाहती है. उसके इलाज के लिए तथा जब तक वह ठीक नहीं हो जाती उसके भोजन आदि के लिए. उसके हृदय में दुखियों का दर्द करने का जज्बा भरा है, ईश्वर की कृपा हुई है ! जून ने आज उसकी तीन किताबें AIPC के लिए खुर्जा भेजी हैं, कोई रोशनारा हैं जो दिल्ली में कवयित्री सम्मेलन करने जा रही हैं. आज बड़ी ननद को कल्याण पत्रिका भी भेजनी है. नन्हे की MCA की किताबें भेज दीं. जून आजकल बहुत व्यस्त हैं फिर भी ये सारे काम कर दिए. जिन दिनों वे व्यस्त रहते हैं, ज्यादा खुश रहते हैं ! परमात्मा को कुछ करना शेष नहीं है, पर वह कार्यरत है ! 

Wednesday, February 10, 2016

या देवी सर्वभूतानां


नवरात्रि उत्सव आरम्भ हो गया है. देवी की आराधना का उत्सव अर्थात चेतना की शक्ति की आराधना. सद्गुरु ने कितनी सहजता से इसका अर्थ बताया. विष्णु के कान के मैल से उत्पन्न मधु-कैटभ को मारने में जब विष्णु असमर्थ हुए तो देवी को आना पड़ा. चंड-मुंड का नाश भी देवी करती है. चंड अर्थात ऐसी चेतना जो केवल शरीर के निचले हिस्से में स्थित है, हृदय को प्रमुखता देती है, भावुक है तथा मुंड जो दिमाग को प्रमुखता देती है. दोनों ही अकेले-अकेले खतरनाक हैं, दिल व दिमाग का सामंजस्य ही व्यक्ति को पूर्ण बनाता है. जब आत्मा की शक्ति जगती है तो दोनों में संतुलन होता है. रक्तबीज का नाश भी देवी ने किया, अर्थात रक्त में घुले विकार चाहे वे शारीरिक रोग हों या मानसिक रोग, उनका नाश भी आत्मा की शक्ति से सम्भव है. नवरात्रि के नौ दिन गर्भ में नौ महीनों के वास के समान है, जिसके बाद नई सृष्टि देखने को मिलती है.

बचपन से अभी तक उससे कितनी ही भूलें हुई हैं, असत्य बोलना, चोरी और वाणी के अनगिनत अपराध, बुरे संकल्पों के, ईर्ष्या, द्वेष, परनिन्दा व और भी कितने-कितने अपराध होते ही रहे हैं, जो अनजाने में हुए उन्हें तो परमात्मा भी सम्भवतः क्षमा कर देता हो, लेकिन जो लोभ वश, स्वार्थ वश, अज्ञान वश, मोह वश हुए या किये उनसे छुटकारा तो वक्त ही देगा, कभी दुःख के रूप में, कभी ग्लानि के रूप में. लेकिन कल दोपहर मन को एक ग्रन्थि से छुटकारा मिल गया, भीतर जैसे कोई घड़ों जल डालकर धो गया हो ऐसी स्वच्छता का अनुभव हुआ ! गुरूजी भी कहते हैं सभी विकार प्रेम का ही विकृत रूप हैं, तो वह प्रेम ही था जो अभी अपने शुद्ध स्वरूप में नहीं आया था, जो उन दिनों उसे भरमा रहा था. विकृत प्रेम ही ईर्ष्या है, अब जब स्वयं को आत्मा जान लिया है, भीतर सन्नाटा है. शास्त्र कहते हैं ज्ञान की अग्नि में सारे संचित कर्म जल जाते हैं, अब केवल प्रारब्ध कर्म ही शेष हैं. जिनका भुगतान समता से करना है. ससुरल से माँ-पिताजी आये हैं, उन्हें कोई बात दुःख देने वाली न लगे, वाणी पर नियन्त्रण रहे, ऐसी ईश्वर से प्रार्थना है. जून अपने दफ्तर में व्यस्त हैं, आईएसओ सर्टिफिकेट लेने के लिए उन्हें काफी काम करना पड़ रहा है.  

आज सुना, उन्हें स्मृति के साथ-साथ धृति का विकास करना है. धृति का अर्थ है धारणा, धैर्य ! धारणा यदि दृढ हो, मन यदि एक वस्तु पर टिककर उसी का चिन्तन करे तो समाधान हो जाता है. धैर्य की कमी से ही आज संबंध बिगड़ रहे हैं. सहन शक्ति की कमी से ही दूसरों के दोष दिखाई देते हैं, वाणी का अपराध होता है. इस जीवन में सभी को अपनी यात्रा अपने ढंग से करनी है. साधक को आग्रह त्यागकर प्रेम से मध्य मार्ग निकलना है. जीवन की परिस्थितियाँ तो बदल रही हैं, उनके हाथ में समता में रहना है, नहीं तो प्रवाह उन्हें बहा ले जा सकता है. समता से ही आंतरिक प्रसन्नता बनी रह सकती है. परमात्मा सभी के भीतर है, सभी उसके भीतर हैं और फिर भी वह अप्रकट है, छिपा है, सभी को उसकी माया ने ढका हुआ है. वेद का ऋषि कहता है उसके भीतर जो परमात्मा रूपी प्रकाश है उसका आवरण हटा दो, वह उस प्रकाश से ही प्रार्थना करता है. वे इस जगत में प्रेम अनुभव करने व बांटने ही तो आये हैं, अथवा तो सहयोग करने, शरीर द्वारा सहयोग करना तथा मन द्वारा प्रेम देना ही तो साधक का लक्ष्य है !