Showing posts with label मंगल. Show all posts
Showing posts with label मंगल. Show all posts

Wednesday, September 23, 2026

फूलों की बारात

फूलों की बारात


आज सुबह उसने एओएल के ऐप के द्वारा करवायी जाने वाली साधना में भाग लिया, एक मयंक नामके शिक्षक फ़ॉलोअप करवा रहे थे। बहुत ही मनोयोग से और प्यार से बोल रहे थे। नन्हा लगभग ग्यारह बजे आया और शाम को चार बजे चला गया। दोपहर को जगन शक्ति द्वारा निर्देशित, भारत के मंगलयान अभियान पर आधारित एक फ़िल्म देखी, ‘मिशन मंगल’, अच्छी फ़िल्म है। विद्या बालन और अक्षय कुमार की इस फ़िल्म में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का यह जज़्बा देखने लायक़ है, जिसमें उन्होंने बेहद कम बजट में और पहले ही प्रयास में भारत का यान मंगल ग्रह तक पहुँचाया । इसी कारण, इस समय दुनिया में नासा के साथ इसरो का नाम भी सम्मान से लिया जाता है। दोपहर बाद उसने सोसाइटी में कार चलाकर जून और नन्हे को सैर करायी।अभी भी बहुत अभ्यास की ज़रूरत है। सामने से कार आती दिखाई देती है तो एक क्षण के लिए भय लगता है, यह जानते हुए भी कि भय लगना व्यर्थ है। शाम को पापाजी से बात हुई, उन्होंने ‘अहंकार’ के बारे में ओशो के विचार बताये।उन्होंने उसकी रचनाओं को अब अधिक ध्यान से पढ़ना आरंभ कर दिया है। “अहंकार का भोजन दुख है” स्वामी अनुभवानंद जी की इस बात ने उसे कितनी बार सचेत किया है, अब भी करती है। नन्हा कल दिल्ली जा रहा है। वह प्रैक्टो का व्यापार और दायरा बढ़ाने का प्रयत्न कर रहा है। 

आज सुबह वे लालबाग गये थे। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वहाँ हर वर्ष की तरह फूलों की प्रदर्शनी लगी है। गणतंत्र दिवस की तरह इस बार भी फूलों का एक विशाल भंडार अत्यंत कलात्मक ढंग से सजाया गया है। यहाँ के ऐतिहासिक ग्लास हाउस के अंदर फूलों से विधान सौधा का मॉडल बनाया गया है। इसमें साथ लाख से अधिक गुलाब, लिली, कर्णेशन और पितुनिया फूलों का प्रयोग किया गया है। कर्नाटक के दूसरे मुख्यमंत्री कंगाल हनुमंथैया की एक शानदार मूर्ति भी स्थापित की गई थी, जिन्होंने विधान सौधा का निर्माण करवाया था। यहाँ बैंगलोर का प्राचीन इतिहास चित्रों के माध्यम से दिखाया गया है। पूरी प्रदर्शनी में २१ लाख से अधिक फूलों का उपयोग किया गया है और इस पर ढाई करोड़ का व्यय किया गया है। शाम को वे मित्र दंपत्ति के साथ गाँव की तरफ़ टहलने गये, तो बातें फूलों की होती रहीं। पापाजी के साथ आज नवनीत में पढ़े एक लेख पर चर्चा की। शाम को मृणाल ज्योति की एक ज़ूम मीटिंग में भाग लिया। 

आज शाम वे दोनों एक नये रास्ते पर गये। जून आज थोड़े से चुप हैं, वह बातों को जल्दी छोड़ नहीं पाते। मन का स्वभाव ही ऐसा है, वह कैमरे की तरह है, चीजों को पकड़ लेता है। आत्मा दर्पण के समान है, साक्षी! वहाँ कुछ भी नहीं ठहरता। आज नाश्ते के बाद वे मित्र दंपत्ति के साथ मुनि नगरा  डैम देखने गये। हरी-भरी छोटी पहाड़ियों से घिरी वह जगह बहुत सुंदर है। नीचे एक झील है, जहाँ तक आराम से पहुँचा जा सकता है।

आज सुबह आठ बजे ही वे नन्हे के यहाँ जाने के लिए निकल पड़े थे।उसके रसोइये ने दोसा-चटनी-सांबर आदि बहुत अच्छा बनाया था। नाश्ते के बाद आरटीओ दफ़्तर पहुँचे। वहाँ किन्हीं गिरीशजी से जून ने अत्यंत विनम्रता से बात की, उन्होंने लाइसेंस के लिए आवश्यक फार्म आदि जमा करने का तरीक़ा बताया। कुल समय पंद्रह मिनट ही लगा वहाँ, पर सड़क पर ट्रैफ़िक बहुत था, घर पहुँचते पहुँचते दोपहर हो गई।।दोपहर बाद एक पुरानी फ़िल्म देखनी आरंभ की, ‘डोली’, कितनी विचित्र कहानी है फ़िल्म की। जीवन भी तो ऐसा ही विचित्र है। शाम को बहुत दिनों बाद ध्यान किया। आजकल उनकी शामें बहुत व्यस्त हो गई हैं, जब से जून को दूर तक टहलने जाने का शौक़ हुआ है। अभी कुछ देर पहले मानव कौल की एक कहानी पढ़ी। बहुत अच्छे कहानीकार हैं वह, कहानी को पढ़ना आरंभ किया तो अंत पढ़कर ही दम लिया। उससे पूर्व श्री श्री की छोटी बहन भानु दीदी द्वारा लिखी गयी एक पुस्तक ‘पराशक्ति’ पढ़ती रही, जो ब्रह्मांड की आदिशक्ति और नारीत्व की दिव्य ऊर्जा के बारे में है। इसमें देवी के दुर्गा, कामाक्षी, सरस्वती, लक्ष्मी, महाकाली, छिन्नमस्ता, तारा और माया आदि रूपों के बारे में बताया गया है।आज उसने  देवी के “तारा” रूप के बारे में पढ़ा। यह दस महाविद्याओं में से दूसरी है। पहली महाकाली है, जो वाणी पर नियंत्रण करना सिखाती है। तारा साधक के भीतर के भोलेपन का पोषण करती है। 

आज सुबह भी एओएल ऐप पर योग साधना की। पंकज नामक एक शिक्षक ने बहुत अच्छी तरह से पूरा सत्र चलाया। सात बजे से आरंभ करके साढ़े आठ बजे आँख खोली। समय का पता ही नहीं चला। दिन में अनुवाद कार्य किया और दो लेखों के वर्तनी सुधार का कार्य भी। गुरुजी का ज्ञान कितना गहन है, पर कितनी सरल भाषा में वह मानव मन को छूने वाली व उसे बदलने वाली बातें कहते हैं। छोटी बहन से बात हुई, उसने एओएल का ब्लेसिंग कोर्स कर लिया है।दुबई में स्वामी ज्योतिर्मय द्वारा कराया गया। यूएई के सभी राज्यों से आये हुए लगभग पचास लोग थे। उसे अच्छा अनुभव हुआ। ध्यान और चेतना के बारे में भी उनकी बात हुई। पापाजी ने बताया उनकी आँख में दर्द के कारण पढ़ने में दिक्क्त हुई। जून ने एक दवा का नाम बताया पर डाक्टर से पूछ कर लेना ही उचित होगा। आज संसद में मोदी जी ने मणिपुर पर वक्तव्य दिया, उन्होंने विपक्ष को बहुत खड़ी-खोटी सुनायी। मणिपुर की समस्या के बारे में कल गृहमंत्री ने बता ही दिया था।आज पहली बार वह अकेले कार से पार्लर गई, पर वापसी में देखा, उसकी कार के आगे-पीछे दो गाड़ियाँ लगी हैं, जून को बुलाना पड़ा। रिवर्स करने, यू टर्न करने या गाड़ी घुमाने में अब भी झिझक रह गई है।   


Monday, September 11, 2017

मंगल मैत्री


एक रात्रि स्वप्न में स्वयं को किसी दुःख से छुड़ाने के लिए रोकर पुकार लगाते सुना, फिर अपने ही मुँह से एक धातु का उपकरण निकालकर हाथ में रखा, स्पष्ट था कि पीड़ा का कारण यही था. तब जैसे किसी ने कान में फुसफुसा कर कहा, अपने आप को स्वयं ही क्यों दुखी बनाती हो? फिर नींद खुल गयी.

एक स्वप्न में देखा, उठना चाहती है पर आँखें हैं कि खुलने का नाम नहीं लेतीं, बंद आँखों से ही चल पड़ती है तो सामने दीवार आ जाती है, दिशा बदल कर सड़क पर आ जाती है और आँखें खोलने में समर्थ हो जाती है. एक स्वप्न में खुद को निरंतर ७८६ को उच्चारित करते हुए पाया. एक और स्वप्न में भगवान शंकर का जयकार करते हुए. ये सारे स्वप्न यही तो बता रहे थे कि न जाने कितने बार यह चक्र घूम चुका है अब कहीं तो इसे रुकना होगा. कभी-कभी ऐसे व्यर्थ के विचार भी आते कि हँसी आती, पर जो-जो भीतर रिकार्ड किया है वह तो निकलेगा ही, सारी साधना समता भाव बनाये रखने की है. कोई भी अनुभव कितना भी सुंदर क्यों न हो समाप्त हो जाता है, पर भीतर की समता एक चट्टान की तरह अडिग रहती है.

अंतिम दिन का पाठ भी अतुलनीय था, जिसमें मंगल मैत्री सिखायी गयी. प्रतिदिन सुबह व शाम की साधना के बाद सारे विश्व के लिए मंगल कामना करने को कहा गया जिससे सारे पुण्य केवल स्वयं की शुद्धि के लिए समाप्त न हो जाएँ सब दिशाओं में उन्हें प्रसारित करना होगा. सबके मंगल में ही अपना मंगल छिपा है, भगवान बुद्ध की यह मंगल भावना कितनी पावन है. धरा पर यदि कोई जगा हुआ न हो तो इसकी रौनक कोई देख ही न पाए, उस तरह, जिस तरह यह वास्तव में है ! जो दिखायी नहीं देता, वह उससे ज्यादा सुंदर है जो दिखायी देता है. ‘शील, समाधि और प्रज्ञा’ भगवान बुद्ध के बताये इस मार्ग पर चलकर न जाने कितने लोग दुखों से मुक्ति का अनुभव कर चुके हैं, और अनेक भविष्य में भी करते रहेंगे. 

कल यात्रा विवरण पूरा हुआ. इस समय दोपहर का पौने एक बजा है. बाहर के बरामदे में बैठकर लिखने का सुअवसर हफ्तों बाद मिला है. लॉन में फूल खिले हैं, धूप पसरी है और अवश्य तितलियाँ भी होंगी. अभी तक सुबह के वक्त हवा में ठंड का अहसास होता है. उसके गले में खराश है. पिछले दिनों दिनचर्या तथा भोजन के बदलाव और मन के आपरेशन के कारण, अथवा पता नहीं क्या है इसके पीछे. उसका मन या कहे ‘मन’ न जाने कितने संस्कार छिपाए है और हर पल वे नये संस्कार बनाते चल रहे हैं. उनसे जो भी गलत हुआ है, उसका हिसाब तो चुकाना ही होगा. प्रकृति का नियम है विकार जगाया तो व्याकुल होना ही पड़ेगा. अतीत में जो विकार जगाये तथा जिन्हें अचेतन मन की परतों में दब जाने दिया, साधना के द्वारा वे उभर कर ऊपर आते हैं तो देह पर ही प्रकट होते हैं. परमात्मा हर क्षण उनके साथ है, वह हर भाव, विचार तथा कृत्य का साक्षी है, वह अकारण दयालु है, कृपा का सागर है. उसकी उपस्थिति का अनुभव होने के बाद राग-द्वेष व मोह के बंधन नहीं बाँधते. ऐसे व्यक्ति के लिए अब न कोई अपना है न ही पराया. न ही मूढ़ता उसे भाती है. देह में होने वाले स्पंदन तथा अनुभूतियाँ उसका स्मरण करा देती हैं. 

Wednesday, December 16, 2015

हाथ की अंगुलियाँ


आज गुरूजी ने बताया, हाथ की पाँचों अँगुलियों में सारे ग्रह हैं. अंगूठा मंगल ग्रह है, जो सेनापति है. तर्जनी गुरू है, मध्यमा शनि है, जो सेवक है, अनामिका सोम है, जो राजा है तथा कनिष्ठा बुध है, जो व्यापारी है. चारों वर्ण हाथ की अँगुलियों में दिखाए जा सकते हैं. इसी तरह कल वह आँखों तथा होठों के द्वारा भी भावों को व्यक्त करके दिखा रहे थे, उनके नित नये-नये रूप देखने को मिलते हैं. वह कभी गम्भीर तथा कभी इतने हँसमुख लगते हैं. पिछले दो दिन कुछ नहीं लिख सकी. जून कल शाम लौटे, कल उन्हें फिर जाना है, इस बार एक हफ्ते के लिए. उन सबको नवम्बर में बनारस जाना है और दोनों को दिसम्बर में दुबई, तथा मस्कट. अगले वर्ष मार्च-अप्रैल में वे नार्वे तथा यूरोप की यात्रा पर भी जा सकते हैं. जून के दिमाग में सारा कार्यक्रम स्पष्ट है. उनमें पिछले कुछ समय से सकारात्मक परिवर्तन हो रहे हैं. प्राणायाम व ऊर्जा ध्यान का प्रभाव हो सकता है, वह ज्यादा  उत्साहित हैं तथ अपने लक्ष्यों के प्रति पूरे सजग तथा स्पष्ट भी, इतनी यात्रायें करने के बावजूद भी थकान का कोई निशान नहीं. परमात्मा उनके साथ है और सद्गुरू का वरद् हस्त भी. वह पहले से ज्यादा उदार भी हो गये हैं. जीवन इतना सुंदर है कि उसका मन कृतज्ञता से भर जाता है. कभी-कभी भीतर इतनी ख़ुशी एकाएक महसूस होती है कि....

बहुत दिनों से मन में इच्छा जग रही थी कि सभी से बात करे. फुफेरे, चचेरे भाई-बहनों, बुआ, चाचीजी, पिताजी सभी से आज बात की. जून ने उस दिन बड़ी भांजी से उसके काम के बारे में बात की थी, उसने सोचा बड़ी ननद से पूछे, पर उससे बात नहीं हो पायी. टीवी पर ओशो का प्रवचन आने वाला है. उनकी बातों में एक अनोखा आकर्षण है, आत्मा को छूकर आते हैं उनके बोल !

एक और दिन बीत गया, परमात्मा अब भी दूर ही है, ऐसे न जाने कितने दिन, हफ्ते और बरस बीत चुके हैं. परमात्मा पास होकर भी दूर ही लगता है. सम्भवतः इस यात्रा की कोई मंजिल नहीं. सुबह उठी, अलार्म सुनने के बाद कुछ देर आँखें बंद किये आत्मा को अनुभव करने का प्रयास किया, बल्कि आत्मा में टिकी. क्रिया की, इतने वर्ष हो गये क्रिया करते हुए अब भी विचार आ जाते हैं. ध्यान किया और बच्चों को पढ़ाते वक्त थोड़ा क्रोध भी किया, पर भीतर जागृति रही. ध्यान तभी टिकता है जब मन नहीं रहता और मन तब नहीं रहता जब कोई सचेत रहता है. शाम को टहलते समय भी मन में व्यर्थ का चिन्तन चला, पर झट याद आया मन तो एक प्रवाह है, निरंतर चल ही रहा है, वे साक्षी हैं, अबदल हैं जो जानते हैं और देखते हैं ! लाइब्रेरी से पुस्तकें लायी है, पर किसी में भी मन नहीं लगा, अब संसार की कोई बात रुचती ही नहीं, भीतर एक ही लगन लगी है, भीतर ही रहने का मन होता है, यह कितना अच्छा है कि कोई उसके इस एकांत में बाधा डालने वाला नहीं है. आज नैनी ने खिड़कियाँ साफ कीं, वह उसके सामने कितनी शांत रहती है पर अपनी बेटी के साथ बड़ी रोब भरी आवाज में बात करती है. वे कितने मुखौटे लगाये रहते हैं, उसके सारे मुखौटे उतर जाएँ सद्गुरू से यही प्रार्थना है.

पिछले कई दिनों से कुछ नहीं लिखा. मन जो एकाग्र हुआ था पुनः बिखर गया है ऐसा लगता है, किंतु जो मन ही मिथ्या है उसका बिखरना या एकाग्र होना भी तो मिथ्या ही है, जो स्वप्नवत् है उसकी क्या फ़िक्र, जो शाश्वत है, सदा है और जो ध्यान देने योग्य है वह तो सदा ही है, उसमें कोई विकार आ ही नहीं सकता, वह आज समय से कुछ पहले ही ध्यान करने बैठ गयी, उसी समय माली आकर चला गया, इतना गहरा ध्यान घटा कि कोई आवाज ही नहीं आयी.