Showing posts with label दिव्यांग. Show all posts
Showing posts with label दिव्यांग. Show all posts

Wednesday, July 17, 2019

पक्षी विहार



आज सुबह तेज गर्जन-तर्जन के साथ वर्षा हुई, लगा कि फरवरी में ही वर्षा का मौसम आ गया असम में, पर दोपहर होते-होते बादल छंट गये और मौसम सुहाना हो गया. इस समय शाम होने को है, जून अभी तक नहीं आये हैं. दोपहर को उन्होंने तिनसुकिया के पास स्थित डिब्रू सैखोवा राष्ट्रीय उद्यान यानि पक्षी विहार जाने के लिए कार्यक्रम को रूप दिया. रिजार्ट के मालिक से बात करके इतवार सुबह आठ बजे पहुंचने का समय तय हो गया. एक और परिवार भी उनके साथ जायेगा, उनसे भी बात कर ली है. कल मृणाल ज्योति की 'क्षेत्रीय अभिभावक सभा' के लिए तैयारी भी कर ली है. नेट पर दिव्यंगो के लिए बनी राष्ट्रीय नीतियों के बारे में पढ़ा. सरकार ने कई संस्थाएं खोली हैं और कई नीतियाँ बनाई हैं ताकि दिव्यंगों को समाज और राष्ट्र में अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिल सके. देश की जनसंख्या का तीन से पांच प्रतिशत हिस्सा इस श्रेणी में आता है, यानि ढाई करोड़ से भी ज्यादा दिव्यांग हैं देश में, जिन्हें यदि उचित अवसर मिले तो सक्षम बन सकते हैं. कोई भी समाज तभी विकसित कहा जा सकता है जब उसमें सभी के लिए समान अवसर हों. संवेदनशील समाज अपने कम सक्षम नागरिकों के लिए, उन लोगों के लिए जो किसी न किसी कारण से पीछे रह गये हैं, अपने द्वार खुले रखता है. उन्हें बाहरी रूप को देखकर किसी की क्षमता पर प्रश्नचिह्न नहीं लगाने हैं, भीतर की शक्ति को जगाना है ताकि एक सम्मानपूर्ण जीवन उनके हिस्से आ सके, उन्हें दया अथवा सहानुभूति की नजर से नहीं देखना है. उन्हें भी एक सामान्य नागरिक की तरह शिक्षा का अधिकार है तथा अपनी बात कहने का भी अधिकार है. हर जीवन को दिव्य मानकर उन्हें किसी के प्रति पूर्वाग्रहों से ग्रसित नहीं होना है. उनके साथ काम करने वाले शिक्षक व अन्य लोग समझते हैं कि वे अपने को व्यक्त करना चाहते हैं और उन्हें इस बात का अवसर दिया जा चाहिए.

"जलता हुआ दीपक जिस समय बुझ जाता है, अंधकार छाने में पल भर भी नहीं लगता, वैसे ही एक क्षण का प्रमाद भी आत्मा के प्रकाश को ढक लेता है और भीतर अंधकार छा जाता है." महावीर स्वामी का यह वचन आज सुना, इसीलिए संत कहते हैं, प्रमाद मृत्यु है क्योंकि आत्मा अमृत है ! आत्मा का सूर्य भीतर प्रज्ज्वलित हो रहा है पर प्रमाद रूपी बादल उसे ढक लेता है और वे उसके प्रकाश से वंचित हो जाते हैं. मन जिस क्षण भी उद्ग्विन हो यही समझना चाहिए कि अज्ञान के बादल ने आत्मा को ढक लिया है. आज आत्मा कितनी मुखर है, सिर के ऊपरी भाग में हल्की सिहरन हो रही है, दाहिने कान में संगीत गूँज रहा है, मन बिलकुल खाली है. पिछले तीन-चार दिनों से न समाचार सुने न अखबार पढ़ा. ध्यान किया और सद्वचन सुने, जैसे कोई कोर्स घर बैठे कर लिया हो, ऐसा ही लग रहा है. ध्यान रखना होगा कि अध्यात्मिक यात्रा ऐसे ही चलती रहे. भोजन हल्का होना चाहिए और समय का सदुपयोग !

'पीस ऑफ़ माइंड' पर कितना सुंदर गीत आ रहा है, और नासिकाग्र पर कितनी दिव्य गंध आ रही है. आजकल कोई न कोई मदमाती गंध आसपास डोलती रहती है. परमात्मा की कृपा अनंत है, वह अकारण दयालु है और सच्चा सुहृद है, अनंत प्रेम करने वाला है. वह लिख ही रही थी कि जून भोजन ले आए, मेथी पुलाव, भिन्डी की सब्जी और पापड़, पूरा सिन्धी खाना.


Thursday, May 3, 2018

दिव्यांगोंं का समाधान



सुबह चार बजे नींद खुल गयी, कुछ देर यूँही बैठी रही, सुबह का वक्त कितना पावन लगता है, गुरुजी कहते हैं, देवता भ्रमण करते हैं उस वक्त, किसी ध्यानस्थ को देखते ही उसकी सहायता करने आ जाते हैं, सो अव्यक्त का चिन्तन किया कुछ पल, भीतर एक शून्य है, जहाँ जाते ही शब्द छूट जाते हैं. टहलने गये तो कोहरा घना था. दस बजे हैं सुबह के, अभी यात्रा पर निकलने में दो घंटे शेष हैं, अभी-अभी स्मरण हो आया क्यों न नन्हे के मित्र यानि दूल्हे के लिए एक कविता लिखे. उसके जन्म से पूर्व से नाता है उससे, नन्हा सा था कुछ ही दिनों का जब नन्हे का जन्म हुआ, साथ-साथ बड़े हुए, कुछ वर्षों के लिए स्कूल अलग थे फिर पांच वर्षों तक दोनों एक ही स्कूल में पढ़े. कितनी पार्टियाँ कितनी पिकनिक एक साथ मनायीं. आज उसके जीवन का विशेष दिन आया है. उसने झटपट कुछ पंक्तियाँ लिखीं, जून को मेल कर दीं, ताकि आते समय वह प्रिंट ले आयें.

आज चार दिन बाद कलम उठाया है. मंगल को वे कोलकाता गये थे, बृहस्पतिवार को विवाह था, शुक्र को वापस लौटे. अगले दिन यानि कल शनिवार को बंगाली सखी की बिटिया और दामाद को घर पर बुलाया. कल ही मृणाल ज्योति का एक कार्यक्रम था. ‘उत्तर-पूर्व पेरेंट मीट’, कई लोगों से मिलने का अवसर मिला. विशेष बच्चों के लिए काम करने वाली दो महिलाएं उनके घर पर रहीं. बाहर से आये ‘परिवार’ संस्था के लोगों ने कई उपयोगी जानकारियां उन्हें दीं, सरकार की तरफ से चलाई जाने वाली घरौंदा स्कीम तथा स्किल इण्डिया के बारे में भी. दिव्यांग बच्चों के माता-पिताओं को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी होगी, तभी कुछ सम्भव होगा. कुछ बच्चों व माताओं से भी बात हुई. उन्हें जिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, वे उसकी कल्पना से बाहर हैं. किन्तु यदि समाज का सहयोग मिले तो उनकी जीवन यात्रा कुछ सरल हो जाती है. मृणाल ज्योति के संस्थापक संतुष्ट नजर आ रहे थे. सभी के सहयोग से उनका यह कार्यक्रम सफल रहा. अध्यापकों ने भी बहुत काम किया. आज रविवार है, जून आज मोरान गये थे, अभी कुछ देर पहले लौटे हैं. असमिया सखी का फोन आया, वे लोग विवाह के बाद घर पहुंच गये हैं. बेटा-बहू एक हफ्ते बाद लौटेंगे.  

सुबह के दस बजे ही बाहर तेज धूप है पर घर के भीतर एक स्वेटर पहनकर भी ठंड महसूस हो रही थी. रात को नींद में रजाई भी भारी लग रही थी और मन कल दोपहर में हुई घटनाओं को दोहरा रहा था. आज सुबह स्कूल का चिन्तन चल रहा था. जैसे हवा का काम है बहना और सूरज का काम है प्रकाश और ताप देना, वैसे ही मन का काम है विचार करना. विचारों की नदी के रुख को किधर मोड़ना है यह तो एक साधक के हाथ में होना ही चाहिए. मन जब तक समाधान नहीं पा लेता किसी समस्या का तब तक उधेड़बुन में लगा रहता है. कितना सुंदर शब्द है यह ‘उधेड़बुन’ स्वयं ही बन कर उधेड़ता है, स्वयं ही संकल्प जगाता है और विकल्प उठाता है. मन को जब तक नये-नये मार्गों पर नहीं ले जायेंगे तब तक वह उसी पुरानी चाल से चलता रहेगा. नयापन, नयी माटी, नई राहें पाकर मन की धारा सदा जीवंत बनी रहती है. उनके मस्तिष्क में अपार सम्भावनाएं हैं. नये-नये पथ बनाने होंगे इसे सदा सरस बनाये रखने के लिए ! आज छोटी बहन के विवाह की वर्षगांठ है और बड़े भांजे की बड़ी बिटिया का जन्मदिन. दोनों को शुभकामनायें भेजनी हैं.