Showing posts with label जगत. Show all posts
Showing posts with label जगत. Show all posts

Tuesday, August 28, 2018

दफ्ती का घर



शाम होने को है. टीवी पर केन्द्रीय मंत्री बता रहे हैं कि उत्तर-पूर्व भारत के विकास और सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार क्या काम कर रही है, इसको बताने के लिए एक पुस्तिका का प्रकाशन भी हुआ है. पिछले दिनों यहाँ काफी ‘बंद’ हुए और तेल कम्पनी को भी इसके कारण काफी खामियाजा भुगतना पड़ा है. जून अभी आने वाले हैं, शाम को उन्हें बंगाली सखी के यहाँ जाना है, चाय पर बुलाया है. कल शाम को एक अन्य सखी ने रात्रि भोज पर बुलाया है. ‘नजर बदली तो नजारे बदले’, कितनी सही कहावत है यह. किसी के प्रति उनका दृष्टिकोण बदलते ही सामने वाला भी बदला सा नजर आने लगता है. यदि पहले कभी मित्रता रही हो तो वही पहले वाला प्रेम भरा. किसी के प्रति कभी भी कोई विपरीत भाव न जगे, क्योंकि एक का ही विस्तार है सब. एक के प्रति भीतर प्रेम जगे तो सबके प्रति उसकी खुशबू फ़ैल ही जाती है और उसमें प्रेम देने वाला स्वयं भी शामिल होता है. जगत के साथ उनका व्यवहार खुद के साथ के व्यवहार को ही झलकाता है. जब भी जगत के प्रति उनके मन में कोई भी निंदा का भाव जगता है, वे हर बार स्वयं को ही पीड़ित कर रहे होते हैं. भीतर की शाश्वतता का अनुभव जिसे हो जाये फिर वह बदलने वाले इस जगत को नहीं देखता, उसके पीछे छिपे अबदल ही देखता है, जो बदल ही रहा है, उसकी चिंता कब तक और क्यों ? जो अबदल है उससे ध्यान हटते ही पीड़ा व दुःख का संसार आरम्भ हो जाता है. उनके भीतर ही है शांति का वह परमधाम जहाँ अनंत सुख का साम्राज्य है !

नन्हे ने आज अपनी कम्पनी व कार्य के विषय में बहुत कुछ बताया. अगले कुछ वर्षों में वे अधिक लाभ प्राप्त करेंगे, अभी तो वे पैसा लगा रहे हैं, जो इन्वेस्टर ने लगाया है. वह अपने काम से संतुष्ट लगता है. सुबह उसकी मित्र से फोन पर बात हुई, वह इसी माह नन्हे को अपने पिता से मिलाएगी. वह कह रही थी कि उनकी क्या प्रतिक्रिया होगी, उसे जरा भी अंदाजा नहीं है. चार बजने को हैं शाम के. अभी कुछ देर पूर्व अस्पताल से लौटी. आँख का दबाव सामान्य है. दस दिन बाद फिर जाना है. आंख के आगे एक काला घेरा सा दिखाई देता है. उसकी वजह से और कोई समस्या तो नहीं है फ़िलहाल. नन्हे ने पूसी के लिए दफ्ती का एक घर बना दिया है, पर वह उसमें कम ही टिकती है. कल ही वह वापस जा रहा है.

सुबह से लगातर वर्षा हो रही है. अभी-अभी धोबी आकर धुले सूखे कपड़े दे गया, ऐसे मौसम में भी वह अपना कर्त्तव्य पूरी तरह निभाता है, पुत्र की पढ़ाई को लेकर चिंतित है. उसे बीए के बाद एमए कराना है, क्या उसके बाद सरकारी नौकरी मिल जाएगी, क्या पढ़ाई कर लेने मात्र से ही मिल जाएगी ? ये उसके प्रश्न थे. नन्हे ने कहा, प्राइवेट नौकरी ही ढूँढनी पड़ेगी. आज लाओत्से पर ओशो के वचन सुने. अद्भुत वचन हैं उसके, ज्ञान जितना-जितना बढ़ेगा, पाखंड भी बढ़ेगा, होशियारी बढ़ेगी तो चालाकी भी बढ़ेगी. जब तक कोई द्वन्द्वों के पार नहीं चला जाता, उनसे मुक्त नहीं हो सकता. अच्छे बने रहने का आग्रह बुरे से पीछा छुड़ाने नहीं देता. आत्मा में रहकर मन के सारे द्वंद्व स्पष्ट दिखने लगते हैं. शिवानी भी कहती है, सतयुग में ज्ञान की, पूजा की कोई आवश्यकता ही नहीं रहेगी क्योंकि अज्ञान ही नहीं होगा. स्वभाव में टिकना आ जाये किसी को तो वह सुख-दुःख दोनों के पार निकल जाता है.    

Tuesday, December 15, 2015

गणेश और शिव


आज उसे याद आ रहा है कि पहली बार जब सद्गुरू को देखा था तो देखते ही वह स्तब्ध हो गयी थी, उनके वर्तन ने, उनकी वाणी ने मन हर लिया, जिसके सामने हृदय झुक जाये वह सद्गुरु ही मंजिल तक ले जाता है. जो बुद्धि दूसरों में दोष देखती है वह नीचे गिराने वाली है, ज्ञान कभी भी नकारात्मक नहीं दिखाता, सदा सकारात्मक ही दिखाता है. उसके भीतर न जाने कितनी कमिया हैं, उन्हें यदि बुद्धि न देख सके तो वह बुद्धि पक्षपाती है, बुद्धि में राग-द्वेष हो, लोभ तथा ईर्ष्या हो तो ऐसी बुद्धि परदोष दिखाने लगती है. सद्गुरू कहते हैं आत्मा में रहकर ही कोई सारे दुखों से दूर हो सकता है. सतत् होश रखने की जरूरत है, उस समय तक रखने की जरूरत है जब तक जरा सा भी घास-पात भीतर न रह जाये, जब जरा सा भी घास-पात भीतर न रहे तो होश स्वभाव बन जाता है. यह होश मुक्त अवस्था में ला देता है. यही जीवन मुक्ति है.

इच्छा गति है, यह भविष्य में है, जब कोई इच्छा न रहे तभी कोई वर्तमान में आता है, स्मृति ही भूत है, समय केवल वर्तमान में है, वे कल्पना और स्मृति में रहकर वर्तमान को खोते रहते हैं, अपने आप को खो देते हैं. वर्तमान में आते ही वे साक्षी बन जाते हैं, शक्ति बच जाती है, और वे ऊपर की यात्रा कर सकते हैं, पानी नीचे बहता है और भाप ऊपर उठती है, भीतर भी जब ऊर्जा एकत्र हो जाती है, तो वह ऊपर की और जाने लगती है.

आज उसने सुना काल, स्वभाव, पुरुषार्थ, प्रारब्ध, नियति यह पांच संजोग मिलते हैं तब कोई कर्म होता है, और वे स्वयं को कर्ता मानकर सुखी-दुखी होते रहते हैं. कर्ता भाव से मुक्त होते ही चिंता का कोई कारण नहीं रहता. जीत भी यदि उसकी नहीं है तो अहंकार का कोई कारण नहीं बचता और हार भी यदि उसकी नहीं है तो दुःख भी नहीं, ईर्ष्या भी नहीं. उन्हें पकड़े रहने में दुखों को प्रयोजन भी क्या है, वे इतने मूल्यवान तो नहीं कि दुःख उनकी ओर आएं. यह जगत की व्यवस्था उनके लिए तो नहीं चल रही है, जो एक झूठे केंद्र को मानकर चलता है वह भीतर के सच्चे केंद्र को पाने से वंचित रह जाता है. अहंकार दूसरों के मत पत आधारित है. दूसरे का ध्यान मिले यही अहंकार का भोजन  है. यही अहंकार तो छोड़ना है.

ठीक ही कहते हैं एक माँ कई बच्चों को अकेले पाल सकती है पर कई बच्चे मिलकर एक माँ को सहारा नहीं दे सकते. जिस घर में माँ सुख से न रह पाती हो, उसे न रखा जाता हो, वह शांति का सागर कैसे बन सकता है. उसके अंतर में सासुमाँ के प्रति सम्मान है पर वाणी कठोर हो जाती है कभी-कभी, जो अवश्य उन्हें चुभती होगी. कल जून ने पिता से उनकी बात करके दोनों का दिल दुखाया. उन्हें क्या अधिकार है बड़ों का असम्मान करें. यही सोचना चाहिए कि भाग्यशाली हैं कि दोनों का हाथ सिर पर है.

आज सत्संग है, उसे सत्संग, ध्यान, साधना, स्वाध्याय के मर्म को जानना होगा. चिन्तन शक्ति व्यर्थ न हो, शक्ति का संचयन हो और फिर उस का सदुपयोग भी. बोलें तो ऐसा कि दूसरों को अप्रिय न लगे. सजगता के साथ-साथ सहजता भी आवश्यक है. जून आज गोहाटी गये हैं, परसों शाम को आयेंगे. आजकल वह अपने कम में बहुत रूचि ले रहे हैं. प्रसन्न रहते हैं तथा उत्साह से भरे. योग का चमत्कार है. उसकी साधना भी ठीक चल रही है, समय को व्यर्थ न गंवाए, यही महत्वपूर्ण है.  

अज सद्गुरू ने ‘गणेश पूजा’ का महत्व बतलाया. गणेश का जन्म पार्वती के शरीर की मैल से हुआ और शंकर जब लौटे तो उन्हें पहचान नहीं सके. पार्वती का अर्थ है जो पर्व, उत्सव अथवा जीवन के रंगमय रूप से उत्पन्न हुई है, एक अर्थ यह भी है जो पर्वत से उत्पन्न हुई है. उसमें जो भी मल, विक्षेप, आवरण है उसके द्वारा ही एक आकृति का निर्माण हुआ जो शिव तत्व, आत्मा को नहीं पहचान पाया. शिव ने उसे नष्ट करके हाथी का सिर अर्थात ज्ञान को आरोपित कर दिया. आत्मा के आने पर सारा मल दूर हो जाता है, ज्ञान उदार होता है इसलिए गणेश लम्बोदर हैं, उनके कान आँखों तक आ जाते हैं अर्थात वह देखी हुई और सुनी हुई बातों का मिलान करते हैं. उनकी सवारी चूहा है अर्थत एक छोटे से उपाय से महान आत्मा का ज्ञान गुरूजन करा देते हैं. एक छोटा सा मन्त्र साधक को भीतर के अनंत साम्राज्य से मिला देता है. उनके हाथ में पाश है अर्थात अंकुश आवश्यक है तथा पेट पर सर्प लिपटा है जो कहता है सदा सजग होकर रहो, उनके हाथ में मोदक है जो मस्ती का संदेश देता है, मस्ती भी सजगता भरी, ऐसे गणेश की उपासना उन्हें करनी है !


Monday, December 14, 2015

अश्वत्थ की महिमा


यह जगत अश्वत्थ है, जो आज है, जैसा है, वैसा कल नहीं रहने वाला है, जो चंचल है, चलायमान है, संवेदनशीलल है. जैसे पीपल का पेड़ है जिसके पत्ते अस्थिर हैं, हल्की सी हवा में ही डोलने लगते हैं. चित्त का अर्थ है विचारों का प्रवाह, यह प्रतिपल बदल रहा है, एक ही चित्त कभी दोबारा नहीं पाया जा सकता. इस धारा के पीछे खड़े होकर यदि कोई जगत को देखे तो वह भी खंड-खंड दिखाई पड़ता है. यह संसार साधन स्वरूप है, आत्मा देह के बिना कुछ भी करने में असमर्थ है. मोक्ष के लिए आत्मा को संसार से होकर ही जाना पड़ता है. यह संसार उन्हें साधना करने के लिए मिला है, यह साधना तब शुरू होती है जब अतिथि के रूप में सद्गुरू का जीवन में प्रवेश होता है. चित्त एकाग्र होना सीखता है, जो अबदल है उसे जानने के लिए ध्यान करना होगा. ध्यानस्थ हुआ मन जब खो जाता है तब उसकी झलक मिलती है जिसे ईश्वर कहते हैं. आज उसने उनसे सुना, सबमें ईश्वर है, ईश्वर में सब हैं तथा सब ईश्वर हैं. ईश्वर चार अवस्थाओं में में हर जगह है. पहली-घन सुषुप्ति, दूसरी जैसी वृक्षों में हैं, तीसरी स्वप्नावस्था और चौथी जागृतावस्था. जब किसी को यह ज्ञान होने लगे कि इस सृष्टि में जो कुछ भी है, वह ईश्वर ही है, ईश्वर से भिन्न कुछ भी नहीं है, तो ही उन्हें सच्चा ज्ञान प्राप्त हुआ है, ऐसा मानना चाहिए.

कल फिर उसके अहंकार को ठेस लगी, ईर्ष्या का भाव भी उपजा. इसका अर्थ है कि अहंंकार अभी साबित बचा है. इसका अर्थ है कि प्रेम अभी सार्वभौम नहीं हुआ है. जो उसे कष्ट पहुँचाने की क्षमता रखता है उसके हाथ में मानों अपनी चाबी दे रखी है उसने. या तो वह ऐसे व्यक्ति या स्थान से दूर हो जाए और या तो अपने हृदय को विशाल बनाए. उसके हृदय की क्षुद्रता ही तो दिखाता है भीतर उपजा क्रोध ! ऐसा क्रोध जो नितांत व्यक्तिगत है, जो मन की कल्पनाओं से उपजा है, जो छलावा है, जो प्रेम का विकृत रूप है. जो उसे दूसरों की तथा अपनी दृष्टि में भी नीचे गिराता है ! ऐसा पहले भी हुआ है, यह एक पैटर्न बनता जा रहा है, यह दुनिया में न जाने कितने युगों से होता आ रहा है, पर इससे उसे मुक्त तो होना ही होगा, जहाँ निश्छलता न हो, सत्य न हो, प्रेम न हो, वहाँ संबंधों की औपचारिकता मात्र ही शेष रह जाती है. ऐसे में उपेक्षा ही एक मात्र उपाय है. उपेक्षा भी नहीं उदासीनता, निरपेक्षता, एक तटस्थता तथा ऐसी भावना जहाँ भीतर कोई द्वेष नहीं हो, जहाँ सहज प्रेम तो हो पर वैसा ही जैसा सारे ब्रह्मांड के लिए होता है. फूलों, आकाश, नदियों के लिए होता है, जहाँ शुभकामनायें तो हर पल निकलती हैं पर उनके पीछे कोई चाह नहीं होती. इस जगत से उनका ऐसा ही नाता होना चाहिए. तटस्थता से भरा, वे दें पर लेने की चाह के बिना !

मन भी कभी-कभी अजनबी बन जाता है, पर वह तो अपने मन को अच्छी तरह जानती है, यह अन्यों के मनोभाव भांप जाता है. स्वयं कभी स्मृति, कभी कल्पना में खोया रहता है. सद्गुरु कहते हैं भक्ति वह वर्तमान का पल है जो अपने आप से जोड़ता है. वर्तमान में ही परमात्मा है, वर्तमान में ही प्रेम है, प्रेम को नष्ट करती है स्मृति या कल्पना ! वे जब भूत को याद करके कोई क्रिया करते हैं तो मन बंटा रहता है अथवा भविष्य में होने वाले लाभ को देखकर करते हैं तो भी वे पूर्णतया सजग नहीं होते. शुद्ध वर्तमान उनकी सारी शक्ति को जगा देता है, मन को एक जगह लाता है. वही मुक्ति का क्षण है !

पिछल तीन दिनों से डायरी नहीं खोली, नीरू माँ कह रही हैं कि अंतर्सूझ जब प्रकट होती है तो मानना चाहिए कि उपहार स्वरूप मिली है, उसका अभिमान नहीं होना चाहिए. बुद्धि न जाने कितनी बार घटती-बढती है पर अंतर्सूझ जिसे मिल जाये वह घटती नहीं, वह अनुभवों का निचोड़ है, पिछले दिनों मन विकार ईर्ष्या से ग्रस्त हुआ, रचनात्मक कार्य कम हुआ. सत्संग कम हुआ, चक्रों में जो एक ही चेतना कभी सकारात्मक कभी नकारात्मक भावों में प्रकट होती है, वह अपना रंग दिखाती रही. साक्षी होकर उसको देख पाने के कारण मन में द्वंद्व नहीं रहा, निर्णय लेने में देर नहीं लगी. एक सखी का कल आपरेशन हो गया. सम्भवतः उसे इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ेगा. आज सद्गुरू ने कहा कि ज्ञानी को यदि अहंकार हो जाये तो वह प्रेम नहीं कर सकता और प्रेमी को यदि अहंकार हो जाये तो वह ज्ञानी नहीं है. उनका अहंकार ही उन्हें दूसरों से अलग देखने की बात सिखाता है. वे अपने को जब तक शरीर मानते हैं तब तक इससे मुक्त होना सम्भव नहीं है. स्वयं को वे जब तक आत्मा न मानें अहंकार नहीं मिटेगा. आत्मा की कोई पहचान नहीं, वह सूक्ष्म से भी सूक्ष्म है, वह अपना अस्तित्त्व सबसे अलग नहीं रख सकती. वह सर्वत्र है, वह परम चेतना है, वह अभी तक अपनी उपाधि से मुक्त नहीं हो पाई है तो शरीर से अलग होना तो दूर है. ध्यान के समय जो वास्तविकता है वह व्यवहार के समय कहीं खो जाती है !   





Thursday, September 24, 2015

गॉड लव्स फन



वे कितनी साधना करते हैं पर क्रोध, लोभ, मान, माया तो खत्म नहीं होते. जब तक यह ज्ञात नहीं होता कि वे कौन हैं? कर्ता कौन है? आत्मा में स्थिति हुए बिना वे कभी भी दुखों से मुक्त नहीं हो सकते. आत्मा अकर्ता है तो वह भोक्ता भी नहीं हुआ. वे वास्तव में वही चैतन्य हैं, मन, बुद्धि, चित्त, अहंकार तो आत्मा की ही शक्ति से हैं. कल से वह ‘गॉड लव्स फन’ पढ़ रही है. गुरूजी का ज्ञान अनमोल है, अनोखा है, अद्भुत है और अनुपम है. कितनी सरल भाषा में कितने गूढ़ विषय को वह समझा देते हैं. कुछ वर्ष पहले यह पुस्तक पढ़ी थी पर अब कुछ भी याद नहीं था. यूँ तो सारा ज्ञान उनकी आत्मा में ही है, सद्गुरु उनकी आत्मा ही तो हैं. वह ईश्वर के सच्चे प्रतिनिधि हैं जो उन्हें उनका परिचय कराने आये हैं. वह कहते हैं कि उन्हें प्रसन्न रहकर अपने जीवन को एक खेल समझते हुए, एक उत्सव समझते हुए जीना चाहिए. उनका ध्यान अपने मन की समता पर होना चाहिए, परिस्थितियां कैसी भी हों, उनसे प्रभावित न हों क्योंकि यह जगत भ्रम रूप ही है अर्थात स्वप्न रूप ही है, यहाँ कुछ भी स्थायी नहीं है, जब यह जीवन ऐसा ही है तो इसे लेकर इतना गम्भीर होने की क्या आवश्यकता है, इस जीवन में उन्हें बाहर से ख़ुशी लेने की भी जरूरत नहीं है. वे स्वयं ही ख़ुशी के स्रोत हैं. उनके मन की उलझन का कारण यही है कि वास्तव में वे जानते नहीं कि कौन हैं ?

पिछली दो रात्रियों से ॐ ध्यान करके सोये वे पता ही नहीं चला रात्रि कैसे बीत गयी. स्वप्न भी नहीं आये, आये भी होंगे तो याद नहीं रहे. मन में हर क्षण उसी परब्रह्म की स्मृति बनी हुई है. ध्यान में ऐसा अनुभव हुआ कि वह बिलकुल निकट ही है. वे जो भी सोचते हैं वह भी तो उसी स्रोत से आता है. लेकिन वह सारी सोचों से परे है. आज मौसम ठंडा है, रात को वर्षा हुई है. शाम को पंजाबी सखी के यहाँ सत्संग है. आज जून माँ को अस्पताल ले गये थे सुबह, अपने स्वभाव के अनुसार वह परेशान नजर आ रही थीं. घर में सबको शांत देखकर वह भी अब बदल रही हैं. परमात्मा ने उन्हें इसलिए ही निकट रखा है कि वे एक-दूसरे से कुछ सीखें ! आज सुबह सद्गुरु को सुना ‘नारद भक्ति सूत्र’ पर उनके प्रवचन कितने गहरे हैं और कितने सरल भी, प्रेम को वे लाख चाहें, पूर्ण रूप से व्यक्त नहीं कर सकते. उनके भीतर प्रेम का दरिया ठाठें मार रहा है, वे उसे महसूसते हैं पर बाहर नहीं ला पाते. संत पारदर्शी हो जाते हैं. उनके भीतर का प्रेम बाहर रिसने लगता है.

भक्ति, ज्ञान तथा कर्म ये तीनो आपस में जुड़े हैं परमात्मा का ज्ञान होने पर भीतर भक्ति का अनुभव होने ही लगता है और तब सद्कर्म होने लगते हैं या वे सद्कर्म करते हैं तो ज्ञान का उदय होता है और तब भक्ति मिलती है, अथवा तो भक्ति धीरे-धीरे ज्ञान तक ले जाती है फिर निष्काम कर्मों तक. उसके जीवन में भक्ति है, ज्ञान है तथा कर्मों का आरम्भ हो चुका है. इस शरीर को बनाये रखने के लिए भगवान की सुंदर व्यवस्था है, मन भक्ति में लगे इसकी भी व्यवस्था प्रभु ने उसके लिए कर दी है. ज्ञान के साधन हैं, सत्संग है, जो कुछ एक साधक को चाहिए वह सभी कुछ है देर परमात्मा की तरफ से नहीं है, देर जो भी है वह उसकी तरफ से ही है.

वही सच्चा पुरुषार्थ है जो आत्मा के लिए किया गया हो. इस क्षण हृदय शांत है, अभी कुछ देर पूर्व ही वह ध्यान करके उठी है. भीतर के सारे द्वंद्व समाप्त हो गये हैं. यह जगत तथा शरीर दोनों समानधर्मी हैं, परिवर्तनशील तथा सुख-दुःख के कारण. किन्तु आत्मा परमात्मा का अंश है सो सदा अछूता है. मन इन दोनों के बीच का पुल है, वे इस पुल पर खड़े हैं. चाहे तो आत्मा के आनंद को प्राप्त करने के लिए भीतर उतरें अथवा जगत की ओर मुड़ें, जहाँ छलावा ही छलावा है. मन के इस पुल पर खड़े उन्हें कितने जन्म बीत गये हैं, वे कभी इधर तो कभी उधर का रुख लेते हैं, फिर दोनों से घबराकर बीच में आ जाते हैं, वे न तो पूरी तरह संसार के हो पाते हैं और न ही पूर्ण रूप से आत्मा को जान पाते हैं. इसी तरह यह जन्म भी न गुजर जाये, सद्गुरु उन्हें चेताते हैं. एक बार आत्मा के पारस का स्पर्श हो जाये तो जगत उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता, सारी साधना उसी डुबकी के लिए है, जो उन्हें आत्मा के सागर में लगानी है.


Wednesday, July 8, 2015

प्रकृति के रंग-ढंग


उसके भीतर एक अजीब सी व्यथा ने जन्म लिया है, यह विरह की पीड़ा है या नहीं, नहीं जानती पर अब उसके सब्र का बाँध टूटता जा रहा है. सद्गुरु कहते हैं दुःख का कारण भीतर ही है पर यह दुःख बिलकुल अलग तरह का है, यह किसी कामना से नहीं उपजा है, यह एक कसक है जो अपने होने की, अपनी अस्मिता की वजह से उपजी है. कौन है वह ? यह जगत क्यों है ? यह गोरख धंधा क्या है ? यह जगत इतना निष्ठुर क्यों है ? अन्याय, अपराध, दुःख, पीड़ा, अत्याचार की बढ़ती हुई घटनाओं को देखकर कोई कब तक उदासीन रहने का भ्रम पाल सकता है ? कब तक कोई अपने भीतर से मिलने वाले आनंद को देखकर, पाकर जगत से आँखें मूंदे रह सकता है, कभी तो सत्य का उद्घाटन होना चाहिए, कभीं तो कोई यह राज खोले, यह संसार जो हर पल बदल रहा है, उसे देखने वाला कोई तो है वह जो अबदल है, कौन है वह ? क्या चाहता है ? क्यों है वह, प्रकृति इतनी सुंदर है कि मन मोह लेती है लेकिन वही प्रकृति कभी क्रूर भी हो जाती है माँ काली की तरह. उसके मन में उठने वाले इन सवालों का जवाब कौन देगा ? कहीं यह पीड़ा अहंकार जनित तो नहीं. दुःख का मूल कारण अहंकार है, पर किस बात का अहंकार. यहाँ तो कुछ है ही नहीं, अपना आप भी नहीं तो कैसा अहंकार और कौन करेगा अहंकार ? ये सारे प्रश्न कौन उठा रहा है ? क्या वही तो अहंकार नहीं कर रहा, प्रश्न कौन उठाता है, मन, बुद्धि या अहंकार ? इनसे परे जो आत्मा है वह कब मिलेगी ? जब ये तीनों शांत हो जायेंगे !

आज छोटी बहन का पत्र मिला, पिछले महीने जब दिल्ली से शारजाह जा रही थी तो वे उसे छोड़ने गये थे, तभी का लिखा पत्र आज मिला है. उसने पिछले कई महीनों से कोई पत्र नहीं लिखा, विरक्ति सी हो गई है. वे कुछ भी कर लें, कह लें, इस जगत कि जो रीत है वह उसी के अनुसार चलता जाता है. वे ही अपनी खुशफहमी का शिकार होते रहते हैं कि फलां को हम कुछ प्रभावित कर सकते हैं. यह जगत ऐसा ही है, न कोई राग रहे न द्वेष रहे, क्योंकि यह है तो उसी परमात्मा की रचना, जिसे वे प्रेम करने का दम भरते हैं, वास्तव में प्रेम करते हैं या नहीं यह भी वे नहीं जानते, लेकिन उसे नाता जोड़ने की आवश्यकता तो हर क्षण अनुभव करते ही हैं. वे अपने मन से दुखी हैं, क्योंकि मन संसार के पीछे भागता है, ठोकर खाता है, गिरता है फिर पछताता है पर अपनी आदत से बाज नहीं आता, यह कैसा विरोधाभास है. ईश्वर से उनका सहज संबंध है, जीव ईश्वर का अंश है, जीव सहित यह सारी सृष्टि उसी प्रभु की शक्ति से ही प्रकट हुई है फिर उन्हें उससे दूर कौन करता है, माया ही मन के रूप में आकर उनके बीच परदा बन कर छायी है, अब और सहन नहीं होता, इस माया को जाना होगा. भीतर की यह छटपटाहट अब सहन नहीं होती, भीतर की तलाश अब हर क्षण बढ़ती जा रही है, वह जो झलक दिखाकर ही रह जाता है उसे अब प्रकट होना ही होगा !

आज सुबह ध्यान में बार-बार कुछ अनुभव किया, जैसे ही कोई विचार आता था, एक झटका सा लगता था और वह पुनः सचेत हो जाती थी, सब कुछ कितना अद्भुत था. मन से परे प्रकाश का साम्राज्य है, प्रेम तथा शांति भी वहीं है. कल रात को भी वह मात्र अस्तित्त्व को अनुभव कर रही थी, बल्कि अनुभव ही शेष था, क्या था वह, कौन जानता है, शब्दों से परे का अनुभव शब्दों में कैसे कहा जायेगा. अब लगता है समाधान हो रहा है, मन को कोई आधार मिल गया है.