Showing posts with label ज्योति. Show all posts
Showing posts with label ज्योति. Show all posts

Friday, August 28, 2015

फूलों का गुलदस्ता


आज का दिन विशेष है. अख़बारों में लिखा है कि इस तिथि को जब तारीख, महीना तथा वर्ष तीनों एक ही हैं तो कोई दुखद घटना घट सकती है. पर उसके लिए तो यह दिन, बल्कि हर दिन ही शुभ दिन है क्योंकि भीतर ज्योति जली है, भीतर संगीत जगा है तथा भीतर प्रेम की कली खिली है. मन के सिंहासन पर सद्गुरु सम भगवान को और भगवान सम सद्गुरु को प्रतिष्ठित किया है. जीवन एक शांत धारा के समान प्रवाहित हो रहा है पर उसमें नीरसता नहीं है, सरसता है !  

आज एकादशी है, जून आज भी फील्ड गये हैं. टीवी पर गुरूजी को देखा सुना. वह गूढ़ ज्ञान को जिस तरह सरल शब्दों में व्यक्त कर देते हैं, वह अतुलनीय है. आज उन्हें सुनकर हर बार की तरह उनके चरणों में शीश झुक गया. कल भी उन्हें सुना तो प्रायश्चित तथा पश्चाताप का नया अर्थ सुना. जब चित्त पहले का सा हो जाये तो प्रायश्चित घटता है. किसी से कोई भूल हुई, हृदय ग्लानि से भर गया, भीतर पीड़ा हुई, पश्चाताप हुआ तब प्रायश्चित किया और हृदय पूर्ववत हो गया तब वह उस भूल से छूट जाता है. वे हर शब्द में नया अर्थ भर देते हैं. रक्तबीज का उदाहरण देकर कहा कि ध्यान की गहराई में जाने पर जीवन में परिवर्तन हो जाता है. कोई बार-बार होने वाली भूलों से बच जाता है, वरना रक्तबीज की तरह एक विकार को दूर करते ही दूसरा सर उठाकर खड़ा हो जाता है. कोई पूर्ण मुक्त होकर जीना चाहता है तो गुरू की शरण से बढ़कर कोई उपाय नहीं है. उसे लगता है ज्ञान जीवन की सबसे अमूल्य निधि है, उसका होना तभी सार्थक है जब हृदय में परमात्मा का वास हो, आँखों में उसकी छवि हो और श्वासों में उसके ज्ञान की खुशबू हो. परमात्मा ही परम पुरुष हैं, वही तो वह हैं जिन्हें वेदों में पुराण पुरुष कहा गया है. और ऐसे भगवान कितने सहज प्राप्य हैं, उन्हें एक बार प्रेम से पुकारो तो सही.. वे तत्क्षण उत्तर देते हैं.

आज शाम को सत्संग मे जाना है. फूलों का गुलदस्ता लिए, अनौपचारिक ढंग से मुख से हरिनाम का उच्चारण करते हुए स्वयं को पाने के लिए, जो स्वयं को भुलाकर ही सम्भव है. झूठी पहचान जब मिटती है तो सच्ची पहचान जगती है. खुद को खोकर ही कोई खुद को पाता है. आज उसके भीतर कैसी पीड़ा ने जन्म लिया है, यह कुछ खोने का अहसास है. कोई प्रिय जैसे बिछड़ा जा रहा हो, यह पीड़ा भीतर की है, इसका समाधान भी भीतर ही मिलेगा ! यह पीड़ा मुक्ति का साधन बनेगी !

दोपहर के तीन बजने को हैं, आज कई दिनों के बाद उसने पढ़ाया नहीं बल्कि स्वयं पढ़ा है. कल सुबह बच्चों को सिखाने जाना है. कल सत्संग में आर्ट ऑफ़ लिविंग की एक स्थानीय टीचर ने ब्लेसिंग कोर्स के अपने अनुभव कहे. चार एडवांस कोर्स करके कोई भी यह कोर्स कर सकता है तथा इसे करने के बाद दूसरों को आशीष दे सकता है, गुरूजी उसके माध्यम से दूसरों को ब्लेस करेंगे, उसके बदले में कुछ दान-दक्षिणा देनी होगी, जो सीधे आश्रम जाएगी. उसे पहले-पहल तो अटपटा सा लगा कि कृपा का भी कोई मूल्य हो सकता है क्या ? फिर बुद्धि ने कहा कि यह बात उसकी समझ से बाहर है अतः वह उसका भरोसा न करे, जब वह भी इस कोर्स को कर लेगी तभी इसका अनुभव होगा, अभी तो मात्र कल्पना ही कर सकती है. सद्गुरु के प्रति यदि मन में संशय जगेगा तो हानि स्वयं की ही होगी, अतः अब उसने इस बारे में सोचना छोड़ दिया है. संतों-महापुरुषों के आचरण के बारे में उन्हें टिप्पणी करने का क्या अधिकार है, उन्हें तो उस राह पर चलना है जो बतायी गयी है. योग और ध्यान की राह पर चलने से उनका लाभ ही लाभ है. श्रद्धा उन्हें निज स्वरूप तक ले जाएगी और अश्रद्धा कहीं भी नहीं, तो अच्छा यही है कि वह अपने काम से काम रखे और उन बातों के बारे में व्यर्थ ही न सोचे जो उसकी समझ से बाहर हैं !


आज एक सखी का जन्मदिन है, शाम को वे जायेंगे. इस समय दोपहर के साढ़े बारह बजे हैं, वर्षा लगातार पिछले कई दिनों से हो रही है, ठंड हो गयी है. निर्माणाधीन कमरे में मजदूर काम कर रहे हैं. वर्षा में भीगते हुए पंछी भी किसी तरह अपना दाना जुटा रहे होंगे !  तिनसुकिया में बम ब्लास्ट की खबर अभी एक सखी ने सुनी, तब उसे बतायी. 

Wednesday, May 27, 2015

गुलाबी हाथी


आज सद्गुरु शिवतत्व की महिमा बखान कर रहे थे. शिव राम को भजते हैं और राम शिव के उपासक हैं. वह तो कृष्ण की उपासक है, वह उसके मन को पहले ही हर चुके हैं. आज सुबह क्रिया के बाद कुछ भिन्न अनुभूति हुई, जैसे वह अपने किसी पिछले जन्म में पहुंच गयी है. कल बच्चन की आत्म कथा के तीनों भाग समाप्त हो गये, चौथा भाग लेने एक दिन पुस्तकालय जाना होगा, उन पर लेख लिखने के बाद. आज श्री श्री ने निज स्वरूप से भी परिचित कराया. स्वयं का ‘होना’, ‘इसका ज्ञान होना’ और आनंद होना यही तो सच्चिदानंद है, पर अभी तक वह उस स्थिति तक नहीं पहुंची है. कभी प्रमाद घेर लेता है, कभी क्रोध, कभी वाणी में रुक्षता आ जाती है और कभी अहंकार का शिकार हो जाती है. परनिंदा में सुख आता है, न जाने कितने अवगुण अभी भी हैं जो ईश्वर की कृपा से ही निकल सकते हैं. अभी तो ‘तू ही है’ भाव ही सिद्ध हुआ है. ईश्वर ही सब कुछ है, यह जगत ब्रह्म का ही स्वरूप है, और जगत में वह भी है, सो वह भी उसी का स्वरूप हुई, यह बात जब तक अनुभव में न आये तब तक मन से मानकर ही चलना होगा. वह मौन में ही अनुभव में आ सकती है, सत्य को बोलकर व्यक्त नहीं कर सकते क्योंकि उसी क्षण वे अलग हो जाते हैं.

सुबह दो फूल चढ़ाकर जब वह आँखें बंद करती है तो एक ज्योति निकल कर उसे छूती हुई प्रतीत होती है. बहुत दिनों पहले ‘शारदा माँ’ का जीवन चरित पढ़ा था, वह कहती हैं कि कृष्ण ज्योति के रूप में भक्त के दिए फूलों व प्रसाद को स्पर्श करते हैं. वह हर क्षण उनके साथ है, उनकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए, पर पूजाघर में व्यवहार कितना भी शालीन क्यों न हो यदि बाहर विकारों के अधीन हुए तो पूजा व्यर्थ ही हुई. आज सुबह समय पर उठे वे, सारे काम समयानुसार हो रहे हैं पर ध्यान नहीं कर पायी. फोन पर काफी वक्त गया, लगभग सभी सखियों से बात हुई. सुबह सद्गुरु के वचन सुने, हृदय को शुद्ध करना ही होगा, उसके बिना ईश्वर कैसे प्रकट होंगे. देहात्म बुद्धि से स्वयं को मुक्त करना होगा. तभी ध्यान सधेगा और पुराने कर्मों के बीज अपने आप नष्ट होने लगेंगे. उसे इस जन्म में इतना कुछ मिला है कि जन्मों की साध मिट गयी, अब कुछ पाना शेष नहीं है सिवाय उसके ! कल शाम जून ने कहा कि वह अपने आप से बातें करती है और हँसती है. उन्हें क्या पता हर वक्त उसका मन उस दिव्य लोक में रमण करता है जहाँ कृष्ण हैं. एक पवित्रता का भाव छा जाता है अनिवर्चनीय आनंद..कल्पनातीत शांति और सुख जो इस जगत की वस्तुओं में तो नहीं ही मिलता...

आज सुबह उसने थोड़ी देर के लिए उदास होने का अभिनय करना चाहा, पर नहीं हुआ. दिल तो भीतर छलक रहा था सो थोड़ी ही देर में अभिनय से मन भर गया. जून कुछ समझ पाए या नहीं पर वह भी बहुत धैर्यवान हैं अथवा तो मन की बात छिपाने में माहिर हैं, सो कुछ कहा नहीं कुछ भी जाहिर नहीं किया न क्रोध न आश्चर्य, पर उसने स्वयं को अपनी परीक्षा में सफल पाया. यह प्रभु की कृपा है, वह हर पल उसके साथ हैं. अगले महीने नामरूप में एडवांस कोर्स है, उसे जाना है. जून भी तैयार हैं उसे भेजने के लिए. टीवी पर बाबाजी ध्यान करा रहे हैं. हजारों की संख्या में लोग ॐ नमो शिवाय का जप कर रहे हैं. उन्हें ध्यान से पहले प्रेम से उस चैतन्य को पुकारना है. धीरे-धीरे भीतर उतरना है, परमात्म रस प्रकट करना है. हृदय प्रेम से इतना परिपूर्ण हो कि अन्य किसी भाव के लिए कोई स्थान न रहे. कल शिवरात्रि है, वह उपवास रखेगी, जो शरीर के दोषों को दूर करने के साथ-साथ मन के दोषों को भी दूर करेगा तो मिथ्या उदासी ग्रहण करने की प्रेरणा भी नहीं होगी. वाणी रुक्ष नहीं होगी, प्रियजनों की उपेक्षा नहीं होगी, सभी के लिए कल्याण की भावना होगी. परदोषों  पर  नजर नहीं जाएगी. वास्तविकता को जानने का विवेक जगेगा. कामनाएं नष्ट होंगी. परमात्मा का स्वरूप स्पष्ट होता जायेगा !

रात को अलार्म साढ़े बारह बजे ही बज गया, उनकी नींद टूट गयी, उठने को हुए, पर जून ने घड़ी देखी तो पता चला फिर सुबह पांच बजे के बाद ही उठ पाए. जून समय से ऑफिस चले गये, व्यायाम आदि किया बस सत्संग नहीं सुन पाए. जून के जाने के बाद गुरूमाँ के वचन सुने. जीवन में सतोगुण कैसे आये इसका वर्णन वह कर रही थीं. ईश्वर भक्त से उसकी भलाई की अपेक्षा के अतिरिक्त कुछ भी अपेक्षा नहीं रखता. वह कदम कदम पर चेताता है कि व्यर्थ के कार्यों से बचें. सद्गुरु को कल उसने स्वप्न में देखा, वे सभी सत्संग में बैठे हैं. एडवांस कोर्स कर रहे हैं. वह रंगों को ब्रश से कागज पर उतार रही है. हाथी रंगना है तो वह गुलाबी रंग लगाती है तभी एक परिचित साधक गुरूजी को पेंटिंग करने के लिए सब कुछ उठाकर दे देते हैं. वह ब्रश से कई सारे रंग एक-एक कर लगाने लगते हैं, ब्रश फ़ैल जाता है, वे उनके निकट हैं. पता नहीं यह स्वप्न क्या कहना चाहता है या मात्र स्वप्न ही है !