Showing posts with label विश्वकर्मा पूजा. Show all posts
Showing posts with label विश्वकर्मा पूजा. Show all posts

Monday, April 20, 2020

विश्वकर्मा पूजा


रात्रि के आठ बजने वाले हैं, आज विश्वकर्मा पूजा का उत्सव उन्होंने जून के दफ्तर में मनाया. सुबह साढ़े नौ बजे वह उनके एक सहकर्मी की पत्नी के साथ वहाँ पहुँच गयी थी. पूजा दस मिनट पहले ही समाप्त हो चुकी थी, प्रसाद वितरण की तैयारी थी. जाते ही नाश्ते का एक पैकेट मिला. एक मिठाई, एक नमकीन व एक केला. प्रसाद में नारियल व अदरक के टुकड़े मिश्रित अंकुरित मूंग व चने तथा चिनिया केला. पहले तंबोला और लॉटरी निकलने का मजेदार खेल हुआ फिर भोजन, जो बाहर से मंगवाया गया था. घर आकर कुछ देर आराम किया, पर नींद नहीं आ रही थी, मन में उत्सव के विचार आ रहे थे, फिर सुबह सुनी गुरु माँ की बात याद आयी. जप को गहरा करके पैर के अगूँठे तक स्पंदन को महसूस करना है, मन एकाग्र हो जाता है, ऐसा ही हुआ. दोपहर बाद उसी सखी के साथ एक अन्य सखी को देखने अस्पताल गयी. उसकी किडनी में स्टोन है छोटा सा. उसके पति दफ्तर के काम से विदेश  गए हैं, पुत्र भी यूरोप में जॉब के सिलसिले में हैं, तथा ससुर जी दूसरे अस्पताल में एडमिट हैं, उनका आपरेशन हुआ है शायद एक-दो दिनों में घर आ जायेंगे. भगवान सबकी सहायता के लिए किसी न किसी को भेज ही देता है, उनका माली ससुर की सेवा में है और उसकी पत्नी घर की देखभाल कर रही है, पुत्र ससुर जी के लिए भोजन लेकर गया है. शाम को योग कक्षा में एक साधिका ने पूछा, उसके बाएं पैर में दर्द है, क्या करे, तिल के तेल की मालिश से अवश्य ही लाभ होगा, ऐसा उसे बताया. 

रात्रि के आठ बजे हैं, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में गणेश पूजा का एपिसोड आ रहा है. जिसमें मूसलाधार वर्षा हो रही है. कुछ देर पहले क्लब की अध्यक्षा का फोन आया, कैंटीन में उनके द्वारा मंगाए गए उपहार आ गये हैं. पहली बार ऐसा हो रहा है कि सभी सदस्याओं को वार्षिकोत्सव के बाद उपहार दिए जायेंगे. शाम को बेसिक कोर्स का फॉलोअप था, सुदर्शन क्रिया करायी गयी. दोपहर को अगले महीने होने वाले क्लब के एक कार्यक्रम की तैयारी के लिए मीटिंग थी, परसों कुक को बुलाकर मेनू तय करना है. आज सुबह पीछे वाले घर से लड़कियों के रोने की आवाजें आयीं तो नैनी को भेजकर बुलवाया. दो किशोरी कन्याओं को उनके चाचा ने पिता के कहने पर डंडे से पीटा. उसे भी बुलाया, डांटा। लड़कियों को समझाया, वे दोनों रात भर गांव में कोई कार्यक्रम देखकर सुबह घर लौटी थीं. किशोरावस्था में दोनों ने कदम रखा ही है और मित्र बना लिए हैं. आज माली ने बांस का एक गोल ढाँचा बनाया, जिस पर पॉलीथिन लगाना है. क्यारी में बीज डालकर उसे ढकना होगा वर्षा जल से बचाने के लिए. आज फिर दो ठेले गोबर की खाद के खरीदे बगीचे के लिए. यह वर्ष उनकी खेती-बाड़ी के लिए अंतिम वर्ष है, इसलिए अभी से तैयारी शुरू कर दी है. 

आज का दिन कुछ अलग था, सुबह-सुबह ही प्रेसीडेंट का फोन आया. साढ़े दस बजे वे उपहार में दिए जाने वाला सामान देखने कैंटीन गए, वहां के लोगों का व्यवहार बहुत शालीन था. एक घंटे के अंदर उन्होंने सामान भिजवा दिया.  दोपहर को मृणाल ज्योति गयी, जहां चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के अध्यक्ष तथा दो सदस्यों से मिलने का अवसर मिला. जिला बाल वेलफेयर अधिकारी भी आयीं थीं. मीटिंग काफी देर तक चली. वे साढ़े तीन बजे घर लौटे. जून सुबह नौ बजे ही दफ्तर चले गए थे और दोपहर को डिब्रूगढ़. विशेष बच्चों की सुरक्षा के लिए सरकार कितनी सजग है, कई बातों की जानकारी हुई. 

मौसम काफी गर्म है आज, सितम्बर का तीसरा हफ्ता चल रहा है पर अभी तक जून का सा आभास हो रहा है धूप में. आज सुबह कुक आया था अक्टूबर में क्लब के कार्यक्रम में नाश्ते व भोजन का जिम्मा उसे दिया गया है. कुछ देर पूर्व टीवी पर राजस्थान सीकर से गुरूजी का ज्ञान सुना जो वे किसी कालेज के छात्र-छात्राओं को दे रहे थे. सीधी-सरल भाषा में उन्होंने ज्ञान के गहरे सूत्र समझा दिए. उनकी बातें इतनी सरल होते हुए भी कितना गहरा अर्थ लिए होती हैं. दोपहर को हिंदी की कक्षा के लिए मृणाल ज्योति गयी. एक से ग्यारह तक गिनती के साथ कुछ शब्द लिखवाये. मोबाइल पर साइन लेंग्वेज में हिंदी सिखाने का तरीका देखा, उसकी सहायता से पढना आसान हो गया है. 

Monday, April 3, 2017

विश्वकर्मा पूजा


दोपहर के तीन बजे हैं, कितना सन्नाटा है चारों ओर. सुबह तेज वर्षा होती रही घंटों तक पर अब मौसम खुल गया है. नैनी शायद कहीं गयी है, घर पर ताला लगा है, वरना बर्तनों की आवाजें या उसके बच्चों की आवाजें गूंज रही होतीं. जून को कल रात राग-द्वेष के बारे में बताया, पता नहीं कितना समझ में आया. जब तक कोई बात अपने ही भीतर से न उपजे समझ में नहीं आती, उसके साथ तो ऐसा ही होता है, शास्त्रों में लिखी बातें कितने दिनों बाद जब वैसी की वैसी भीतर से आती हैं तो लगता है, अच्छा ! तो यह अर्थ था. बहुत दिनों से कोई कविता नहीं लिखी है. मन होता है कुछ लिखे दिल की गहराई से ..कल पिताजी व छोटे भाई से बात हुई, उसका ब्लॉग पढ़ा उन्होंने. तीन सखियों से भी फोन पर हाल-चाल लिया. एक का जन्मदिन आने वाला है, जिसकी माँ आजकल यहाँ आयी हुई हैं. उसके साथ हुए वार्तालाप के आधार पर कुछ लिखेगी.

आज जून के दफ्तर जाना है, विश्वकर्मा पूजा के उपलक्ष में वहीं दोपहर को भोज भी है. यहीं आकर उन्हें इस पूजा के बार में संज्ञान हुआ. परसों गणेश पूजा है, दो तीन जगह पंडाल लगेंगे, वे लोग बीहू ताली में अवश्य पूजा देखने जाते हैं, जो दक्षिण भारतीय आयोजित करते हैं. उसकी उड़िया सखी के यहाँ भी बड़ा आयोजन होता है. जून के दफ्तर में कुछ समस्याएं चल रही हैं. एक तो ड्राइवर की समस्या है, जो अब तक आया ही नहीं, वैसे आज के दिन यहाँ ड्राइवरों को पीने का एक बहाना भी मिल जाता है. पूजा का अर्थ यहाँ मस्तीभरा आलम और प्रीतिभोज है. आज भी पानी बरस रहा है.

 कुछ देर पूर्व एक कविता पोस्ट की. जून ने अपनी डायरी का एक पन्ना दिखाया जिसमें नूना का जिक्र  था. उसकी डायरी में जून का जिक्र कितना हुआ था उन वर्षों में शायद इसी कारण...या वैसे ही..अच्छा लगा. अगले हफ्ते उन्हें गोवा जाना है. उसने भारत के इस छोटे से प्रदेश के बारे में कितना सुना और पढ़ा है. वर्षों पहले एक बार वे इस राज्य की यात्रा कर भी चुके हैं.

आज हफ्तों बाद डायरी लिख रही है. यात्रा अच्छी रही, ब्लॉग पर लिखने के लिए यात्रा विवरण भी वह प्रतिदिन डायरी में नोट करती रही. वापस आकर कुछ दिन घर को व्यवस्थित करने में लग गये. कुछ दिन यूँ ही निकल गये, अब जब भीतर कोई है नहीं तो कोरे कागज ही रहेंगे न आज की गाथा कहने के लिए..जब कोई सचमुच खो जाता है तो ‘वह’ सचमुच आ जाता है. यहाँ शायद की कोई गुंजाईश नहीं..जब वह एक बार आ जाता है तो बस आ ही जाता है...

कई दिनों के बाद वह आज झूले पर बैठी है. हवा मंद है पर शीतल है. एक झींगुर मधुर गा रहा है. गुड़हल, गुलाब और मुसंडा खिले हैं. जून दिल्ली में हैं, कल लौटेंगे. आज दीदी-जीजाजी की शादी की वर्षगांठ है, वे पिताजी व भाई-भाभी से मिलने घर आये हैं, रात भी रुकेंगे. उसने सोचा एक न एक दिन वे यहाँ भी आयेंगे उनके अगले बड़े घर में. आज स्टोर की सफाई की, दीवाली का समय आने वाला है, सफाई का समय. घर से पुराना सामान निकलने का समय जो वे इस्तेमाल नहीं करते. आज सुबह अच्छा अनुभव हुआ, अब शब्दों में नहीं समाता, अब कविता में भी नहीं आता..अब तो जैसे वह रग-रग में समा गया है, उसे अलग से देखे ऐसा सम्भव नहीं है. गोवा का लेख पिछले दो दिन नहीं लिख पाई, आज लिखेगी.




Thursday, January 23, 2014

हिंदी सप्ताह


यह कर देंगे, वह कर लेंगे, संकल्प नित नये बुनता है मन
सम्मुख है जो पल अपने जीना उसको सीख न पाए

अजीबोगरीब उलझनों में स्वयं को उलझा लेता है मन का पागल हिरण फिर उस जाल में से निकलने का प्रयास करता छटपटाता रहता है, मन की कैसी अजीब दुनिया है यह, इसी से निस्तार पाने के लिए ध्यान, योग साधना की खोज हुई होगी, मन में विचारों के बवंडर उठते ही रहते हैं, चारों ओर धूल ही धूल, कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं देता, धूल जब स्थिर होकर बैठ जाती है तब भी नहीं, इस उहापोह से निकलने के लिए j Krishnamurti इंटेलिजेंस को जगाने की बात करते हैं. इन्सान का मन असंतुष्ट सा क्यों रहता है, खोया-खोया सा, बिखरा-बिखरा सा, लुटा-पिटा सा. क्यों नहीं सदा एक सा रहता, शांत...स्वयं में डूबा हुआ, पर क्या वह भी पलायन नहीं होगा. किताबों से दूर जाना भी तो वह इसीलिए चाहती थी कि उनमें लिखी बातें भी दिमाग को एक दूसरी ही दुनिया में ले जाती हैं. वह भी तो एक मानसिक नशा हुआ या नहीं, वास्तविकता से दूर भागना ही तो नशा सिखाता है. जून कहीं ज्यादा स्थिर मना दिखाई देते हैं. वह सबल भी मालूम पड़ते हैं और वह कई बार न चाहते हुए भी उनकी हर बात मान लेती है.

आज नन्हा घर पर है, परसों शाम से ही उसे जुकाम ने परेशान किया है, सम्भवतः पिछले दिनों शाम को डेढ़-दो घंटे तैरने का परिणाम है. मौसम आज सोमवार को भी ठंडा है, उस दिन यानि शुक्रवार को उनके बगीचे के लिए आधा ट्रक गोबर आया था पर तब से लगातार वर्षा से बुरी तरह भीग गया है, अब धूप निकलने पर ही उसका उपयोग किया जा सकता है. कल सुबह जून उसे ‘हिंदी सप्ताह’ में कविता पाठ प्रतियोगिता में ले गये और दोपहर बाद अपना काम (रिपोर्ट आदि लिखना) करके उसे जीके पढ़ाते रहे. शाम को वे टहलने गये, चारों ओर शांति थी और नन्हा भी चुपचाप था, एक अनोखी निस्तब्धता का अहसास हो रहा था. कल आखिर उसकी क्रोशिये की जैकेट भी पूरी हो गयी. कल ‘विश्वकर्मा पूजा’ है, उन्हें जून के दफ्तर जाना है लंच के लिए, हर साल इस दिन वे डिपार्टमेंट जाते हैं, कुछ देर उनके रूम में बैठते हैं और फिर सामूहिक भोज होता है, पूजा सुबह ही हो जाती है.

उसने पढ़ा-
Meditation is total release of energy. When there is complete understanding of oneself, then there is the ending of conflict and that is meditation. It means awareness, both of the world and of the whole movement of oneself, to see exactly what is, without any choice, without any distortion. We can know ourselves in relationship, the observation of myself takes place only when there is response and reaction in relationship. To have a relationship with another without friction causes no wastage of energy. That is possible only when we understand what love is, and that is the denial of what love is not ie jealousy, ambition, greed, self centered activity.

All our life is based on thought which is measurable. It measures God, it measures its relationship with another through the image. It tries to improve itself according to what it should be. Meditation is the seeing of what is and going beyond it. When the body, mind and heart are completely one then one lives a different kind of life.

आज सुबह बहुत दिनों के बाद पीटीवी पर धारावाहिक देखा, ‘यह आजाद लोग’, दोनों देशों के हालात एक से हैं, समस्याएं एक सी हैं और लोगों के सोचने का ढंग एक सा है. एक अजीब सी कशमकश में ले जाकर ड्रामा वापस सतह पर ले आता है, जैसे कोई डूबते डूबते तैर कर वापस आ जाये. नन्हा आज स्कूल गया है, जून ने कुछ देर पहले पूछा, कुछ मंगवाना तो नहीं है बाजार से, उन्हें घर का ध्यान सदा रहता है. कल शाम जून दीपावली पर घर जाने के लिये बहुत उत्सुक हो रहे थे, बड़ी ननद के घर आने के कारण माँ-पिता इस बार नहीं आ पाएंगे. यात्रा की बातें करते-करते ही उनके मन पुलकित हो उठे, यात्रा सचमुच मन को जीवंत कर देती है.






Friday, August 24, 2012

पानी में छप छप




कल गणेश पूजा के कारण जून का ऑफिस बंद था, वह घर पर ही थे. नन्हा कल दिन में पानी से खेलता रहा, उसे कितना मना करो पानी में जाना छोड़ता ही नहीं, कितना गर्म था कल मौसम, पर यहाँ के मौसम में ठंड बहुत जल्दी लग जाती है, रात को वह नाक से श्वास नहीं ले पा रहा था, मुँह से श्वास ले रहा था. अभी उसने वाल्मीकि रामायण का पहला सर्ग पढ़ा. आज बादल भी पुनः आ गए हैं, हवा भी बह रही है. पिछले कुछ दिनों से वे रात को भी चावल खाते हैं, यहाँ तो सभी लोग दोनों समय चावल ही खाते हैं, रोटी नाश्ते की वस्तु है. लेकिन रात को चावल खाने का असर तन पर व नींद पर साफ झलक रहा है. कल से ओलम्पिक खेलों की शुरुआत हो रही है. कल विश्वकर्मा पूजा भी है.
उस दिन वह कालोनी में ही एक परिचित महिला द्वारा घर पर चलाए गए ब्यूटीपार्लर में केश कटवाने के लिये गयी थी, उन्हें जुकाम था, एक-दो दिन में उसे भी गले में खराश सी होने लगी. शायद उन्हीं से संक्रमण हुआ हो, पहले हाकी मैच में भारत की हार हो गयी है, आगे क्या होगा आभास होने लगा है.
आज चार-पांच दिनों के बाद उसने डायरी खोली है. वर्षा तेज हो गयी है, पौधों के लिये बहुत अच्छा है, पंजाब, हरियाणा, काश्मीर व उत्तरप्रदेश में भी वर्षा बहुत हो रही है, बाढ़ भी आ गयी है. कैसा अजीब व्यवहार है प्रकृति का, प्रकृति का संतुलन तो मानव ने ही बिगाड़ा है न, भुगतना भी उसे ही होगा. कल दीदी का पत्र मिला और उसने फौरन जवाब भी दे दिया. पिता का पत्र भी आया छोटे भाई का विवाह तय हो गया है, लगता है उसे अकेले ही जाना होगा. मौसम आज भी ठंडा है, नन्हें ने बिस्तर गीला कर दिया है, कपड़े सूखते ही नहीं है, किचन में जो रस्सी लगायी थी वह टूट गयी है. कल शाम जून ने ग्वार की फली की सब्जी बनायी थी. आजकल सुबह टीवी पर साम्बू नामक धारावाहिक शुरू हुआ है, अच्छा है.

अक्तूबर का प्रथम दिन ! आज सुबह नींद बहुत जल्दी खुल गयी थी कौओं की आवाजों से. आज धूप में उसने कारपेट रखे हैं. कल शाम वे जून के दफ्तर गए, कम्प्यूटर पर एक गेम खेला, दूसरे में सोनू परेशान हो गया सो वापस लौट आये. जून सब्जियों के बीज ले आये हैं, माली पहले खाद डालकर क्यारियां बनाएगा. नन्हा अपने में मग्न होकर खेल रहा है बीच बीच में आकर उससे मिल जाता है.
उसे तिथि देखकर याद आया कि आज ही के दिन तीन वर्ष पूर्व जून मोरान गए थे, शाम को उसने फोन क्या उदासी भरा, रात को वह आये, कैसे अनोखे थे वे दिन. शायद पड़ोस के घर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही है. उसने झांक कर कमरे में देखा सोनू सुखद नींद में सोया था.