Showing posts with label चित्रकला. Show all posts
Showing posts with label चित्रकला. Show all posts

Wednesday, December 3, 2014

चित्रकला का संसार


आज सुबह से ही अपने–आप में नहीं है, एक के बाद एक मूर्खतापूर्ण कार्य और वाणी का प्रयोग उसे असमंजस में डाले जा रहा है. सुबह जून देर से उठे उसकी वजह भी वही थी. कल उसके सामने ही घड़ी reset हो गयी पर न तो उसे ठीक ही किया न ही जून को बताया. सुबह नन्हे को डांटा. जून से असत्य कहा, संगीत कक्षा भी है, फिर शीघ्रता में ही स्वीपर के न आने की खबर सफाई दफ्तर में कर दी जबकि बाद में वह आ गया है, उन्हें कितनी असुविधा हुई होगी उसकी वजह से दूसरा व्यक्ति परेशान हुआ जिसे काम मिल गया था. नैनी को तो उसकी गलती के लिए टोकना आवश्यक था. ...और अब उसका मन उसे ही कोस रहा है या फिर वह मन को...उसे स्वयं पर संयम नहीं था इसी का परिणाम था यह सब. शायद वह संगीत सीखने नहीं जा पायी इसकी वजह से..बाबाजी कहते हैं..छड्डो परे....और ईश्वर से सच्चे दिल से क्षमा मांग लो. परम शांति तो स्वयं की ही है..हर क्षण ..हर पल !

पिछले कई दिनों से अधर्म की वृद्धि हो रही थी और ईश्वर अपने वायदे के अनुसार मन के द्वार पर दस्तक देने आया है. उसके साथ सदा ऐसा ही होता है. जब कभी संसार उसे घेर लेता है एक बेचैनी उसे वहाँ से भागने पर विवश कर देती है. कुछ दिन या कुछ पल यदि ईश्वर के स्मरण के बिना गुजरे हों तो एक छटपटाहट सी होने लगती है जो कहती है कि यह मार्ग उसका नहीं है. आज सुबह गुरुमाँ ने सत्य कहा था कि यदि कोई सुख चाहता है तो उसे याद करे वरना न करे. उसे याद करते रहें तो अपने कर्त्तव्यों का बोध भी बना रहता है. कर्त्तव्य अपने देह, मन, आत्मा के प्रति, अपने परिवार, संबंधियों, पड़ोसियों के प्रति, अपने समाज, शहर व देश के प्रति तथा मानवता के प्रति अपने मातहत काम करने वालों के प्रति. जीवन एक उपहार है जो ईश्वर ने दिया है. हर श्वास पर उसी का अधिकार है, अभिमान करने योग्य यदि कुछ है तो यही कि मानव जन्म पाया है. इसे सार्थक करना या इसका अपमान करना उसके वश में है. आज कैलेंडर देखा तो पता चला कि कल अमावस्या थी, उसके व्रत का दिन पर उसे याद नहीं रहा, इतवार का दिन जो था. अब आने वाले कल रखेगी. कल एक पुराने परिचित आये, उन्हें भोजन कराया वह मिठाई लाये थे अपने शहर की. यह प्रेम का संबंध ही तो है जो उन्हें उनके पास लाता है. ईश्वर के प्रति प्रेम हो तो वही प्रेम अन्यों के प्रति झलकता है. उसका हृदय प्रेमयुक्त हो !


आज गयी थी संगीत सीखने, सो ‘जागरण’ नहीं सुना. लौटी तो ध्यान आदि किया, भोजन बनाया. पत्र अधूरे ही पड़े हैं, कुछ नया लिखा भी नहीं, पत्रिकाएँ पढने का भी समय नहीं मिला. चित्रकला का अभ्यास भी उसने कुछ दिन पहले शुरू किया था, बीच में ही छूट गया है, पर कल नन्हे ने बहुत दिनों के बाद एक चित्र बनाया अपने स्कूल में होने वाली एक प्रदर्शनी के लिए  आज सुबह वह अपने आप ही उठा, फिर बस स्टैंड तक उसे छोड़ने जून गये. अभी-अभी उनका फोन भी आया. कल कहा कि उन सभी को घर पर भी अच्छी वेशभूषा में ही रहना चाहिए, अस्त-व्यस्त सा नहीं. क्लब की मीटिंग का बुलेटिन भी आया है, जाने का अभी तो ज्यादा उत्साह नहीं है लेकिन सदस्या बनी है तो मीटिंग में जाना कर्त्तव्य भी तो है जब तक कि बेहद आवश्यक कार्य न हो अनुपस्थित नहीं होना चाहिए. कल माली ने तीन क्यारियों में खाद डाल दी है, इस बार वे सर्दियों की सब्जियां शीघ्र लगा सकते हैं. अभी एक सखी से बात हुई, उसने घर आने का निमन्त्रण दिया है, वे अवश्य जायेंगे.

Thursday, January 24, 2013

हरा बार्डर पीली साड़ी



आज फिर वही व्यस्तता..जो उसे बहुत अच्छी लगने लगी है. नन्हे का स्कूल बंद है, साथ-साथ वे नाश्ता करते हैं, फिर वह पढ़ाई करता है थोड़ी बहुत और पहले रामायण का पाठ सुनता है. फिर अपने मित्र के यहाँ जाता है अथवा कभी वह आ जाता है. बच्चों को बड़ों के साथ से ज्यादा हमउम्र का साथ प्रिय होता ही है. ग्यारह कैसे बज जाते हैं पता ही नहीं चलता. कल दोपहर उसने अपनी ड्रेस सिलनी शुरू की है, आज भी करेगी, सिलाई करना उतना मुश्किल तो नहीं है जितना उसने सोचा था. कल जून बेहद खुश थे, पहले के जैसे उत्साहित और स्नेह से भरे..व्यर्थ ही वे बाहर की घटनाओं से उदास हो गए था..नीरस जीवन जिए जा रहे थे..नीचे प्यार की धारा बह रही थी पर वे उससे अनजान ही थे.

कल सत्यजित रे की प्रसिद्ध फिल्म “पाथेर पांचाली” देखी, जिसने उसे रुला ही दिया. ‘चारुलता’ भी लाए हैं जून, अभी अंत नहीं देखा, यह भी बहुत अच्छी फिल्म है. कल जून एक हास्य फिल्म का कैसेट भी लाए थे. आज क्लब में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता है, सोनू भाग ले रहा है. वह जेम्स बॉण्ड बन रहा है.  
उसे लगता है, लिखने का यह समय ठीक नहीं क्योंकि मन तो घर-गृहस्थी के कार्यों में उलझा रहता है, विचार स्थिर हो ही नहीं पाते. यह छूट गया, यह करना था, यही सब.. आज सुबह उसने जून को समय पर नहीं उठाया..क्यों किया ऐसा ? उन्हें जल्दी-जल्दी तैयार होकर जाना पड़ा. क्या प्रमाद उसके भीतर इतनी गहरी जड़ें जमा चुका है..इतना आसान हो गया है माथे पर बिना कोई शिकन लाए, बिना गाल लाल हुए..उसे इस ओर सचेत रहना होगा. कल रात स्वप्न में दंगे और कर्फ्यू को देखा अपनी खिड़की के बाहर जैसे बनारस में देखा था. नन्हा बोला, अब वह छुट्टियों से बोर हो गया है, कुछ विशेष करने को कहो तो अकेले कर  भी नहीं पाता जब तक कि कोई साथ न रहे, और वह चाहकर भी ज्यादा समय नहीं दे पाती, अब ध्यान रखेगी.

नन्हे को चित्रकला प्रतियोगिता में पुरस्कार मिला है, उसने भी एक प्रतियोगिता में अपनी कवितायें भेजी हैं. कल रात स्वप्न में उसका गला खराब लगा सुबह उठी तो वाकई गले में खराश थी...कभी-कभी सपना और हकीकत एक हो जाते हैं. वर्षा का मौसम आ गया है या कहें कब से आ चुका है. आज सुबह से ही टपटप पानी बरस रहा है ऐसे में टीवी पर ‘सुमित्रा नन्दन पंत जी’ की कवितायें और उन पर एक कार्यक्रम बहुत अच्छा लगा, साथ ही ‘सच्चिदानन्द भारती जी’ पर एक कार्यक्रम देखा. कितनी पुरानी यादें पहाड़ों के वास की सजीव हो उठीं शायद छोटे भाई ने भी देखा हो यह कार्यक्रम. उसे खत में लिखेगी उसने तय किया. जून को हल्की सर्दी लगी हुई है, जैसे कल उसे लग रहा था, कल वे अस्पताल भी गए थे, डॉ बरुआ ने ढेर सारी दवाएं दे दीं पर उसने ली एक भी नहीं है, दोपहर को जून के हाथ वापस भिजवा देगी. 

परसों वह एक परिचित के यहाँ गयी थी, कपड़ों का एक सौदागर आया, उसने एक पीली तांत की साड़ी खरीदी हरे बॉर्डर वाली, जून को घर पर आए सेल्समैन से कुछ खरीदना अच्छा नहीं लगता, पर यहाँ बहुत लोग घर पर कपड़े आदि खरीदते हैं. आज टीवी पर “नेहरु ने कहा था” कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति उनके विचार सुनाये गए. आज के बच्चों के लिए नेहरु एक कहानी के पात्र ही रह गए हैं. उसके बचपन में आधुनिक भारत के निर्माता नेहरु कितने निकट जान पड़ते थे. राजीव गाँधी की प्रथम पुण्य तिथि के अवसर पर टीवी पर उन्हें भी कई बार देखा, हजारों लोग उन्हें भरे मन से याद करते हैं.

उसका जन्मदिन है आज, भाई-बहनों व ननद के बधाई कार्ड्स मिले हैं, नन्हे ने भी उसके लिए एक कार्ड खुद बनाया है, वह उसके लिए एक उपहार भी लाया है जो अभी तक दिखाया नहीं है. जून ने उसे एक साड़ी दी है और ढेर सारा प्यार. आज शाम को वह मैंगो शेक व ब्रेड रोल बनाएगी, केक तो होगा ही, खाने में पनीर की सब्जी. जन्मदिन पर खुशी क्यों होती है ? क्या इसलिए कि बचपन से इस दिन खुश होना सिखाया जाता है या इसलिए कि वे शुक्र गुजार होते हैं दुनिया में आने के लिए. गरीब लोग जन्मदिन मनाते होंगे, मनाते भी होंगे तो खुश नहीं, उदास होते होंगे, यह बात उसने क्यों लिखी. कल रात को ‘सलीम लंगड़े पे मत रो’ फिल्म देखी. फिल्म काफी देर से शुरू हुई पर उसने इंतजार किया और उस इंतजार का परिणाम अच्छा ही रहा. फिल्म काफी अच्छी और सच्ची थी, मुसलमानों का दर्द उभर कर आया है, लेकिन ऐसा क्यों है? गरीबी, अशिक्षा और संकुचित विचारधारा के कारण ही तो. देर से सोयी तो सुबह नींद भी फिर देर से खुली.