Friday, July 28, 2017

अंकुरित सलाद का पैकेट


आज उनकी यात्रा का चौथा दिन है. शनिवार को सुबह असम से चले और दो उड़ानों के बाद रात्रि दस बजे बंगलुरू पहुँचे. फोन पर बात हुई थी तो नन्हे ने कहा था लेने आयेगा पर उतरने पर संदेश आया, गाड़ी भेज दी है. घर जाकर पता चला दोपहर को ही उसने एक डाइनिंग टेबल का आर्डर दिया था, दो घंटे में पहुंचने वाली है ऐसा कहकर पूरे छह घंटे लगा दिए दुकानदार ने भेजने में, उसी के इंतजार में घर से निकल ही नहीं पाया. जब वे पहुंचे तो डिलीवरी मैन बाहर निकल रहा था. पहली बार घर देखा, काफी आरामदायक है घर...भोजन कक्ष कम बैठक, दो छोटे कमरे, एक स्नानघर और ठीकठाक सा किचन. कमरों में काफी प्रकाश आता है और हवा के आवागमन का भी प्रबंध है. सफेद मार्बल का फर्श है, ज्यादा फर्नीचर नहीं है, बेड की ऊँचाई काफी कम है और एक कमरे में तो एक के ऊपर एक गद्दे रखकर ही बेड बन गया है. नन्हा अकेला रहता है कभी-कभी उसके मित्र आ जाते हैं सो जगह काफी है. उसने खाने का आर्डर भी कर दिया था, थोड़ी ही देर में मसाला भिन्डी, अरहर की  दाल और तन्दूरी रोटी के पैकेट पहुंच गये. बंगलुरू में दिन हो या रात चौबीसों घंटे भोजन मिल जाता है. 

इतवार की सुबह आसपास के किसी घर से आती आवाज से नींद खुली. यह काफी बड़ी सोसाइटी है, पंक्तियों में दुमंजिला घर बने हैं. घरों के आगे सुंदर बागवानी है इसी तरह पीछे व कहीं-कहीं छत पर  भी. जून प्रातः भ्रमण के लिए निकल गये और लौटे तो सब्जियां और फल लेते आये, आते ही दुबारा चले गये और दूध व कुछ और सामान, अब उन्हें तो घर का बना खाना ही भाता है. कुछ देर में निफ्ट में पने वाली भतीजी आ गयी और इंजीनियरिंग कर रहे दो भांजे भी, बंगलुरू में देश भर से बच्चे पढ़ने व नौकरी करने आते हैं. तभी घंटी बजी, नन्हे ने अंकुरित सलाद का आर्डर कर दिया था, यहाँ सभी के पास समय की कमी है शायद इसी कारण कटी हुई सब्जियां, सलाद आदि सब पैकेट बंद मिल जाता है, अब उससे कितना पोषण मिलता है यह तो शोध का विषय है. बहरहाल सलाद स्वादिष्ट था. बातें करते-करते समय का आभास ही नहीं हुआ, बच्चों ने खाना बनाने में सहायता की और लंच भी तैयार हो गया. तब तक एक पुराने मित्र का बेटा भी आ गया जिसे बचपन से बड़ा होते हुए देखा था. अब यहाँ रह कर जॉब करता है. कुछ देर आराम करने के बाद वे निकट स्थित एक झील पर टहलने गये, वर्षा के मौसम के बावजूद पानी बेहद कम था पर ज्यादातर जगह हरियाली से भरी थी. उसके चारों ओर लाल मिट्टी से बने फुटपाथ पर टहलते हुए सूर्यास्त के दर्शन किये.

सबका निर्णय हुआ निकट ही स्थित ‘टोटल मॉल’ में जाने का, बंगलुरू में हर तरह के अनगिनत छोटे-बड़े मॉल हैं. आकर्षक स्कीमों के साथ सुंदर परिधान और अन्य सभी आवश्यक वस्तुएं मिलती हैं, पर अक्सर जो वस्तु पसंद आती है उस पर कोई छूट नहीं होती. वापस आये तो डिनर का समय हो चुका था, नन्हे ने कहा आज सब्जी वही बनाएगा, सो जल्दी से खाना बन गया, बच्चों को अपने हॉस्टल वापस जाना था. उन्हें बस स्टॉप तक छोड़ने गये तो ठंडी हवा बह रही थी, जिसमें से आती हुई फूलों की खुशबू नासापुटों को छू रही थी. सड़क के किनारे, इमारतों के आस-पास  तथा घरों के बाहर लगे वृक्ष यहाँ के लोगों के प्रकृति प्रेमी होने की गवाही देते हैं.

Wednesday, July 26, 2017

अनानास की मिठास


उस दिन दिगबोई में भाई और उसके परिवार के साथ जब वे सब दिगबोई पीक पर थे एक तितली उसके माथे पर आकर बैठ गयी थी. उस समय तो महज एक सुखद आश्चर्य मात्र लगा था, पर बाद में सोचा तो लगा, वह कोई संदेश देकर गयी थी, उस अनाम का संदेश....कि वह सदा उसके साथ है, वही तो है. वह स्वयं अब नहीं रह गयी है. कभी-कभी अचरज भी होता है, अपना आप अजनबी लगता है, सारे विचार जो एक वक्त में बड़े कीमती लगते थे अब व्यर्थ ही लगते हैं. एक मौन पसरा रहता है भीतर जो अपना लगता है. शब्द भी नहीं गूँजते भीतर ! तभी तो कोई कविता भी नहीं लिखी कई दिनों से !

कल शाम आज की सेल की तैयारी में बीती. क्लब की तरफ से वर्ष में दो-तीन बार यह सेल लगती है. बड़े से हॉल में मेजें लगवाना फिर उनपर सफेद मेजपोश और विक्रेताओं के बैठने के लिए कुछ कुर्सियां, वस्त्र लटकाने के लिए लोहे के स्टैंड अदि रखवाना, कुछ अन्य महिलाओं के साथ सारा काम खत्म करते-करते आठ बज गये थे. आज सुबह स्कूल जाना था, दोपहर को क्लब गयी. कुछ खरीदारी भी की. पता चला उसका नाप बढ़ गया है, उम्र बढ़ने के साथ-साथ वे भोजन तो कम करते नहीं, व्यायाम कम कर देते हैं. घर का काम भी कितना कम रह गया है. जून कल दोपहर आ जायेंगे, जब वह बच्चों की संडे क्लास ले रही होगी. अब वह नहीं कहते कि उनके घर आने पर उसे घर में ही रहना चाहिए, वह आत्मनिर्भर बनते जा रहे हैं. नन्हा आज व्यस्त होगा, तीस घंटों के लिए एक प्रतियोगिता होने जा रही है, उसे आज सुबह वहाँ जाना था. आज बगीचे से एक अनानास तोड़ा, जिसे पक्षियों ने चख लिया था, मीठा है बहुत. घर में बगीचा हो तो कितना अच्छा है न..बड़ी भतीजी ने लिखा है, स्वर्ग की तरह है उनका घर, सचमुच ..स्वर्ग ही तो है, जहाँ देवता रहते हैं !


कल यात्रा पर निकलना है, अभी तक पूरी पैकिंग नहीं की है. जून आज बहुत व्यस्त हैं, उनकी नयी प्रयोगशाला का उद्घाटन होना है. सीएमडी आने वाले थे, अब तक तो हो गया होगा. शाम के पांच बजे हैं, लगातार होती वर्षा के कारण मौसम ठंडा हो गया है. वह पिछले एक घंटे से साहित्य अमृत पढ़ रही थी. ज्यादा बोलने वाली सखी का फोन आया, वह कलाकार है. पानी के रंगों से सुंदर चित्र बना रही है और फेसबुक पर पोस्ट कर रही है. अच्छा है, उसके जीवन को एक ठहराव मिलेगा इससे और ढेर सारा सुकून भी. कल वह ब्लॉग पर विदाई संदेश लिखेगी, वापस आकर ही होगा लेखन कार्य. इस दीवाली पर उन्हें काफी लोगों को बुलाना भी है. जीवन का यह कितना सुंदर मोड़ है, बैंगलोर में हो सकता है गुरू दर्शन भी हो जाये. सद्गुरू से एकत्व की अनुभूति हर क्षण होती है. अब कुछ करे या न करे भीतर एक से रंग(मौसम)रहते हैं. एक अटूट मौन और शांति..एक सहजता और एक अखंडता..एक असीमता भी..

Monday, July 24, 2017

कृष्ण जन्माष्टमी


आज कृष्ण जन्माष्टमी का अवकाश है. सुबह वर्षा हो रही थी, वे प्रातः भ्रमण के लिए नहीं जा सके. इस समय भी बरामदे में बैठ कर अनवरत बरसती जल धाराओं को निहारना अच्छा लग रहा है. पिछले दो दिन से वह मौन का अभ्यास कर रही है, भीतर का मौन भी घट सके इसलिए कुछ सुनना भी नहीं है. अभी कुछ देर पहले भीतर कविताएँ उमड़ रही थीं, अब लिखने बैठी तो कुछ याद नहीं आ रहा. जीवन में कब क्या घटने वाला है कोई नहीं जानता पर इतना तो तय है जो भी होता है वह उन्हें आगे ले जाने होता है. आज शाम को कुछ अन्य लोगों एक साथ क्लब जाना है, बाढ़ पीड़ितों के लिए जो सामान महिलाओं ने एकत्र किया है, उसे सहेज कर अलग-अलग थैलों में भरना है. जून ने उसकी उस दिन वाली कविता पढ़ी तो उन्हें अच्छा नहीं लगा, दुःख भरी कविता किसे अच्छी लगती है, पर जीवन में सुख भी है और दुःख भी. कविता तो आईना है, जो जैसा है, प्रकट हो ही जायेगा.

कई दिनों में मन में एक विचार था कि जून को एक पत्र लिखे, कई बातें जो कहनी हैं, कही जानी चाहिए आमने-सामने, नहीं कही जा पायीं. ये बातें ही ऐसी हैं कि इन्हें समझने के लिए एक स्थिर मन की जरूरत है और जब भी इस विषय पर बात हुई है, मन को स्थिर रख पाना सम्भव नहीं रहा है. मानव का जीवन क्रम एक अबोध बचपन से शुरू होता है, एक कोरी स्लेट सा होता है उसका मन, फिर वातावरण, परिवार व स्कूल, मित्रों आदि से उसे जो संस्कार मिलते हैं, वही वह बन जाता है और स्वयं को वही मानने लगता है. युवावस्था में देह में परिवर्तन होते हैं और प्रकृति के नियम के अनुसार (जैसे की सभी प्राणियों में होता है) विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण उत्पन्न होता है. इसे ही प्रेम मान लिया जाता है. हाँ, सहज ही मानव के भीतर प्रेम, आनन्द, सुख, शांति, पवित्रता आदि के प्रति लगाव होता है, पर वह कभी-कभी ही प्रकट होता है. प्रौढ़ावस्था तक आते-आते मानव को समझ में आने लगता है कि समय हाथ से निकल रहा है, अब कुछ ही वर्षों के बाद जगत से प्रस्थान करना होगा. वस्तुओं पर उसकी पकड़ ढीली होने लगती है, अहंकार भी छूटने लगता है, उसके भीतरी गुण ज्यादा प्रकट होने लगते हैं. यही वक्त है जब उसे यह जानना होगा कि वास्तव में जीवन का अर्थ क्या है ? क्यों इस संसार में इतना दुःख है ? क्यों मानव कुछ आदतों को बार-बार दोहराता है, क्यों वह भूलने लगता है. यही वक्त है जब उसे किसी मार्ग दर्शक की जरूरत होती है. जब उसे शरण में जाने की जरूरत होती है, क्योंकि कुछ ही समय में वृद्धावस्था उसे इसके लिए विवश करने ही वाली है.

आज जून दिल्ली गये हैं. टीवी पर आस्था चल रहा है वरना समाचार या कोई धारावाहिक चल रहा होता जिसे वह भी बहुत आनंदित होकर देख रही होती. इस समय वेद मन्त्रों की चर्चा हो रही है. परमात्मा निराकार है, वह एक ऊर्जा है, अचिन्त्य है, निर्विकल्प है. परमात्मा के विविध नाम उसके अनेक गुणों के आधार पर हैं. ब्रह्मा का अर्थ है जो सृष्टि की रचना करे. सर्व व्यापक तत्व विष्णु है और संहारक तत्व शिव है. अनंत काल से प्रतिपल ये तीनों कार्य चल रहे हैं.    


Saturday, July 22, 2017

दिगबोई गोल्फ फ़ील्ड


सुबह जून ऑफिस गये तो वर्षा हो रही थी, उसने एक घंटा ‘वर्षा ध्यान’ करते हुए बिताया, मन को अपने घर में कितना सुकून मिलता है. सुकून यानि एक ऐसा रस जो कभी घटता-बढ़ता नहीं. गणेश पूजा का उत्सव कल यहाँ सम्पन्न हो गया, अब दुर्गा पूजा के उत्सव की तैयारी है. दो दिन बाद मृणाल ज्योति जाना है, अपने स्कूल भी, इस बार शिक्षक दिवस मनाना है. उसके लिए एक कविता लिखनी होगी. उसने मन ही मन वे सभी बातें भी दोहरायीं जो वह भूमिका में बता सकती है. महान शिक्षाविद् डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के सम्मान में सन बासठ से यह दिवस मनाया जा रहा है. यह दिन शिक्षकों के उस अथक परिश्रम की याद दिलाता है जो वे विद्यार्थियों के हित के लिए अनवरत करते हैं. इस दिन विद्यार्थी अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं. समाज को उन शिक्षकों का ऋणी होना चाहिए जो बच्चों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाकर उन्हें जीवन में निरंतर विकास के योग्य बनाते हैं. बच्चों को शिक्षित करना, संस्कारित करना, जीवन का निर्माण करना शिक्षक का ही कार्य है. कल से उसने गणित पढ़ाना शुरू किया है, अच्छा लग रहा है, धीरे-धीरे सब याद आ रहा है. जीवन कितना-कितना लुटाता है. उनकी ही झोली छोटी होती है जो समेट नहीं पाते वे.

आज सुबह सुना साधक को शास्त्र इसलिए पढ़ने चाहिए कि वे उन्हें उनकी स्थिति से अवगत कराते रहें. वर्षों पहले पहली बार ‘योग वशिष्ठ’ पढ़ी थी. आज से पुनः पढ़ना आरम्भ कर रही है. परमात्मा अनंत है, उसको जानना तो असम्भव है. उसकी एक झलक मात्र ही मिल जाती है कभी-कभी, वह भी उसकी कृपा से ! अगले हफ्ते मेहमान आ रहे हैं, वे लोग आयें तो उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े उन्हें इसका ध्यान रखना होगा. नैनी के घर से झगड़ने की आवाजें आ रही हैं, नशा करके घर के आदमी लड़ने की सिवा कर ही क्या सकते हैं, नर्क इसी को कहते हैं.

पिछले दिनों कई अद्भुत स्वप्न देखे. कल स्वयं को देखा जब बहुत छोटी थी. एक-एक करके सारे संस्कार मिट रहे हैं. उनका दर्शन ही उनसे मुक्त कर सकता है. अभी भाई का फोन आया, वे लोग ट्रेन में बैठ चुके हैं, यात्रा का आरम्भ हो चुका है. कल वह यहाँ होगा परिवार के साथ, यह बात ही कितना सुकून देती है. कल के बाद पांच दिन एक सुखद स्वप्न की तरह बीत जायेंगे.

आज पूरे पांच दिन बाद कुछ लिख रही है. जिस दिन वे आये शाम को उन्हें लेकर आस-पास का इलाका दिखने ले गयी, फिर अगले दिन सुबह ही सैर करने वे रोज गार्डन गये, अभी कुछ ही पल हुए थे कि वर्ष शुरू हो गयी, घर आकर भी वे सभी देर तक भीगते रहे और गाते रहे, बचपन की स्मृतियाँ सजीव हो उठीं. उसके बाद वह उन्हें क्लब तथा को ओपरेटिव स्टोर ले गयी. शाम को जून ने आयल क्लेक्टिंग स्टेशन दिखाया. बाद में चाय बागानों में घूमने गये, सभी ने खूब तस्वीरें खिंचायीं. तीसरे दिन सब दिगबोई गये, जहाँ संग्रहालय, दिगबोई पीक, गोल्फ फील्ड तथा शताब्दी पार्क देखा. गोल्फ फील्ड में छोटी-छोटी पहाड़ियों से ढलानों पर लुढकते हुए नीचे आने के वीडियो बनाये जो वर्षों बाद देखने पर भी मन को हर्षित करेंगे. चौथे दिन वे सभी अरुणाचल प्रदेश गये, पांचवे दिन आगे की यात्रा के लिए वे सभी गोहाटी चले गये. परसों विश्वकर्मा पूजा है.   


Friday, July 21, 2017

गणपति बप्पा मोरया


कल जून का जन्मदिन है. उनके लिए एक कविता लिखनी है. आजकल वह बहुत खुश रहते हैं. दफ्तर में काम भी ज्यादा है फिर भी नियमित भ्रमण, व्यायाम आदि तो है ही. अपने जूनियर्स के साथ उनका संबंध बहुत स्नेहजनक है. आवश्यकता पड़ने पर अनुशासित भी करते हैं, सभी की भावनाओं का ध्यान भी रखते हैं. शॉपिंग करने में भी उन्हें बड़ा आनंद आता है. आजकल पैसों के मामले में बहुत उदार हो गये हैं. टीवी पर हास्य के कार्यक्रम भी देखते हैं. सबको लड्डू खिलाकर पन्द्रह अगस्त मनाने और झंडा लगाने का उनका जज्बा भी देखने लायक है. सबसे बड़ी बात अब उन्हें क्रोध नहीं आता उन बातों पर जिन पर पहले आता था. एक उन्नत भविष्य की ओर वह बढ़ रहे हैं.

झमाझम वर्षा हो रही है. एक बार ऐसा हुआ सुबह जब काले बादलों ने आकाश को पूरा ढक लिया, कितना अँधेरा हो गया था जैसे मन कभी-कभी किसी बात में पूरा आसक्त हो जाता है और आत्मा का सूर्य खिन भी दिखाई नहीं देता. अभी जब जून दफ्तर से लौटे तो मोटी-मोटी बूँदें पड़ने लगीं. गेट से बरामदे तक आते-आते वह भीग गये थोड़ा सा. छम-छम बरसती बूंदों का संगीत कितना मधुर है. हरियाली ऐसे गहरे हरे रंग में रंग गयी है. शाम यूँ भी होने को है.पंछी अपने घर लौटने को थे पर अब दुबक कर शाखाओं में बैठ गये हैं. आज सुबह स्कूल गयी, एक अध्यापिका ने कहा, वह कक्षा नवीं व दसवीं के बच्चों को गणित पढ़ाये, पर गणित से नाता टूटे तो वर्षों हो गये हैं, कोर्स भी बदल गया होगा. योग सिखाना ही सबसे सरल है, शांति की राह पर ले जाना ही सबसे प्रिय कार्य है. शेष कार्य तो हो ही रहे हैं. कल बड़े भांजे का जन्मदिन है, उसके लिए छोटी सी कविता लिखी है, जून अभी आकर उसे सजा देगें, फोटो आदि डालकर.

आज असम बंद है. गोलाघाट में असम व नागालैंड के लोगों के मध्य हुए दंगों के बाद पुलिस के अत्याचार के खिलाफ एजीपी ने बंद का आवाहन किया है. सुबह जून दफ्तर गये पर लौट आना पड़ा. वर्षा अभी होकर रुकी है, सब कुछ धुला-धुला सा लग रहा है. आज ब्लॉगस पर तीन पोस्ट डालीं, किसी-किसी दिन लिखने की गति अपने आप बढ़ जाती है और किसी दिन एक ही पोस्ट मुश्किल से लिखी जाती है. शाम को मृणाल ज्योति की मीटिंग है, बंद के कारण स्कूल तक जाना सम्भव नहीं होगा, इसलिए सारी कमेटी उनके घर पर ही आ रही है. छोटे भाई का जन्मदिन भी आने वाला है, उसके लिए भी एक कविता लिखी.

फिर एक अन्तराल ! कई दिनों से कोई नई कविता भी नहीं उतरी है. कागज-कलम लेकर बैठना ही नहीं हुआ. घर में रंग-रोगन व सफाई का काम चल रहा था, सब कुछ फैला हुआ सा था, अब जाकर कुछ ठीक हुआ है. अब भी काफी कम शेष है. छोटे भाई के आने में दस दिन शेष हैं, तब तक तो सब निपट ही जायेगा. गणेश पूजा का उत्सव चल रहा है इन दिनों. आज गुरूजी ने और कल शिवानी ने गणपति का असली अर्थ बताया. मिट्टी से बनी देह या शरीर के मैल से बनी देह अहंकार से ग्रसित होती है, फिर ज्ञान उस अहंकार को मिटा देता है और ज्ञान स्वरूप ही बना देता है. गणपति का सिर बड़ा है अर्थात ज्ञान भरपूर है. सूंड से भारी काम भी करते हैं और एक सुई भी उठा सकते हैं, अर्थात कोमल व कठोर दोनों हैं. चूहे पर सवारी करते हैं अर्थात तर्क (काटने की शक्ति) पर शासन करते हैं.



Thursday, July 20, 2017

लिट्टी-चोखा


कल ईद थी. शाम को एक मित्र परिवार मिलने आया. वे लोग यहाँ से जा रहे हैं, अपने घर से पौधे ले जाने को कहा था, उन्होंने लिट्टी-चोखा खाने का निमन्त्रण भी दिया है. जून ने गाड़ी भेजी है, अभी माली आएगा, उसे साथ लेकर जाना है. उनके लिए एक कटहल भी लिया है. इस समय भी धूप भी काफी तेज है, शाम के पांच बजने को हैं. कल छोटी बहन का जन्मदिन है, उसके लिए कविता लिखी है. उसने एक कविता की पैरोडी बना दी, खुदा की बात इतनी आसानी से समझ में आती कहाँ है. उसे भी नहीं आती थी, अब भी आई है ऐसा नहीं लगता. खुदा उन्हें खाली कर देता है, बिलकुल ‘हॉलो एंड एम्प्टी’ ! सितम्बर में छोटा भाई परिवार सहित यहाँ आ रहा है, यकीनन वे दिन बहुत अच्छे होंगे ! परसों एक जन्मदिन पार्टी में जाना है, अभी उसे एक कविता ( यदि उसे कविता कहें तो) लिखनी है, मन हल्का है, खाली-खाली सा..सो परमात्मा का सत्य उसमें से वैसे ही बहेगा जैसे खाली बांसुरी से हवा !  

अगस्त का आरम्भ हो चुका है, आज सारे कैलेंडर बदलने हैं. दूधवाले, धोबी, माली, नैनी सभी का हिसाब चुकतू करना है, जन्मदिन के कैलेंडर में इस माह पड़ने वाले विशेष दिनों को भी देखना है, शरीर का भार लेने का एक कार्य और करते हैं वे हर माह के पहले दिन. सुबह वे आज समय पर उठे, पिछले कुछ दिनों से उसका पाचन कुछ ठीक नहीं था. इतने वर्षों उस पर जो जुल्म ढाए हैं, उनकी भरपाई करने का वक्त आ गया है. इन्सान अपने छोटे-से छोटे कृत्य से भी बच नहीं सकता. जितनी नकारात्मकता इस मन के द्वारा उपजी है, उसका भुगतान उन्हें हर हाल में करना होगा. अब समय आ गया है कि पूर्ण सकारात्मकता को अपनाया जाये, उससे कम रत्ती भर नहीं, हर रत्ती का जवाब देना होगा जो सदा बढ़कर ही मिलता है. नन्हे ने बताया, कल कर्नाटक बंद था.

फिर कुछ दिनों का अन्तराल, कल कमेटी की पहली मीटिंग थी, एक सदस्या के साथ मिलकर उसने सभी के लिए स्नैक्स व रात्रि भोजन का इंतजाम किया. सब कुछ ठीक से हो गया. आज सुबह मृणाल ज्योति गयी, बच्चों को राखियाँ बांधी. जीवन एक धारावाहिक की तरह है, उसकी कहानी भी ऐसी ही है. कभी कुछ घटता है जो परेशान कर जाता है पर अपने स्वभाव में टिकते ही सब कुछ पूर्ववत् हो जाता है, बाहर न भी हो पर भीतर तो अवश्य. जो कुछ भी उन्हें निर्बल बनाता है वह त्याज्य है. सकारात्मकता में टिके रहने से हर क्षण नयेपन का अनुभव भी होता है. अभी-अभी नैनी की बच्चियां आई थीं, ईश्वर के प्रेम से परिपूर्ण, कितनी प्यारी मुस्कान है इन दोनों की ! उनके साथ जाकर फुहार में ही फूल चुने और तुलसी के चौरे पर सजाये. बहुत सी बातें वे बिन कहे ही समझ जाती हैं. प्रेम भी प्रेमी हृदय ही महसूस कर सकते हैं, संत या बच्चे ! सामने का दृश्य हरियाली का एक समुन्दर जैसा ही तो है, मौन है पर सब कुछ कहता और सब कुछ सुनता हुआ ! जीवन कितना सुंदर है और कितना अनोखा ! परमात्मा और जीवन एक ही तो हैं ! 

Wednesday, July 19, 2017

नूरपुर की रानी


अभी-अभी नैनी ने कौए और कबूतर के झगड़े की गाथा सुनाई. उसकी सास ने रोज की तरह कबूतरों के लिए कटोरी में पानी रखा और चावल के दाने बिखेरे. दो कौए आकर पानी पीने लगे. एक ने कटोरी ही चोंच से उलट दी, फिर चावल खाने आये कबूतरों को खदेड़ने लगे. बाद में एक बड़े कौए को बुलाकर लाये, शायद वह उनके नेता था. एक कबूतर की पूंछ पकड़कर उसे गोल-गोल घुमाने लगे और इस क्रिया में उसका एक पंख भी निकल गया. कौआ शनि देवता का रूप माना जाता है और कबूतर तो शिव का प्रिय पक्षी है. दोनों का यह झगड़ा फिर क्यों ! इन जीवों में भी कितना ज्ञान होता है. रात को दो अनोखे स्वप्न देखे, एक में वह आचार्य रजनीश से मिल रही है. वे अभी युवा हैं, वह कहती है, सर, आप कहाँ रहते हैं, उन्होंने इलाहाबाद का नाम लिया, इलाहबाद के किसी स्थान का. दूसरे में श्री श्री का सत्संग हो रहा है, आगे क्या करना है, इसके लिए वह उनसे मन्त्रणा कर रही है. गुरूजी से इतनी निकटता से बातचीत स्वप्न में ही सम्भव है, शायद भविष्य में कभी जागृत में भी सम्भव हो. भीतर कैसा तो अहोभाव भर गया है, परमात्मा की महक चारों और भरी है, धनक कण-कण में है, उसका स्पर्श हर शै पर है ! उसका सौन्दर्य अप्रतिम है. कितनी सुंदर सृष्टि रची है उसने, और पल-पल रच रहा है. उन्हें उसे कुरूप करने का कोई अधिकार नहीं है. उनका मन भी सुंदर होना चाहिए, विचार तथा भावनाएं भी. सभी कुछ एक सौन्दर्य का प्रकटीकरण करे, ऐसा होना चाहिए. बाहर माली की कैंची की आवाज सुनाई दे रही है, वह आज जल्दी आया गया है. उसने सोचा बगीचे में क्या-क्या काम और करवाए जिससे बगीचा और सुंदर लगे. जून कल आ रहे हैं, उन्होंने कोलकाता में कुछ सामान खरीदा है, उन्हें खरीदारी करने में बड़ा मजा आता है, जैसे उसे कविताएँ लिखने में ख़ुशी मिलती है.

कल कुछ नहीं लिखा, आज सुबह से मन स्थिर नहीं है. कोई पुराना कर्म अवश्य ही जागृत हुआ है. साक्षी में टिकना कोई ऐसी बात नहीं है कि एक बार यदि हो गया तो सदा के लिए हो गया. पल-पल  सजग रहना होगा. पूर्ण ज्ञान के बाद सम्भवतः वह सदा ही हो जाता हो, अप्रयास ही. कबीर तभी कहते हैं, साधो, सहज समाधि भली ! आज सुबह बाबा रामदेव जी की गंगोत्री यात्रा पर अच्छा सा कार्यक्रम देखा. वे साधु-संतों से भेंट करते हुए, अपने शिष्यों के साथ गंगोत्री से गोमुख की ओर जा रहे थे.  

आज धूप बेहद तेज है, पर पंखे के सामने बैठकर गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है, यूँ भी मन यदि शीतल हो तो बाहर का ताप विशेष असर नहीं करता. बड़ी ननद का फोन आया, कल बेटी के ससुराल वालों के साथ बात हुई, पर कोई हल निकलता नजर नहीं आ रहा है. कुछ देर ‘नूरपुर की रानी’ धारावाहिक देखा. नायिका नूरी कितनी अच्छी उर्दू बोलती है और बहुत संवेदनशील है. वह शहजादी बनकर अच्छे-अच्छे लिबास पहनती है तो उसे भी आज बहुत खूबसूरत लिबास मिले हैं. दो कुरते, जिनमें एक कुरता चिकन का है, और दो सूट के कपड़े, जिनपर कश्मीरी कढ़ाई है.

आज क्लब की वार्षिक मीटिंग है, नई कमेटी को जिम्मेदारी सौंपने का दिन, उसका काम अब कोई और संभालेगा. जुलाई भी समाप्त होने को है, नया वर्ष आता है और उसके जाने का वक्त भी आ जाता है. दोपहर को उठी तो सिर में दर्द था, आचार्य बालकृष्ण जी का तरीका अपनाया. दायीं नासिका को बंद करके बायीं नासिका से लम्बे श्वास लेना, दर्द काफी चला गया है, शायद पित्त बढ़ गया है. आजकल वे रोज ही आम खा रहे हैं.