Showing posts with label शिवानी. Show all posts
Showing posts with label शिवानी. Show all posts

Wednesday, July 15, 2020

ट्रैफिक कंट्रोल



आज तीसरे दिन भी चार पोस्ट्स प्रकाशित कीं. योग कक्षा में एक साधिका अपनी बिटिया को लायी थी जो गोहाटी यूनिवर्सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स में शोध कर रही है. उसने भी एओल का कोर्स किया हुआ है, सबके साथ सुदर्शन क्रिया की. आज महीनों बाद लौकी के कोफ्ते बनाये, इस मौसम की पहली लौकी जो बगीचे से मिली थी. कल पीएम के जीवन पर चेतन भगत द्वारा निर्मित एक फिल्म देखी, बचपन में चाय बेचते थे और बड़े होने पर भी अपने चचेरे भाई के साथ एक कैंटीन में काम करते थे. संघ के प्रचारक बने. पहले सन्यासी बनना चाहते थे. अद्भुत है उनके जीवन की गाथा ! उनमें दृढ संकल्प शक्ति बचपन से ही थी. 

सुबह उठने से पूर्व एक अद्भुत स्वप्न देखा. परमात्मा की ओर से आया एक और संदेश जो उसे गुलामी से छुड़ाने के लिए है. वह एक परिवार में गयी है, साथ में दो अन्य जन भी हैं. वे पड़ोस के परिवार में चले जाते हैं. वे सब बात कर रहे हैं, फिर नूना किसी पत्थर पर कोई संदेश लिखती है, जब अपना नाम लिखने की बारी आती है तो उस खुरदुरे पत्थर पर कुछ भी लिखा नहीं जाता. नाम का पहला अक्षर नहीं लिखा है, तभी पिताजी कहते हैं, यह कैसा नाम है ? वह पुनः प्रयास करती है पर उस स्थान पर कोई भी रंग या चाक काम नहीं करता. वह उसे छोड़कर एक अन्य काले पत्थर पर लिखकर देखती है. श्वेत अक्षरों में ॐ ॐ लिखती है तो झट से पूरा स्थान भर जाता है, फिर अंत में छोटे अक्षरों में अपना नाम भी लिखती है अंग्रेजी में. तभी भीतर से आवाज आती है, स्वयं के नाम को मिटाना होगा, हाथ से मिटाने का प्रयत्न किया पर मिटा नहीं, यह यशेषणा का प्रतीक है. अगले स्वप्न में एक छोटा सा बच्चा है जो सम्भवतः उसी परिवार का है जिससे मिलने गयी थी, वह रात भर उनके घर पर ही रहा है, सुबह उसे छोड़ने जाना है. दृश्य बदलता है, जून फोन  करके उसके परिवार को कहते हैं कि उसे ले जाएँ. वह चाय बनाती है, पतीले में चाय उबल रही है तभी भीतर से आवाज आती है, इसे गिरा दो, दो सफेद कप भी दिखते हैं, उन्हें भी तोड़ देने का ख्याल आता है. यह आसक्ति है. जब तक भीतर जरा सा भी राग शेष है परमात्मा दूर ही रहता है. वह खाली मन में प्रवेश करता है. मन में कोई भी कामना शेष हो तो मिलन होगा भी कैसे ? 

रात्रि के आठ बजे हैं. वर्षा आरंभ  हो गयी है. कुछ देर पूर्व वे बाहर टहल रहे थे तब बरामदे के बल्ब पर पतंगों की वर्षा हो रही थी, सैकड़ों पतंगों ने गिरकर अपनी जान दे दी. क्या रहस्य है इन पतंगों के जन्म और मृत्यु का, कोई नहीं जानता. कल शाम व आज सुबह शिवानी को सुना, कितने सुंदर व सरल शब्दों में वह जीवन के सूत्र बता देती हैं. कहा, यदि हर घंटे एक मिनट के लिए वे जो भी काम कर रहे हों, उसे रोककर  अपने मन को देखें, ध्यान करें व अपने स्वरूप में स्थित हों तो अगले पूरे घंटे मन नियंत्रण में रहेगा, वह इसे ट्रैफिक कंट्रोल कहती हैं. सुबह बच्चों के स्कूल गयी, भूतपूर्व अध्यक्षा से अंतिम मुलाकात हुई, उन्होंने उस पार्क का उद्घाटन किया जो अभी बनना आरंभ नहीं हुआ है, एक दिन तो बन ही जायेगा. शायद वही ‘नाम’ की अभिलाषा... महीनों बाद आज बंगाली सखी से बात हुई, उसकी इकलौती पुत्री और दामाद कनाडा जा रहे हैं सदा के लिए. 

उसने पढ़ा, कालेज में थी तो स्कूल के दिनों को याद करती थी.... कभी-कभी उसे इंटर के वे दिन याद आते हैं जब राजकीय  इंटर कालेज में छुट्टी होने पर वह गेट पर भीड़ होने के कारण आगे जाने की जल्दी न करते हुए सबसे पीछे खड़े रहकर कबूतरों को देखा करती थी. उस स्कूल में कितने कबूतर थे. उसकी उस मनोस्थिति को या चेहरे के भाव को देखकर कुछेक छात्राएं आश्चर्य में आपस में कुछ कहा करती थीं. वे दिन भी क्या दिन थे, जब कोई चिंता न थी. उस लगा इंसान जहाँ और जब होता है वहाँ सुखी रहना नहीं जानता इसलिए अतीत के गुण गाया करता है. 

अगले दिन वह घर आ गयी थी, अपने कमरे में अपनी मेज पर. चचेरी बहन उसके बारे में कोई बात कह रही होगी, वह कितनी नादान है कितनी भोली मगर आज्ञाकारी बिलकुल नहीं. वह उसके लिये कभी कुछ कर सकी तो कितना अच्छा होगा. कालेज जाना था फ़ीस जमा करने और लाइब्रेरी से किताबें लेने. सबसे मिलने का भी आखिरी दिन था, परीक्षाओं के दौरान किसी को फुर्सत नहीं होती और यह अंतिम वर्ष है कालेज का सो... एक छात्रा ने पढ़ाई के बारे में पूछा तो उससे मिथ्याभाषण किया, वह उसका अहम ही तो था. सच बात कहने की उसमें हिम्मत नहीं. सच बात तो यह थी कि पिछले पांच दिन वह उस तरह बिल्कुल नहीं पढ़ पायी पर कहा, टाइमटेबल के अनुसार पढ़ी थी. इससे धोखा उसे दिया या स्वयं को. एक अन्य सखी मिली कालेज में जो आगे पढ़ना चाहती है पर घर वाले उसका रिश्ता तय कर रहे हैं, वह भी झुक जाएगी अपने मम्मी डैडी और भैया के विचारों से जो शहर के बड़े व्यापारी हैं. एक अन्य सखी मिली जो उसे बहकती हुई सी लगती है, बेवजह के शब्द उगलती. एक ने कहा, ‘आषाढ़ का एक दिन’ बकवास है. एक ने उसकी किताब नहीं लौटाई न ही पैसे दिए हैं जबकि वह उस दिन कह रही थी... और पुस्तकालय से जो पुस्तकें उसने ली हैं उसे देखकर लगता है किसी काम में आने वाली नहीं ...

Thursday, September 20, 2018

सिस्टर शिवानी का कार्यक्रम



शाम के चार बजकर दस मिनट हुए हैं. आज भी क्लब में मीटिंग है. कल बड़े भाई आ रहे हैं, वह उन्हें लेने जाएगी. सुबह वह मृणाल ज्योति गयी थी, शिक्षक दिवस का कार्यक्रम था, क्लब की तरफ से व अपनी तरफ से भी उसने सभी अध्यापिकाओं को उपहार दिए. उनके द्वारा पेश किया कार्यक्रम भी अच्छा रहा. सुबह नींद जल्दी खुल गयी, कुछ देर ध्यान किया बाद में फिर नींद आ गयी, किसी ने आवाज दी उस नाम से जिसमें उसे जून बुलाते हैं. कैसा रहस्यमय यह संसार, कौन है जो बिना मुख के बोलता है, कौन है जो बिना हाथों के छूता है, उस दिन कंधों पर जो स्पर्श किसी ने किया था, वह अभी तक सिहरन पैदा कर देता है. पिछले कुछ दिनों से एक गंध हर समय साथ रहती है. कैसी है यह गंध, क्या है इसका स्रोत..कुछ पता नहीं. आज कई दिन बाद फोन ठीक हुआ, शायद दो-तीन दिन बाद ब्लॉग पर लिखा. कविता कई दिनों से नहीं लिखी, समय भी तो चाहिए और एक भिन्न भाव दशा, अब मन स्थिर हो गया है.

कल भाई की फ्लाईट समय पर थी. दोपहर बाद वे हवाई अड्डे से घर वापस आ गये थे. सुबह भ्रमण के लिए गये. भाई को यहाँ अच्छा लग रहा है. दिन भर कुछ न कुछ क्रिया-कलाप होता है. शाम को क्लब जाना था, वापस आकर भोजन करते और सोते काफी देर हो गयी. आज भी सुबह स्कूल गयी, शाम को क्लब में एक परिचित परिवार का विदाई समारोह था. अच्छा रहा, लौटने में देर हो गयी. भाई तब तक जगे ही थे. अखबार में सुडोकू हल कर रहे थे.

पिछले दो दिन कुछ नहीं लिखा. समय जैसे तीव्र गति से भाग रहा है. आज वे ड्राइवर के साथ दूर तक घूमने गये, भाई को पाइप ब्रिज दिखाया. उन्होंने ही बाजार से सब्जी भी खरीदी. शाम को योगनिद्रा का अभ्यास किया. लगभग रोज ही एक बार सिस्टर शिवानी को सुनने का क्रम भी बन गया है. वह अस्पताल गयी, एक सखी की सासुमाँ वहाँ भर्ती हैं. उसे देखकर वह प्रसन्न हुई. प्रेम से किया गया छोटा सा कृत्य भी किसी को राहत दे जाता है.

शाम के साढ़े पांच बजे हैं. बाहर से जंगली काली मुर्गी की आवाज लगातार आ रही है, जो अपने पूरे परिवार के साथ बांस की हेज में रहती है. जब बगीचे में कोई नहीं होता तब घूमती फिरती है और शोर मचाती है, बाहर जाकर देखें तो छुप जाती है. अभी कुछ देर पूर्व वे बगीचे में थे. भाई ने एक तस्वीर ली, आंवले के वृक्ष पर बैठी गिलहरी की. आकाश पूर्व में गुलाबी हो रहा था. कल शाम वे भ्रमण पथ पर जाकर आकाश की तस्वीर उतारेंगे. आज जून इटली के शहर ट्यूरिन में हैं, उन्हें वापस आने में चार-पांच दिन और हैं. कल फेसबुक पर एक वरिष्ठ लेखक ने प्रश्न किया, वह फेसबुक पर क्यों है, सहज ही उत्तर लिख दिया, पर उन्होंने उसे टैग करके पोस्ट कर दिया, कितने ही लोगों ने पढ़ा, उसकी एक तस्वीर भी पोस्ट कर दी, कब किस मार्ग से लोगों से जुड़ना होगा, कौन जानता है. विचार किस प्रकार उनका भाग्य बनाते हैं, इसका प्रत्यक्ष उदाहरण आज देखा. उन्हें मनसा, वाचा, कर्मणा कितना सजग रहना होगा.

Tuesday, March 20, 2012

बंद प्लांट


उसने सोचा, क्यों रहना पड़ता है उन्हें दूर... सुबह वह जल्दी उठ गयी थी, पिछली रात की तरह मच्छरों ने परेशान नहीं किया सो ठीक से सो सकी. वह दिन भर घर पर ही रही, कल की तरह लाइब्रेरी नहीं गयी. शिवानी की पुस्तक ‘चौदह फेरे’ पूरी पढ़ ली. दो तीन दिन या पता नहीं कितने दिन और लगेंगे अभी जून को आने में. वहाँ रहकर भी उसे नूना के खाने-पीने की, सोने-जागने की, पढ़ने-लिखने की फ़िक्र लगी रहती है. दिन में कुछ देर सोयी तो जून को स्वप्न में देखा पर अच्छा नहीं था वह स्वप्न, पता नहीं ऐसे स्वप्न क्यों आते हैं. जून नहीं है तो लगता है जैसे उसे कोई काम ही नहीं है, सारा घर सूना-सूना सा और वह अकेली.
जून ने बताया है कि प्लांट बंद कर देना पड़ा है, उसका मन ठीक नहीं है, उसे भी अच्छा नहीं लग रहा है. अब तो उससे सुबह ही बात हो सकेगी, हो सकता है रात भर में स्थिति नियंत्रण में आ सके और सुबह काम फिर से शुरू हो जाये. उसने मन ही मन शुभकामनायें भेजीं और कहा कि वह एक बार भी नहीं कहेगी उसे वापस आने के लिये. वह यहाँ बिल्कुल ठीक है, जून वहाँ रहकर भी उसके हर कार्य में उसके साथ है, उसका स्नेह उसके साथ है तो फिर उसे भी तो बल देना होगा उसने दुआ मांगी कि वह अपने काम में सफल रहे. आज भी वह घर पर ही रही कल किसी परिचित के यहाँ जायेगी. आजकल ठंड ज्यादा नहीं है, या उसे महसूस नहीं होती, वह दिन भर बंद घर में रहती है शाम को कुछ देर टहलती है. आज इंदिरा गाँधी की चौठसवीं सालगिरह है, उनकी मृत्यु के बाद उनकी अनुपस्थिति में दूसरा जन्मदिन.