Showing posts with label वृद्धा. Show all posts
Showing posts with label वृद्धा. Show all posts

Friday, April 21, 2023

वृद्धा योग शिक्षिका


कुछ देर पूर्व वे रात्रि भ्रमण से लौटे हैं, हवा ठंडी थी, शाम भर वर्षा होती रही थी। जाने कहाँ से बादल इतना जल लेकर आते हैं और अचानक किसी स्थान पर धरा को भिगो कर चले जाते हैं। प्रकृति की लीला को कौन समझ सका है। भगवद गीता में कृष्ण कहते हैं, वही पंच भूतों के स्रोत हैं। देवों के देव में देखा, पार्वती की तपस्या अपने अंतिम चरण में पहुँच गयी है। उन्होंने वनस्पति का आधार भी छोड़ दिया है और केवल वायु के आश्रय रहकर तप कर रही हैं। जब कि वे कुछ घंटे भी भोजन के बिना नहीं रह पाते। बहुत सामान्य है उनका जीवन, पर उस विराट से मिलने की आस रखते हैं। दुर्गाष्टमी आने वाली है। गुरु जी ने बहुत सुंदर व्याख्या की है दुर्गा के नौ रूपों की। उनके एक व्याख्यान का हिंदी में ट्रांस्क्रिप्शन किया।  वह कहते हैं, शैल पुत्री किसी अनुभव की पराकाष्ठा से उत्पन्न हुई ऊर्जा है। ब्रह्मचारिणी अनंत में व्याप्त ऊर्जा है। चंद्र घंटा सौंदर्य का अनुभव करने वाली शक्ति का प्रतीक है। कुषमाँडा ऊर्जा से परिपूर्ण होने की अवस्था है। स्कंद माता मातृ शक्ति है। कात्यायनी ज्ञान की देवी है। कालरात्रि रात्रि के समान विश्राम देने वाली, सिद्धीदात्री सिद्धियों को देने वाली तथा महागौरी सक्षम बनाने वाली तथा मुक्ति प्रदायिनी है। 


परसों बड़ी भांजी का जन्मदिन है। सीए होते हुए वह अंग्रेज़ी में तीन छोटे उपन्यास लिख चुकी है, चौथा लिख रही है। वेब साइट खोल ली है। जो ऑन लाइन पुस्तक छपवाना चाहते हैं, उनकी मदद करना चाहती है। उसका दाँया और बाँया दोनों मस्तिष्क सजग हैं, गणित और अर्थशास्त्र जैसे रूखे-सूखे विषय में पारंगत है और लेखन जैसे सरस विषय में भी। बेटी, भांजी, एक समर्पित पत्नी, फ़रमाबरदार बहू, एक बिटिया की वात्सल्यमयी माँ, बहन, मौसी, बुआ सब है। उसके अगले दिन सोनू का जन्मदिन है, वह समझदार और सबका ध्यान रखने वाली है। प्राणी, पौधा, अपना या पराया, किसी में कोई भेद नहीं करती। सहेलियों से बनाकर रखती है और रिश्तेदारों का हालचाल लेती रहती है। अपना ऑफिस का काम भी मन  लगाकर करती है। घर व वस्त्रों को सलीके से रखती है। कितना कुछ है उनके जन्मदिन पर कविता लिखने के लिए। 

 

नैनी गाँव से अपने खेत की एक लौकी और मूँगफली लायी है, जिसे उन्होंने एयर फ्रायर में भून कर खाया।आज गुरुजी के लेख का अनुवाद किया, जिसमें रामायण के प्रतीकात्मक गूढ़ अर्थ को समझाया था। अभी-अभी उनका लाइव सत्संग सुना, कह रहे थे, पर्व इसलिए आते हैं कि रोज़मर्रा के जीवन में उलझा हुआ मानव कुछ समय देवाराधना के लिए निकाल सके। आज सुबह चार बजे एक स्वप्न देखा, पापा जी कह रहे हैं, उन्हें ठंड लग रही है। शाम को उनसे बात हुई तो पता चला, उस समय उन्हें वाक़ई ठंड लग रही थी। उन्हें हल्का बुख़ार हो गया था, दवा ले ली थी, अब ठीक हैं। उन्होंने दीपक चोपड़ा के एक वीडियो के बारे में बात की, जिसमें नब्बे साल की एक वृद्ध महिला योग सिखा रही हैं। शाम को वे टहलने गए तो अक्सर मिलने वाले एक नब्बे वर्षीय एक वृद्ध से बात हुई, अपने रंगून प्रवास के बारे में बता रहे थे, वे वहाँ पाँच साल रहे थे और रोज़ झील के चक्कर लगाते थे। यहाँ रोज़ शाम को उनका नौकर उन्हें कार में घुमाता है, फिर एक जगह कार रोककर वे प्रकृति के नजारों को देखते हैं और कभी-कभी कुछ देर छड़ी लेकर कुछ कदम चलते हैं। वृद्धावस्था में देह साथ नहीं देती, वे गर्मी में भी मोज़े पहने रहते हैं; पर बातों में उत्साह से भरे होते हैं। चेतना कभी वृद्ध नहीं होती, इसलिए कभी-कभी बूढ़े बिलकुल बच्चों जैसे हो जाते हैं। 


Tuesday, May 28, 2019

वृद्धा की राम राम



महिला क्लब द्वारा संचालित बच्चों के स्कूल की पत्रिका छप रही है, स्वर्ण जयंती समारोह पर. अभी-अभी उसने एक अंग्रेजी व एक हिंदी लेख की प्रूफ रीडिंग की, सोचा, क्यों न वह भी इसमें अपनी एक कविता दे जो काफी पहले बच्चों पर लिखी थी. ब्लॉग पर कुछ दिन पहले लिखी एक कविता प्रकाशित की. काव्यालय पर उसकी प्रतिक्रिया पसंद आई, ध्यान का ही जादू है, यानि परमात्मा का. उसके मन में कल की बात घूम रही है, देश आगे बढ़े इसके लिए उन्हें भी अपने तौर पर कुछ करना होगा. वह स्वच्छता रखने के लिए क्या कर सकते हैं, इस पर मिलकर चिन्तन करना होगा. स्वच्छता ही सेवा है, इस अभियान को उन्हें सफल बनाना है. बच्चों को भी इस काम में बहुत आनंद आता है.

अब एक ही श्वास में पूल की चौड़ाई पार हो जाती है, जब सहज होकर तैरती है तो पता ही नहीं चलता और दूसरा किनारा आ जाता है. कई बार इधर से उधर चक्कर लगाये. आज गहराई वाले स्थान पर भी गयी. सीढ़ी से पूरा नीचे तक, जहाँ फर्श है पूल का. पानी ने पल भर में ऊपर ला दिया. पानी उनका मित्र है, वह देव है, वह डुबाता नहीं है, यदि वे सहज रहें. तभी बच्चे शीघ्र सीख लेते हैं, आज श्वास का अभ्यास किया, एक हाथ पर देह को पानी में संतुलित रखना है, पर अभी तक मुँह ऊपर उठाकर श्वास लेना नहीं आया है. जैसे यहाँ तक पहुंची है, एक दिन वहाँ भी पहुँच जाएगी. तैरना एक सुखद अनुभव है. नाक से पानी गिर रहा है रह-रह कर, कल भी ऐसा हुआ फिर अपने आप ही ठीक हो गया.

आज सुना, धी, धृति और स्मृति बुद्धि के ये तीन रूप हैं. 'धी' समझने की शक्ति है, 'धृति' संयम करने की और  स्मृति याद रखने की शक्ति है. जो हिंसा नहीं करता, उसकी धृति शक्ति बढ़ती है. धृति ही मन का नियमन करती है, मन नियंत्रित रहता है. जहाँ सुख दिखाई देता है, मन उधर जाता है. यदि धृति भंश हुई है तो अहितकर विषयों से स्वयं को रोकने में समर्थ नहीं हो पाता मन. जिस वस्तु से हटना है, धृति यदि प्रबल हो तो हटने में देर नहीं लगती. अहितकर चीजों को भी करता रहता है. हितकारी प्रवृत्ति को धृति नहीं रोकती.

शनि और इतवार पलक झपकते बीत गये. इतवार को बच्चों ने 'शिक्षक दिवस' मनाया. बरामदे में झालर, गुब्बारे आदि लगाकर सजाया. शनिवार को वे डिब्रूगढ़ गये. कुछ देर ब्रह्मपुत्र के किनारे बैठे. जून ने एक तस्वीर उतारी जो एक सुंदर स्मृति बन गयी है. आज ब्लॉग पर कुछ विशेष पोस्ट नहीं कर पायी. हिंदी फॉण्ट को लेकर कुछ समस्या आ रही थी. उस दिन प्रिंटिंग को लेकर जो समस्या थी, उसका हल करने के लिए कम्प्यूटर इंजीनियर आया था, कल फिर आएगा. कल उन्हें मृणाल ज्योति जाना है. शिक्षक दिवस के लिए उपहार लेकर. एक नई कविता भी लिखेगी.

सुबह समय से उठे, हल्का अँधेरा था, आकाश में छाये बादलों की वजह से शायद. सुबह कई बार बल्कि रोज ही एक वृद्ध महिला ( लाठी लेकर चलती हुई )मिलती है. हर मौसम में उसकी भ्रमण के प्रति निष्ठा देखकर एक दिन उसे 'नमस्ते' कह दिया था, अब वह दूर से उन्हें देखकर ही हाथ जोड़कर 'राम राम' कहना नहीं भूलती. सुबह मृणाल ज्योति में 'शिक्षक दिवस' मनाया. दोपहर को सफाई का काम आगे बढ़ा. तीन बजने वाले हैं एक घंटे के लिए पुनः क्लब के काम से बाहर जाना है. आज अभी तक तो चाय पीने के संस्कार को हावी होने नहीं दिया है. 'व्यसन' की परिभाषा एक बार सुनी थी. जिसको पूरा करने से नुकसान होता हो और न करने से चाह बनी रहती हो, अर्थात जो आरम्भ से लेकर अंत तक दुख देने वाला है, केवल मध्य में सुखी होने का भ्रम पैदा करता है.