Wednesday, February 24, 2021

पराशक्ति


कल दीपावली का उत्सव सोल्लास सम्पन्न हो गया। नन्हे ने सदा की तरह दिल खोलकर कर उत्सव व विशेष भोज का आयोजन किया। लगभग बाईस लोग आए थे। सभी ने घर की तारीफ की। दोपहर को वह उन्हें गो-कार्ट ले गया। ड्राइविंग सीखी हुई थी सो ज्यादा परेशानी नहीं हुई। वैसे भी वह गाड़ी उलटती नहीं है। रात को सोने में देर हुई. नन्हा व सोनू भी अपने मेहमानों को लेकर बारह बजे घर पहुँचे थे । आज दोपहर वे दोनों फिर आ गए थे। घर से ही काम किया। कल भाईदूज है, उम्मीद है भाइयों को टीका मिल गया होगा। इस समय रात्रि के साढ़े नौ बजे हैं, बाहर से लगातार पटाखों की आवाजें आ  रही हैं। 


आज यहाँ  आने के बाद पहली बार वे आश्रम गए, जहाँ जाने मात्र से ही भीतर एक अनोखा सुकून मिलता है। विशालाक्षी मंडप में बैठकर कितनी ही पुरानी सुखद स्मृतियाँ भी सजीव हो उठीं। गुरूजी वहाँ नहीं थे पर उनकी मोहक तस्वीर भी उनकी उपस्थिति का अहसास करा रही थी। उनकी आँखें अपनी ओर खींचती हुई सी लग रही थीं। आश्रम के सुंदर वातावरण की कई तस्वीरें भी उन्होंने उतारीं। कुछ देर भजन में भाग लिया और कुछ खरीदारी की। गुरुजी की बहन भानु दीदी की लिखी एक पुस्तक ‘पराशक्ति’ ली, जिसमें पुराणों में वर्णित देवियों के बारे में जानकारी है, अवश्य ही पठनीय होगी।  कल एक मित्र परिवार आ रहा है, उन्हें लेकर कल फिर वे यहाँ आएंगे। कुछ देर पहले पड़ोस से पटाखे फोड़ने की आवाजें आ रही थीं, सड़क पर कागजों का ढेर लग गया है, इतना वायु प्रदूषण होता है सो अलग। यहाँ आने के बाद पहली बार ब्लॉग पर एक पोस्ट प्रकाशित की। बाहर वर्षा आरंभ हो गई है। इस कमरे के बाहर खुला बरामदा है। काफी खुला-खुला घर है यह, आकाश भी कमरे से दिखाई देता है और इस मौसम में सुबह की धूप सीधी कमरे में आती है। जीवन फिर से पटरी पर आता दीख रहा है। घर काफी व्यवस्थित हो गया है। कार्पेट अभी तक बिछाए नहीं हैं, उसके बाद यकीनन और अच्छा लगेगा। किचन में बर्तन धोने की मशीन काफी उपयोगी सिद्ध हो रही है, कपड़े धोने की मशीन भी। 


कल दोपहर मित्र परिवार आया, पति-पत्नी और कालेज में पढ़ने वाली बिटिया।  आज सुबह नाश्ते के बाद वे लोग चले गए। समय कैसे बीत गया पता ही नहीं चला। शाम को आश्रम गए। संध्या के समय भजन का कार्यक्रम चल रहा था, वे सब भी कुछ देर के लिए वहाँ बैठ गए और सम्मिलित हुए। बिटिया ने माँ से धीरे से पूछा, वे यहाँ क्यों बैठे हैं ? उसने सुन लिया, और मुस्कुरा दी। मंदिर में बैठना या भजन गाना सबके बस की बात नहीं है और युवाओं के लिए यह बहुत मुश्किल है, जिन्हें कभी बचपन से इससे परिचित न कराया गया हो। पाँच मिनट और बैठकर वे उठ गए और आश्रम के सुंदर प्रांगण में घूमते रहे।  वापसी में खाद खरीदी, जो कल सभी गमलों में डालनी है। मौसम आज सुहावना है, दोपहर बाद वर्षा की भी भविष्यवाणी है। आज सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। आज से  लद्दाख व जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया है। कश्मीर में हिंसा की घटनाएं बंद नहीं हो रही हैं।  भारत में आज से अठ्ठाइस राज्य व नौ केंद्र शासित प्रदेश हैं। 


आज सुबह वे इस सोसाइटी में अंगूर की खेती देखने गए फिर पिछले गेट से गाँव की तरफ निकल गए। अंगूर के बगीचे के पास तीन फ़ौवारे हैं, पानी में पड़ती हुई रोशनी के कारण सूर्यास्त का दृश्य अनुपम लग रहा था।  एक किंगफिशर देखा तथा एक अन्य लाल व काला बड़ा सा पक्षी। आज से शाम को एक घंटे की योग साधना भी आरंभ की है. उसके बाद जब संध्या भ्रमण के लिए निकले तो बच्चों की एक बड़ी सी टोली देखी, उन्होंने हालोइन की ड्रेसेज पहनी हुई थीं। वे इधर से उधर दौड़ रहे थे। 


उस पुरानी डायरी में कुछ सुंदर सूक्तियाँ उसने लिखी थीं, उस समय तो उनका क्या अर्थ समझा होगा उसे ज्ञात नहीं पर आज वे उस आश्चर्य से भर देती हैं -


स्वयं के ब्रहमत्व की अस्वीकृति अज्ञान है। 


स्वयं कभी स्वयं से अलग नहीं, किन्तु पर में दृष्टि रहने के कारण स्वयं में ध्यान नहीं रहता। 


मन में जब विकार और विचार भरे हैं, तब निराकार नहीं। 


Wednesday, February 17, 2021

छोटी दीवाली

 

कल का पूरा दिन घर को व्यवस्थित करने में ही निकल गया। मेहमानों का कमरा अभी भी  शेष है। आज आखिरी कार्टन भी खोल दिए। योग कक्ष में किताबें लगा दी हैं, कमरा अच्छा लग रहा है। अब शाम को यहाँ बैठकर स्वाध्याय व साधना दोनों किए जा सकते हैं। आज सुबह सिट आउट यानि शयनकक्ष के बाहर बड़ी बालकनी या बरामदे में आसन किए। चार-पाँच दिनों के बाद दीवाली है, इस नए घर में उनकी पहली दीवाली ! नन्हा कुछ लोगों को बुलाने वाला है। आजकल यहाँ शाम होते ही काले बादल छा जाते हैं और मूसलाधार वर्षा आरंभ हो जाती है। इस समय सिर में हल्का दर्द हो रहा है, नया शहर, नई दिनचर्या एडजस्ट होते-होते कुछ समय तो लगेगा। 


आज सुबह पाँच बजे से कुछ पहले ही उठे। एक नए इलाके की तरफ टहलने गए। पार्क नंबर छह व सात देखा। पूरे नापा में चौदह पार्क हैं, सभी सुंदर हैं। एक-एक करके वे सभी में जाएंगे और सुंदर तस्वीरें उतारेंगे। इस समय उसकी आँखें अश्रुओं से भरी हैं, पता नहीं कौन सी पीड़ा है, क्या दुख है, साथ ही एक मुस्कुराहट भी रह-रह कर आ रही है अधरों पर, कौन है जो यह क्रीड़ा कर रहा है ? सुबह टहलने गई तो दोनों पैर जैसे  अकड़े हुए थे, चलने में श्रम प्रतीत हो रहा था, गति भी कम हो गई थी। वापस आकर योगासन किए। नन्हा व सोनू उठ गए थे। हरसिंगार के फूल चुने। जून इडली का नाश्ता  ले आए। नौ बजे वे बच्चों को उनके घर छोड़ते हुए डेन्टिस्ट के पास गए। बाएं गाल में अंतिम दांत पर मसूढ़ा चढ़ गया था, उसने थोड़ी सी सर्जरी की, टांके लगाए। अगले हफ्ते फिर जाना है। दोपहर का भोजन सोनू ने अच्छी तरह से मेज पर लगाया था। आज सुबह असम से नैनी ने फोन किया, एक-एक करके घर के सभी सदस्यों ने बात की। उसके ससुर की तबीयत ठीक नहीं है।  दो दिन बाद दीवाली है, कल बिजली की लड़ी लगाने इलेक्ट्रिशियन आएगा। शाम को टहलते समय जून को पैरों की जकड़न के बारे में बताया तो उन्होंने कहा यह मन की उदासी के कारण है, और कोई बात  नहीं, कोई इंसान दूसरे की पीड़ा का अनुभव कैसे कर सकता है ? हर कोई स्वयं से ही पूरा भरा होता है ! परमात्मा सब जानता है, उससे कुछ भी छिपा नहीं है, कोई कर्म उदय हुआ है। 


आज दोपहर से ही बाहर बिजली की झालर आदि लगाने का काम चल रहा है। कल छोटी दीवाली है, सोनू की चचेरी बहन व भाई-भाभी आए हैं, वे लोग भी परसों आएंगे। नन्हे ने पार्टी की पूरी तैयारी कर ली है। भोजन बाहर से ही बनकर आएगा, पूरी व रोटी यहाँ बनेगी।सुबह भी पैरों में जकड़न महसूस हो रही थी। शायद हार्मोन्स की समस्या हो, जरूरत से ज्यादा भावुक होना और जल्दी थकान होना इसके लक्षण हैं। जून ने आज पैरों व हाथों में तेल लगाया, उनमें सेवा भाव बहुत है पर उसे जगाना पड़ता है, वरना उन्हें उसकी बात सुनने की भी फुरसत नहीं रहती कभी-कभी। 


वे धीरे-धीरे नए घर में रहने के अभ्यस्त हो रहे हैं। लगभग रोज शाम को भोजन के बाद सोसाइटी में स्थित छोटे से सुपर मार्केट जाकर एक-दो जरूरी समान ले आते हैं। एक महिला उसे चलाती हैं, हिंदी बोल लेती हैं। शाम को टहलने गए तो तेज वर्षा होने लगी, दस मिनट का ही रास्ता था पर घर आते-आते काफी भीग गए, आकर देखा, एक व्यक्ति उनके गैरेज में बारिश से बचने के लिए खड़े हैं। जून ने कुछ देर उनसे बात की, कह रहे थे तीन करोड़ में आपका घर बिक सकता है। आज सुबह सूर्योदय देखते हुए छत पर योगाभ्यास किया। अंग्रेजी अखबार के साथ हिंदी का एक अखबार राजस्थान पत्रिका भी लेना शुरू किया है, कुछ देर पढ़ा। दोपहर बाद डाइनिंग हॉल में बिजली की दो लड़ियाँ लगाईं। शाम को ग्यारह दीपक जलाए, कल्याण के पर्व अंक में दीपावली उत्सव के बारे में  विस्तृत जानकारी पढ़ी। इस बार पूजा का समान नहीं ला पाये हैं अभी तक। रंगोली के लिए रंग भी नहीं हैं। यहाँ वे बाजार से काफी दूर हैं। उत्तर भारत में जिस उत्साह से दीवाली मनाते हैं वैसा यहाँ नहीं है। आज सुबह वे पड़ोसियों को शाम के भोज के लिए निमंत्रित करने गए। उनके पुत्र सैकड़ों के पटाखे जलाता है ऐसा उन्होंने बताया। 


उस पुरानी डायरी के पन्ने पर उसने कहीं से एक सूक्ति लिखी थी, “स्वप्न से भागना नहीं, जागना है। स्वप्न में भागकर भी तो स्वप्न में ही रहेंगे; किन्तु स्वप्न से जागकर स्वप्न ही नहीं रह जाएगा। आज लगता है, जीवन भी तो एक स्वप्न ही है जो वे देखे ही जा रहे हैं, जाग कर पुन: सोने का अभिनय करते हुए। 


Wednesday, February 10, 2021

नया घर

 

दोपहर  के सवा बारह बजे हैं. मौसम आज गर्म है, बाहर तेज धूप निकली है. गेस्टहाउस के इस वीआईपी सूट में एसी चलने से गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है. आज यहाँ अंतिम दिन है, शाम को एक बार घर जाना है, माली से कुछ पौधों की कटिंग्स लेनी है. आर्ट ऑफ़ लिविंग टीचर से मिलना है और आठ बजे विदाई पार्टी के लिए क्लब जाना है. जून के सारे काम हो गये हैं, आज सुबह वे एडमिन डिपार्टमेंट गए थे. उसके पहले मागुरी बील से लौटकर नाश्ता किया. सुबह चार बजे से पहले ही उठ गए थे, पौने पांच बजे ही ड्राइवर आ गया था. आकाश पूर्व दिशा में लाल था, पर थोड़ी ही दूर जाने पर कोहरा छा गया और सूरज छिप गया. काफी देर बाद जब तिनसुकिया आने ही वाला था, कोहरा छंटा, सूरज तब तक ऊपर चढ़ आया था. टूरिस्ट कैम्प में पहुंचने पर गाइड मिला जो लकड़ी की नाव में एक नाविक को लेकर चला. दो प्लास्टिक की कुर्सियां उसने रखवा दी थीं. पिछले वर्ष फरवरी के महीने में में वे वहां गए थे, तो अनेक पक्षियों को देखा था.  आज ज्यादातर स्थानीय पक्षी ही दिखे, दिसम्बर से प्रवासी पक्षी आना आरम्भ कर देते हैं. कमल के अनेकों फूल वहां खिले थे, श्वेत व लाल कमल दोनों ही थे. छोटे और बड़े कई पक्षियों जैसे किंगफिशर, वैगटेल बर्ड, ओपन बीक बर्ड आदि की तस्वीरें उतारीं. कितनी तरह की छोटी बड़ी मछलियां और बत्तखें भी यहाँ हैं. एक सुखद अनुभव था यह. 


शाम के पौने सात बजे हैं, वे नए घर में हैं. उनकी जरूरत का हर सामान यहाँ है और जरूरत से ज्यादा भी ! कल सुबह साढ़े पांच बजे गेस्टहाउस से वे रवाना हुए थे और शाम को साढ़े आठ बजे के बाद ही नन्हे के घर पहुंचे. वे दोनों उन्हें लेने जब तक पहुँचते, वे पांचवी मंजिल तक आ गए थे. भोजन के बाद नीचे टहलने गए, हवा ठंडी थी पर भली लग रही थी. सुबह भी नीचे स्पोर्ट्स कोर्ट में बैठकर प्राणायाम किया. भीतर का गुरू या परमात्मा स्वयं पढ़ाने आता है. जिन श्वासों में उसे स्मरण नहीं  करते, चंदन की लकड़ी का हम कोयला बना लेते हैं और गंगाजल को नाले में  बहा देते हैं. जो सुगन्ध बनकर भीतर विद्यमान है उसे दुर्गंध बनाने की कला भी जगत सिखा देता है. सुख का सागर भीतर लहरा रहा है पर उन्हें तपती रेत पर चलना भाता है. जीवन जो प्रतिपल दिए जा रहा है, उसे न देख उन्हें मांगने से ही फुर्सत नहीं है. हर इच्छा उन्हें अपने स्वरूप से नीचे गिरा देती है. जीवन का यह मर्म सद्गुरु के सिवा कौन बता सकता है. अभी तो ट्रक आना शेष है, जिसमें मुख्यतः किताबें हैं और कुछ क्राकरी, शेष कपड़ों के कार्टन्स हैं. अभी तक तो ऐसा लग रहा है जैसे वे यहां  घूमने आये हैं. वैसे भी आज वापस जाना है, परसों से यहाँ रहना आरम्भ करेंगे. 


पिछले दो दिन नए घर को व्यवस्थित करने में कैसे निकल गए पता ही नहीं चला. कल दोपहर ट्रक आ गया था, शाम तक काफी सामान खोल लिया था. नन्हे का एक मित्र व उसकी पत्नी भी आये थे. पुलाव बनाया, सफेद डाइनिंग टेबल पर, नए डिनर नए सेट में, नए कुकर में बने पुलाव का स्वाद विशेष लग रहा था. इस समय  रात्रि के सवा नौ होने को हैं. बाहर वर्षा होकर थम चुकी है. वे कुछ देर टहल कर लौटे हैं. कितने नए वृक्ष देखे और अन्य घर भी. कुछ लोगों ने बगीचे के चारों ओर बाड़ लगायी है, वे भी लॉन को दो तरफ से घेरने की सोच रहे हैं. खिड़कियों पर छज्जे भी लगवाने होंगे. आज बेडरूम की खिड़की खुली रह गयी थी, पानी भीतर आ गया. खिड़की के आगे एक बैठने का स्थान है, जिस पर कुशन लगा है, यहां बैठकर पढ़ने-लिखने का अपना ही आनंद है. बाहर कंचन का पेड़ है और हरसिंगार का भी, जो अभी खिड़की तक नहीं पहुँचा है. आज सुबह उसके ढेर सारे फूल उठाये और सुगन्धित श्वेत फूलों की एक माला भी मालिन दे गयी, जून ने उससे कहा है रोज दे जाये. अभी किताबों के बॉक्स खोलने शेष हैं. अगले एक हफ्ते में सभी कुछ व्यवस्थित हो जायेगा. 


Thursday, February 4, 2021

पके धान के खेत

दोपहर का समय है. कुछ देर पहले टीवी पर ‘वंदे भारत’ ट्रेन के बारे में सुना, जो दिल्ली से कटरा जाएगी, सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त है यह भारत में ही बनी रेल. आज रसोईघर व पैंट्री के सामान को अलग किया, जो बाँट देने हैं और जो ले जाने हैं. परसों नन्हा व सोनू आ रहे हैं, पांच-छह दिन रहेंगे. तब पुस्तकों को पैक करने का कार्य आरम्भ करेंगे. आज एक मित्र परिवार के यहाँ भोजन पर जाना है. उसके लिए एक कविता लिखेगी, विदाई का उपहार ! सुबह टहलने गए तो वापसी में बात  की कि कब वे घर कम्पनी को हैंडओवर करेंगे. एक दिन पहले उन लोगों को बुलाएँगे जिन्हें सामान देना है ताकि अगले दिन घर की चाबी जमा करके गेस्टहाउस में शिफ्ट हो जाएँ. वहाँ रहने के लिए सूटकेस भी पैक कर दिया. केवल एक सप्ताह ही शेष है इस घर में. आज नाश्ते में जौ का दलिया बनाया. मुक्तिबोध की कविता के बारे में एक आलेख पढ़ा. 


कल नवरात्रि के दौरान सप्तमी का व्रत रखना है, देवी के कालरात्रि के रूप की पूजा होती है इस दिन. परसों बच्चों को अंतिम बार प्रसाद खिलाना है. उसके बाद वे सब एक रात के लिए दिगबोई जायेंगे. आज शाम को एक दक्षिण भारतीय सखी के यहाँ गयी, उसने सुंदर मूर्तियों व वस्तुओं से अद्भुत मंदिर सजाया है, प्रसाद खिलाया, दिया और तस्वीरें भी उतारीं। उसके लिए लिखी कविता पढ़कर सुनाई. आज अंतिम बार घर पर घी बनाया, पता नहीं बंगलूरू में इतना अच्छा दूध मिलेगा या नहीं. 


पिछले पांच दिन व्यस्तता में बीते. नन्हा और सोनू शिलांग में एक रात बिताकर वापस अपने घर पहुँच गए हैं. आज वे गेस्टहाउस आ गए हैं. साढ़े दस बजे तिनसुकिया जाना है. कुछ सामान खरीदना है. यूट्यूब पर पुष्पेंद्र जी कश्मीर के इतिहास पर बात कर रहे हैं. कश्मीर को इस्लामिक राज्य बनाने के एजेंडे पर वह आजादी के बाद के दौर के नेताओं की अदूरदर्शिता की बात कर रहे हैं. आज सुबह गोल्फ फील्ड में टहलने गए, सूर्योदय हो चुका था, कुछ तस्वीरें उतारीं। आज शाम को दो जगह लक्ष्मी पूजा में जाना है. कल एक शादी में जाना है और परसों कम्पनी की तरफ से विदाई पार्टी है. गेस्टहाउस में सभी सुविधाएँ  हैं.  34 वर्ष पहले जब विवाह के बाद वह पहली बार वह असम आयी थी तो घर मिलने तक इसी गेस्टहाउस में दो-तीन दिन रुकी थी. 


आज दोपहर को मृणालज्योति से कुछ लोग मिलने आये. सुबह नाश्ते के बाद वे हाथियाली स्थित विल्टन चाय बागान देखने गए. मीलों तक फैले हरे-भरे बागान और बीच-बीच में धान के खेत, जिनमें से कुछ में धान पकने लगा है. सुनहरे रंग के खेत दूसरे हरे-धानी खेतों में विशेष रूप से चमक रहे थे. कमल के पोखर भी दिखे, पर उनमें कमल कम दिखे, कल लक्ष्मी पूजा के कारण सभी कमल सम्भवतः तोड़ लिए गए थे. कल सुबह उन्हें मागोरीबील जाना है, जहाँ प्रकृति का एक अन्य रूप उन्हें देखने को मिलेगा. प्रकृति से जुड़ना हृदय से होता है, तभी प्रकृति सभी को मोह लेती है. दोपहर को खाने में करेले और छोले थे. खाना यहाँ घर की तरह होता है, तेल-मसालों की अधिकता नहीं होती. शाम को टहलते हुए वे पब्लिक लाइब्रेरी जायेंगे और रात को एक अधिकारी के बेटी के विवाह में. परसों इस समय वे बंगलूरू पहुँचने वाले होंगे. असम एक खूबसूरत याद की तरह मन में बसा रहेगा. उसके सिर में कई दिनों से हल्का दर्द बना रहता है. यह उस दुःख की वजह से है जो यहां से जाने के कारण कई बार महसूस हुआ है. कितनी बार गला भर आया और आँखें भीगीं, अथवा तो दिनचर्या में व भोजन में आये बदलाव के कारण हुआ है. जीवन में परिवर्तन स्वाभाविक है. कल शाम पार्लर में मसाज से नसों को आराम मिला. टी गार्डन से लौटते समय एक सन्त के वचन सुने, सहज स्वीकार भाव मन में नहीं होता तभी तनाव का जन्म होता है. जो कुछ भी होता है वह उस महान अस्तित्त्व का ही भाग है, वह गलत हो ही नहीं सकता. नीरू माँ भी कहती हैं, इस जगत में सब जगह इंसाफ ही होता है. 


बरसों पुरानी उस डायरी के पन्ने पर उस दिन की सूक्ति थी, जो इंसान इच्छाओं से मुक्त है, वह सदा स्वतंत्र रहता है, उसने नीचे लिखा,  मगर स्वतंत्रता भी कभी-कभी अप्रिय लगती है, बंधने को जी चाहता है, मनचाहा बंधन हो तो ! उस वक्त कहाँ ज्ञात था हर बंधन बस बंधन ही होता है. 

अगले पन्ने पर था- सम्पूर्ण संसार की सार्थकता या निरर्थकता का दारोमदार सिर्फ उसके स्वयं के सार्थक या निरर्थक होने में है. उसके पास शक्ति है, आज है, जोश है, युवा जन उत्साह से भरे होते हैं और मुस्कुराहट से भी... वे बांटते हैं स्नेह, विश्वास और भरते हैं दूसरों में साहस ! नहीं डिगते.. उसने खुद से वायदा किया कि वह नहीं करेगी वंचित प्रकृति को अपने स्नेह से ! 


 

Wednesday, January 27, 2021

ताशकन्द फाइल्स

 

दोपहर के तीन बजे हैं. यदि भाई का काम बैंक में जल्दी खत्म हो गया तो उसे वे लोहे के पाइप से बना पुल दिखाने ले जायेंगे. वापस आकर महिला क्लब की मीटिंग में जाना है. जहाँ कम्पनी की भूतपूर्व प्रथम महिला का विदाई समारोह है, जून सुबह ही उनके लिए लिखी कविता को प्रिंट करवा कर ले आये थे. आज संयुक्त राष्ट्र की सभा में मोदी जी का भाषण होना है जिसका सभी देशों को इंतजार है. दोपहर को कुछ देर एक सन्त का उद्बोधन सुना, ज्ञान सूचना के रूप में तो मिलता है पर जीवन में फलित नहीं होता. 


पौने ग्यारह बजे हैं सुबह के. आज ‘मन की बात’ आने वाला है. कल वे अंतिम बार अरुणाचल प्रदेश गए थे. भाई को गोल्डन पगोडा और रोइंग दिखाया. मोदी जी लता मंगेशकर की बात कर रहे हैं, आज उनका जन्मदिन है. आज से नवरात्र आरम्भ हो रहे हैं. वह कह रहे हैं क्या बालिकाओं का सम्मान करके  लक्ष्मी पूजा नहीं की जा सकती ? ‘एग्जाम वारियर’ उनकी पुस्तक पढ़कर अरुणाचल की एक बालिका ने उन्हें पत्र लिखा है. नडाल व डेनियल के मध्य हुए टेनिस मैच का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, हारने के बाद डेनियल ने नडाल की तारीफ़ की, योग्यता और विनम्रता यदि किसी में एक साथ होती है तो लोग उससे प्रभावित होते हैं. प्लागिंग का जिक्र भी उन्होंने किया, इस छोटे से भाषण में वे कितने ही विषयों पर जानकारी भी देते हैं और प्रेरित भी करते हैं.  


प्रधानमंत्री तमिलनाडु गए हैं और तमिल भाषा की तारीफ़ कर रहे हैं. आज सुबह वे देर से उठे, अलार्म नहीं लगाया था. भाई चार बजे से उठकर तैयार था. उसने कहा, जब नींद खुले तब ही उठना चाहिए. वह बहुत शांत स्वभाव का है. सब कुछ स्वीकार कर लेता है. दो दिन पूर्व जून ने कहा, उन्होंने दफ्तर की एक जूनियर सहयोगिनी व उसके पति को खाने पर बुलाया है। उसने  कहा, एक बार उससे पूछ कर बुलाना चाहिए था. तब से वह कुछ चुप से थे, पर आज बादल छंट गए और उनका मन पूर्ववत हल्का हो गया है. गुरूजी कहते हैं, ढाई दिन से अधिक कोई भी भावना मन पर टिक नहीं सकती, इसलिए यदि कोई उदास है तो उसे प्रार्थना में अपना समय बिताना चाहिए, ढाई दिन बाद स्वयं ही मन बदल जाता है. वह बेहद स्नेहिल स्वभाव के, दृढ प्रतिज्ञ व्यक्ति हैं, उनके निर्णय हमेशा अटल होते हैं. उनका मन सरल है तथा सबका सहयोग करने को सदा तत्पर रहता है. इन दिनों उसे लिखने का समय मिल गया और स्वयं को गहराई से परखने का भी, वह कल्पनाओं में ज्यादा विचरण करती है. 


अक्तूबर का महीना आरम्भ हो गया है. भाई बैंक से वापस आया, अल्पाहार करके फिर वह कार्य करने वापस चला गया, जो सर्वर से कनेक्टिविटी न मिल पाने के कारण ही शेष रह गया था. लखनऊ से एक अन्य ऑडिटर ने जब बताया कि कनेक्शन मिल गया है तो बच्चों की तरह खुश हो गया. दोपहर को एक बजे भोजन के लिए आया तो बताया,  भाभी को कल फोन नहीं किया तो वह रो रही थी और बच्चों से इसकी शिकायत की. इंसान का मन कितना नाजुक होता है, जरा सी भी उपेक्षा, चाहे वह काल्पनिक ही क्यों न हो, सहन नहीं कर पाता। कल उसे वापस जाना है. जून आजकल नेटफ्लिक्स पर पाकिस्तानी सीरियल देखते हैं. उन्हें सेवानिवृत्ति के बाद का खालीपन खलता होगा सम्भवतः। इतने वर्षों तक व्यस्त रहने के बाद एकाएक यह खालीपन अवश्य ही खलने वाला है.  पैकिंग का काम आगे बढ़ रहा है. आज बच्चों के नर्सरी स्कूल में विदाई समारोह था,  कार्यक्रम अच्छा था. अभी एक विदाई कार्यक्रम शेष है।  


आज गाँधी जयंती है. टीवी पर ‘ताशकन्द फाइल्स’ दिखाई जा रही है, जिसमें शास्त्री जी की मृत्यु के रहस्य पर प्रकाश डाला गया है. फिल्म के अनुसार उनकी मृत्यु का कारण उन्हें विष देना था न कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था. वास्तविकता क्या है कोई नहीं जानता, जो जानते थे उन्होंने इसे छुपाया. सुभाषचंद्र बोस की मृत्यु के सही समय को भी कोई नहीं जानता। श्यामाप्रसाद मुखर्जी की मृत्यु भी ऐसे ही जेल में हो गयी थी. राजनीति में जीवन-मरण साजिशों से घिरे होते हैं.  इसी माह के तीसरे सप्ताह में वे यहाँ से चले जायेंगे, शायद ही फिर कभी लौटना हो. चौंतीस वर्षों का यहां का जीवन एक सुखद स्वप्न बनकर कभी-कभी याद तो आएगा पर नयी जगह, नए लोगों के साथ एक नया जीवन भी शुरू हो जायेगा. भविष्य में बहुत कुछ करने को है और बहुत कुछ सीखने को है. परमात्मा शिक्षक बनकर उन्हें सिखाने के लिए नई-नई परिस्थितियों का निर्माण करते हैं. जीवन कितना रहस्यमय है !


वर्षों पूर्व उन दिनों जब स्कूल में नया-नया पढ़ाना आरम्भ किया था, एक दिन लिखा है - सोच समझ कर नहीं भावनाओं में बहकर कह रही है पर यदि सोच-समझकर भी कहती तो भी यही कहती, इतना सुख ! क्या स्वर्ग में भी इससे अधिक सुख मिलता होगा ! क्यों होता है ऐसा, क्यों कोई इतना अपना लगता है, क्यों अपना अस्तित्त्व तक बेमानी लगता है किसी की अनुपस्थिति में. जो बातें किसी को ज्ञात हों, उसे न भी ज्ञात हों तो क्या अंतर पड़ता है , इतना विश्वास .. इतना प्रेम .. यही तो है ! प्रिंसिपल मैडम बहुत अच्छी हैं, वह जितनी कठोर हैं उससे अधिक नम्र। उनका मन उसके जैसा है कुछ-कुछ.. पर वह अनुभवी हैं. शायद स्कूल की प्रिंसिपल ने उस दिन उसकी तारीफ़ की होगी. 


Tuesday, January 19, 2021

कभी अलविदा न कहना

 

आज की दोपहर कितनी अलग थी. बारह बजे के थोड़ी देर बाद ही सभी एक-एक करके आने लगे. पूरी डाइनिंग टेबल खाद्य पदार्थों से भर गयी. सुंदर साड़ी का उपहार दिया सबने मिलकर, अच्छी-अच्छी बातें कीं, परमात्मा की कृपा का अनुभव अब कइयों को होने लगा है. एक साधिका ने अपनी भावनाओं को कविता के माध्यम से व्यक्त किया. एक अन्य ने परमात्मा का स्मरण किया, तीसरी ने आशीष माँगा, परमात्मा के प्रति आत्मा का प्रेम ऐसा ही होता है, आत्मा पर जब परमात्मा के इश्क का रंग चढ़ता है तो वह भावविभोर हो जाती है. एक सखी ने कहा, उसका पुत्र ग्याहरवीं में आ गया है, आजकल पढ़ने में उसका मन नहीं लग रहा है. उसे कहा है, बेटे को लेकर आये एक बार. कुछ वर्ष पूर्व उससे योग सीखने आया करता था, शायद अपने दिल की बात कहे. आज इनमें से चार साधिकाओं के लिए लिखी कविताएं उन्हें भेज दीं. शेष सभी के लिए भी हो सका तो कुछ पंक्तियाँ लिखेगी. 


रात्रि के नौ बजने वाले हैं, आज सुबह से ही टीवी चैनलों पर हाऊडी मोदी के बारे में चर्चा चल रही थी. यह कार्यक्रम अब आरम्भ हो गया है. पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं. भारतीय संस्कृति का सुंदर  चित्रण अमेरिकन इंडियन कर रहे हैं. वे भी वर्षों पूर्व ह्यूस्टन गए थे, जहाँ यह कार्यक्रम हो रहा है. थोड़ी देर में मोदीजी  भाषण देंगे, बाद में ट्रम्प भी आएंगे. आज दोपहर सन्डे योग क्लास में बच्चों को सब सामान बाँट दिया, जो हर हफ्ते वे इस्तेमाल करते आ रहे थे. भविष्य में उन्हें घर पर ही योग करना है, यह बताया पर वह जानती है, कुछ ही दिनों में वे भूल जायेंगे. शाम को एक सखी अपनी बिटिया के साथ आयी, उसे कुछ किताबें दीं. एक अन्य सखी को तीन गमले. नन्हे से बात हुई, सोनू की मौसी व उनकी बेटी उनके  यहाँ कुछ दिनों के लिए आये हैं.


आज स्कूल में विदाई समारोह था, टीचर्स, बच्चों सभी ने गीत गाए, उपहार दिया. प्रिंसिपल ने मानपत्र पढ़ा, अच्छा लगा इतनी भावनाओं को उमड़ते देखकर, आँखों में अश्रु भी छलक आये दो एक बार... पिछले छह वर्षों से वहाँ जा रही थी. स्कूल से वापस आकर कुछ देर कश्मीर पर खबरें सुनीं. पाकिस्तान वहाँ मानवाधिकारों के लिए बेवजह ही इतना शोर मचा रहा है, जबकि उसके अपने देश में कितने राज्यों में लोग पीड़ित हैं. राजनीतिज्ञ जब तक संवेदनशील न हो वह आम जनता का दर्द समझ नहीं पाता और संवेदनशील लोग राजनीति में जाते ही नहीं, जाएँ भी तो टिक नहीं पाते. भारत का सौभाग्य है कि उसे मोदी जी जैसे नेता मिले हैं  आज के दौर में. यदि भारत और अमेरिका मिल जाएँ तो आतंकवाद का मुकाबला किया जा सकता है. कल शाम क्लब में विदाई कार्यक्रम है, आज पैकिंग का कोई भी कार्य नहीं हुआ, एक कमरे को छोड़कर सभी कमरे अभी भी पूर्ववत हैं, लगता ही नहीं कि एक महीने से भी कम समय में घर पूरी तरह खाली हो जायेगा. अगले महीने के तीसरे सप्ताह में वे बैंगलोर में होंगे. 


शाम के सवा चार बजे हैं. परसों शाम भाई पांच बजे के बाद ही आया. ढेर सारी मिठाई लाया है. कल योग साधिकाएं आयीं थीं, उन्हें उसका पटना से लाया ‘खाजा’ खिलाया और पेड़े भी. परसों क्लब में हुआ विदाई कार्यक्रम यादगार रहा. अनेक सदस्याओं ने अपने विचार और भाव प्रस्तुत किये. कविताएं पढ़ीं, कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये. योग ग्रुप की महिलाओं का कार्यक्रम ‘योग नृत्य’ सबसे अनोखा था, अंत में वे सभी भावविभोर हो गयीं, आँखें नम हो गयीं, दर्शकों की भी और कलाकारों की भी. घर लौटने में नौ बज गए थे, कितनी तस्वीरें खींचीं सबके साथ, एक सुखद स्मृति बन गया है वह दिन. कल शाम को सीएमडी की पत्नी का विदाई समारोह है, उनके लिए कविता लिखी है, सुबह पूर्व प्रेसीडेंट का फोन आया,  उन्होंने बतायीं कई बातें, सम्भवतः वह उन्हें कालेज के वक्त से जानती हैं। आज सुबह पिताजी के लिए रॉकिंग चेयर की जानकारी ली, जो वे उनके अठ्ठासीवें जन्मदिन पर भेजना चाहते हैं. फुफेरे भाई से बात हुई, भाभी का अपेंडिक्स का आपरेशन हुआ है कल, फुफेरी बहन के बारे में बताया, एक जगह उसका रिश्ता होते-होते रह गया. जीवन में जो वे चाहते हैं सब तो नहीं होता, पर उसके साथ तो ऐसा ही है. परमात्मा उसके साथ है हर पल, जो भी होता है वही होना होता है., वही होना ठीक भी होता है. जीवन कितना सरल हो जाता है यदि कोई सदगुरू राह दिखाने वाला मिल जाये ! 


... और आश्चर्य हुआ कि वर्षों पूर्व भी उसने उस दिन यही लिखा था, “गॉड इज विथ हर ! आज ही हुआ वह जैसा उसने सोचा था... ईश्वर उसका कितना ख्याल रखता है. उसका रखवाला अपनी नन्ही मित्र का कितना ख्याल रखता है ! थैंक गॉड ! रात्रि के ग्यारह बजे हैं, नींद भी आ जाएगी कुछ ही देर में पर सोने से पहले अगर मन में सपने सोच ले जो रात को देख सकेगी तो ... दिन भर ठीक रहा.. कल इतवार है और उसकी परछाई जो बिस्तर पर पड़ रही है अच्छी लग रही है”.


Thursday, January 14, 2021

चंदा और सूरज

 

आज सुबह अपने आप ही नींद खुल गयी पौने चार बजे. हल्की सी वर्षा हो रही थी. जब छाता लेकर वे टहलने निकले, सड़कों पर पानी जमा था पर कुछ ही देर में बारिश थम गयी. उससे पहले एक स्वप्न देखा था. वे सब कहीं बाहर गए हैं, किसी सराय या धर्मशाला में हैं. माँ व भाई एक कार में बैठ जाते हैं, वह सामान लेकर जाती है पर वे उसे वहीं छोड़कर चले जाते हैं. एक अन्य व्यक्ति भी कार में है  पर कौन है पता नहीं . बचपन में झगड़े का कारण किसी जन्म में हुई इस घटना में छिपा लगता है. इस दुनिया में अकारण कुछ भी नहीं होता, उनके जीवन में जो कुछ भी घटता है उसके पीछे कोई न कोई कारण अवश्य होता है. आज छोटे भाई से बात हुई वह माह के अंत में एक सप्ताह के लिए यहाँ आएगा, उसे एक बैंक में ऑडिटिंग करनी है. दोपहर साढ़े बारह बजे उन्हें मृणाल ज्योति जाना था, विदाई भोज के लिए. कार्यक्रम बहुत अच्छा था. हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थी और सभी शिक्षक स्वागत के लिए खड़े थे. उन्हें सुंदर सा पीतल का होराई उपहार में दिया और कृतज्ञता पत्र भी पढ़कर सुनाया. इस संस्था से उनका जो संबंध है वह तो दिल में सदा ही रहेगा, जैसा कि जून ने अपने भाषण में कहा था. शाम को छोटे बच्चों के स्कूल में योग कक्षा की शुरुआत की. उनके जाने के बाद वहीं पर महिलाओं का नियमित योग का सत्र होगा।  कम्पनी की तरफ से विदाई समारोह के लिए जून को अगले हफ्ते की एक डेट देने को कहा गया था, पर दो दिन बाद वह बनारस जा रहे हैं. कल शाम छोटी बहन से बात की, रात अपने एक डॉ मित्र से उन्होंने बात की. आज सुबह ननदोई से, सभी ने कहा उनके एक बचपन के मित्र का स्वास्थ्य ठीक नहीं है. जून ने तय किया कि वह उनसे मिलने जायेंगे.  


आज हफ्तों बाद ब्लॉग्स पर लिखा. अभी भी काफी सामान समेटना शेष है, आज कुछ पेपर्स जला  दिए, और भी निकलेंगे. जून अभी फ्लाइट में होंगे, देर रात वह घर पहुंचेंगे. आज सुबह  व्यर्थ ही उनसे विवाद किया, उनका स्वभाव जानते हुए भी. खुद की बात ही सही है ऐसा सबका विश्वास है. इसलिए हर बात को सिर झुकाकर क़ुबूल कर लेना चाहिए. आर्ट ऑफ़ लिविंग का पहला सूत्र भी यही है, लोगों और परिस्थितियों को जैसे वे हैं वैसे ही स्वीकार करें.  दिल बहुत कोमल भी है और उतना ही कठोर भी. आर्ट ऑफ़ लिविंग का एक और सूत्र है, विपरीत मूल्य एक दूसरे के पूरक हैं. आज मंझली भाभी से बात हुई, उनकी बिटिया मलेशिया गयी है, वहाँ से उसे स्पेन जाना है, उसका होने वाला पति भी उसी के दफ्तर में काम करता है. दो महीने बाद उनके विवाह में उन्हें जाना है. दीदी ने कहा है, वे लोग भी उनके साथ उस यात्रा के दौरान पंजाब व हिमाचल जायेंगे. जून ने उनकी भी टिकट बुक कर दी हैं. आज एक पुरानी साधिका का फोन आया, वह दो-तीन महीने के लिए अपनी बिटिया के पास विदेश जा रही है. कहने लगी, उसके जाने से यहाँ कमी खलेगी, पर इस दुनिया में किसी के आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता. दुनिया को उनकी नहीं उन्हें दुनिया की जरूरत होती है ! 


आज शाम से ही पुरानी नोटबुक्स को छाँटने का काम कर रही थी. चार-पांच घण्टे लग गए. जो डायरी साथ रखनी हैं और जो नष्ट कर देनी हैं, उन्हें अलग-अलग किया. किताबों में भी इसी तरह तीन समूह बनाये, एक जो ले जानी हैं, दूसरी जो स्कूल की लाइब्रेरी में देनी हैं , तीसरी जो  महिलाओं को देनी हैं. कुछ देर पहले जून से बात हुई, उनके मित्र अस्पताल में हैं पिछले तीन दिनों से, कल दोपहर तक शायद वापस घर आ जायेंगे. आज वह उन्हें एक अन्य डॉक्टर को दिखाने ले गए. उनके दोनों पुत्र भी आ गए हैं. कल दोपहर गायत्री योग साधिकाओं के समूह ने विदाई भोज रखा है. वे सभी उसके यहाँ आएंगी और अपने साथ भोजन बनाकर लाएंगी. वे भी उनके लिए शिलांग से उपहार लाये हैं. आज दोपहर स्वप्न में कोई सुस्वादु पदार्थ खाया, कैसा जीवन्त अनुभव था. सोने से पूर्व समाधि के बारे में सुना था. पुरानी डायरी में कृष्ण को लिखे पत्र पढ़े ! परमात्मा के लिए प्रेम जैसे उन दिनों पूरे ज्वर पर था, अब भीतर कैसी स्थिरता छा गयी है. दो दिन पूर्व कैसा अनोखा स्वप्न देखा, गुरूजी को देखा, वह सम्भवतः शिष्यों को परख कर रहे हैं, वह उन्हें देखती है और सुध खोकर गिर पड़ती है, फिर देह से निकल कर आकाश में उड़ने लगती है, कितना सजीव था सब कुछ ! जीवन के रहस्य को कोई कैसे समझ सकता है ! 


वर्षों पूर्व ...कालेज खत्म होने बाद उस दिन के पन्ने पर लिखा था - अभी-अभी वह सूरज और चाँद से मिलकर आ रही है. कितना सुख था यह कहना कि वह उनके लिए है ! एक तरफ सूर्य की हल्की लालिमा तथा दूसरी तरफ पूरा गोल चाँद और इतना बड़ा आकाश, कितना सुंदर मैदान, वह पागल थी उस एक क्षण... हँसी उसके होठों से फूट रही थी और शी वाज फुल विद दैट फेमिनिन फीलिंग ... जिस स्कुल में उसने पढाना शुरू किया था, कल वह उसकी प्रिंसिपल से मिलकर अपने ओरिजनल सर्टिफिकेट लेने वाली थी, जो जॉब देने से पहले उन्होंने रख लिए थे. उसे आगे पढ़ाई के लिए अप्लाई करना था.