Showing posts with label इसरो. Show all posts
Showing posts with label इसरो. Show all posts

Wednesday, September 23, 2026

फूलों की बारात

फूलों की बारात


आज सुबह उसने एओएल के ऐप के द्वारा करवायी जाने वाली साधना में भाग लिया, एक मयंक नामके शिक्षक फ़ॉलोअप करवा रहे थे। बहुत ही मनोयोग से और प्यार से बोल रहे थे। नन्हा लगभग ग्यारह बजे आया और शाम को चार बजे चला गया। दोपहर को जगन शक्ति द्वारा निर्देशित, भारत के मंगलयान अभियान पर आधारित एक फ़िल्म देखी, ‘मिशन मंगल’, अच्छी फ़िल्म है। विद्या बालन और अक्षय कुमार की इस फ़िल्म में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का यह जज़्बा देखने लायक़ है, जिसमें उन्होंने बेहद कम बजट में और पहले ही प्रयास में भारत का यान मंगल ग्रह तक पहुँचाया । इसी कारण, इस समय दुनिया में नासा के साथ इसरो का नाम भी सम्मान से लिया जाता है। दोपहर बाद उसने सोसाइटी में कार चलाकर जून और नन्हे को सैर करायी।अभी भी बहुत अभ्यास की ज़रूरत है। सामने से कार आती दिखाई देती है तो एक क्षण के लिए भय लगता है, यह जानते हुए भी कि भय लगना व्यर्थ है। शाम को पापाजी से बात हुई, उन्होंने ‘अहंकार’ के बारे में ओशो के विचार बताये।उन्होंने उसकी रचनाओं को अब अधिक ध्यान से पढ़ना आरंभ कर दिया है। “अहंकार का भोजन दुख है” स्वामी अनुभवानंद जी की इस बात ने उसे कितनी बार सचेत किया है, अब भी करती है। नन्हा कल दिल्ली जा रहा है। वह प्रैक्टो का व्यापार और दायरा बढ़ाने का प्रयत्न कर रहा है। 

आज सुबह वे लालबाग गये थे। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वहाँ हर वर्ष की तरह फूलों की प्रदर्शनी लगी है। गणतंत्र दिवस की तरह इस बार भी फूलों का एक विशाल भंडार अत्यंत कलात्मक ढंग से सजाया गया है। यहाँ के ऐतिहासिक ग्लास हाउस के अंदर फूलों से विधान सौधा का मॉडल बनाया गया है। इसमें साथ लाख से अधिक गुलाब, लिली, कर्णेशन और पितुनिया फूलों का प्रयोग किया गया है। कर्नाटक के दूसरे मुख्यमंत्री कंगाल हनुमंथैया की एक शानदार मूर्ति भी स्थापित की गई थी, जिन्होंने विधान सौधा का निर्माण करवाया था। यहाँ बैंगलोर का प्राचीन इतिहास चित्रों के माध्यम से दिखाया गया है। पूरी प्रदर्शनी में २१ लाख से अधिक फूलों का उपयोग किया गया है और इस पर ढाई करोड़ का व्यय किया गया है। शाम को वे मित्र दंपत्ति के साथ गाँव की तरफ़ टहलने गये, तो बातें फूलों की होती रहीं। पापाजी के साथ आज नवनीत में पढ़े एक लेख पर चर्चा की। शाम को मृणाल ज्योति की एक ज़ूम मीटिंग में भाग लिया। 

आज शाम वे दोनों एक नये रास्ते पर गये। जून आज थोड़े से चुप हैं, वह बातों को जल्दी छोड़ नहीं पाते। मन का स्वभाव ही ऐसा है, वह कैमरे की तरह है, चीजों को पकड़ लेता है। आत्मा दर्पण के समान है, साक्षी! वहाँ कुछ भी नहीं ठहरता। आज नाश्ते के बाद वे मित्र दंपत्ति के साथ मुनि नगरा  डैम देखने गये। हरी-भरी छोटी पहाड़ियों से घिरी वह जगह बहुत सुंदर है। नीचे एक झील है, जहाँ तक आराम से पहुँचा जा सकता है।

आज सुबह आठ बजे ही वे नन्हे के यहाँ जाने के लिए निकल पड़े थे।उसके रसोइये ने दोसा-चटनी-सांबर आदि बहुत अच्छा बनाया था। नाश्ते के बाद आरटीओ दफ़्तर पहुँचे। वहाँ किन्हीं गिरीशजी से जून ने अत्यंत विनम्रता से बात की, उन्होंने लाइसेंस के लिए आवश्यक फार्म आदि जमा करने का तरीक़ा बताया। कुल समय पंद्रह मिनट ही लगा वहाँ, पर सड़क पर ट्रैफ़िक बहुत था, घर पहुँचते पहुँचते दोपहर हो गई।।दोपहर बाद एक पुरानी फ़िल्म देखनी आरंभ की, ‘डोली’, कितनी विचित्र कहानी है फ़िल्म की। जीवन भी तो ऐसा ही विचित्र है। शाम को बहुत दिनों बाद ध्यान किया। आजकल उनकी शामें बहुत व्यस्त हो गई हैं, जब से जून को दूर तक टहलने जाने का शौक़ हुआ है। अभी कुछ देर पहले मानव कौल की एक कहानी पढ़ी। बहुत अच्छे कहानीकार हैं वह, कहानी को पढ़ना आरंभ किया तो अंत पढ़कर ही दम लिया। उससे पूर्व श्री श्री की छोटी बहन भानु दीदी द्वारा लिखी गयी एक पुस्तक ‘पराशक्ति’ पढ़ती रही, जो ब्रह्मांड की आदिशक्ति और नारीत्व की दिव्य ऊर्जा के बारे में है। इसमें देवी के दुर्गा, कामाक्षी, सरस्वती, लक्ष्मी, महाकाली, छिन्नमस्ता, तारा और माया आदि रूपों के बारे में बताया गया है।आज उसने  देवी के “तारा” रूप के बारे में पढ़ा। यह दस महाविद्याओं में से दूसरी है। पहली महाकाली है, जो वाणी पर नियंत्रण करना सिखाती है। तारा साधक के भीतर के भोलेपन का पोषण करती है। 

आज सुबह भी एओएल ऐप पर योग साधना की। पंकज नामक एक शिक्षक ने बहुत अच्छी तरह से पूरा सत्र चलाया। सात बजे से आरंभ करके साढ़े आठ बजे आँख खोली। समय का पता ही नहीं चला। दिन में अनुवाद कार्य किया और दो लेखों के वर्तनी सुधार का कार्य भी। गुरुजी का ज्ञान कितना गहन है, पर कितनी सरल भाषा में वह मानव मन को छूने वाली व उसे बदलने वाली बातें कहते हैं। छोटी बहन से बात हुई, उसने एओएल का ब्लेसिंग कोर्स कर लिया है।दुबई में स्वामी ज्योतिर्मय द्वारा कराया गया। यूएई के सभी राज्यों से आये हुए लगभग पचास लोग थे। उसे अच्छा अनुभव हुआ। ध्यान और चेतना के बारे में भी उनकी बात हुई। पापाजी ने बताया उनकी आँख में दर्द के कारण पढ़ने में दिक्क्त हुई। जून ने एक दवा का नाम बताया पर डाक्टर से पूछ कर लेना ही उचित होगा। आज संसद में मोदी जी ने मणिपुर पर वक्तव्य दिया, उन्होंने विपक्ष को बहुत खड़ी-खोटी सुनायी। मणिपुर की समस्या के बारे में कल गृहमंत्री ने बता ही दिया था।आज पहली बार वह अकेले कार से पार्लर गई, पर वापसी में देखा, उसकी कार के आगे-पीछे दो गाड़ियाँ लगी हैं, जून को बुलाना पड़ा। रिवर्स करने, यू टर्न करने या गाड़ी घुमाने में अब भी झिझक रह गई है।   


Friday, April 17, 2026

इसरो का पीएसएलवी-सी ५२

इसरो का पीएसएलवी-सी ५२


आज नूना को एक मज़ेदार स्वप्न ने उठाया।एक महाशय अपने डॉग(शी) से बातें करते हैं। वह उन्हें कुछ परेशान कर रही थी तो उसे कुछ सबक़ सिखाना चाहते हैं। उसके मुख के पास जाकर कहते हैं, हेलो मिस, वह भी दाँत निपोरती हुई कहती है, हेलो मिस्टर, अगली बार उनके हाथ में कोईं कठोर वस्तु है और नूना जानती है कि वह इसे कहाँ रखने वाले हैं, जैसे कि यह घटना पहले भी हो चुकी हो। वह फिर बड़े ही अच्छे अन्दाज़ से कहते हैं, हेलो मिस, और जैसे ही वह हेलो कहने के लिए मुँह खोलती है, जबड़ों के मध्य वह वस्तु रख देते हैं। वह मुँह बंद करती है तो ज़ोर की आवाज़ होती है। सब हँसने लगते हैं और नींद खुल जाती है। यह स्वप्न जगाने के लिए आया था, क्योंकि अलार्म बंद किए काफ़ी वक्त बीत गया था। परमात्मा को मज़ाक़ बहुत पसंद है, गुरुजी की यह बात एक बार फिर सत्य सिद्ध हो गई।परमात्मा के द्वार जाना हो तो हँसते-हँसते ही जाया जा सकता है। एक अन्य स्वप्न में उनकी सोसाइटी नापा की एक परिचित महिला को वह सनातन धर्म  के बारे में बता रही है। सपने में वह ईसाई धर्म को मानती हैं।नूना उन्हें गहन श्रद्धा तथा ईश्वर के विभिन्न रूपों के बारे में बता रही है। सुंदर स्वप्न था यह !!   


आज इतवार को नन्हे और सोनू के लिए नाश्ते में बेदमी पूरी बनायी, जून ने यू ट्यूब पर उसकी विधि देखी थी।नाश्ते के बाद वे सब बेंगलुरु के चर्च स्ट्रीट में स्थित किताबों की एक दुकान पर गये।ब्लॉज़म बुक हाउस नाम है उसका, २००१ में मयि गौड़ा नाम के व्यक्ति ने उसे खोला था। यहाँ पुरानी, नयी हर तरह की किताबें मिलती हैं। वीडियो कॉल करके पापाजी को भी दिखायी वह दुकान। सबने मिलाकर कुल बीस किताबें खरीदीं। उसके बाद ‘गो नेटिव’ गये। जहाँ परंपरागत शाकाहारी भोजन मिलता है।वापस आते-आते सवा पाँच हो गये थे, उसे अनुवाद कार्य करना था। शाम को बच्चे वापस चले गये। जून सोने चले गये हैं, वह कुछ देर नयी लायी पुस्तक ‘माइंड ऑफ़ गॉड’ पढ़ने वाली है। 


आज सुबह योग साधना करते समय अचानक आकाश पर नज़र पड़ी तो एक सुंदर दृश्य दिखा। एक प्रकाश का स्रोत, जिसके पीछे प्रकाश की तिकोनी छाया थी, लगा कोई धूमकेतु होगा। दूसरी तरफ़ भी बादलों को चीरती हुई सी प्रकाश की एक तरंग थी। कुछ समझ नहीं आया, यह क्या था।बाद में ज्ञात हुआ इसरो ने पीएसएलवी-सी ५२ लांच किया था।दोपहर की वही गॉड वाली पुस्तक पढ़ती रही। मस्तिष्क अरबों, खरबों न्यूरॉन से बना है। कितनी जटिल है इसकी रचना, जिसके द्वारा शरीर के सब कार्य होते हैं। शाम को वे लोग एक परिचित के विशाल और सुंदर घर की गृह प्रवेश की पूजा में गये।वापसी में एक मित्र दंपत्ति घर आये। पापाजी से बात हुई, आज वह वोट देने गये थे, इस उम्र में भी उनका इतना उत्साह देखकर एक पत्रकार ने उनसे बातचीत की। 


आज सुबह योग-प्राणायाम के बाद, सुखबोधानन्द जी की ताई चि क्रिया की।उन्होंने बहुत अच्छी बातें बतायीं तथा नृत्य भी कराया। कह रहे थे, वह योग निद्रा नहीं प्रेम निद्रा कराते हैं, आनंद लहरी के साथ-साथ प्रेम लहरी जगाते हैं। जून ने वर्षों बाद नृत्य किया होगा। वह चाहें तो कर सकते हैं। भजन व नृत्य उनके मन को तनाव से मुक्त रखने में सहायक होगा। नाश्ते में जून नापा के प्रसिद्ध शेफ़ शेट्टी जी से दोसा लाए, चटनी तथा सब्ज़ी में मिर्च बहुत थी।नूना ने एक व्हाट्सेप समूह बनाया है, जिसमें पंचायत की अध्यक्षा तथा नापा की कुछ महिलाएँ हैं, मंगलवार को पहली मीटिंग है। गाँव से जुड़कर महिलाएँ बहुत कुछ कर सकती हैं, ऑर्गेनिक खेती, पेपर बैग्स बनाना , सफ़ाई अभियान, योग-ध्यान सिखा सकती हैं। सेवा के अतिरिक्त अब करने को कुछ है भी कहाँ। शाम को जून कमेटी की मीटिंग में व्यस्त थे और उसने ज्ञानेशावरी गीता का पाँचवाँ व अंतिम भाग सुना।नन्हे ने एक किताब भेजी है, ‘लोकतंत्र के टूटे स्तंभ’, वह यू ट्यूब पर इसे सुनता है।शाम को पापाजी से बात हुई, वह टीवी पर प्राइम वीडियो नहीं देख पा रहे थे।जून ने उन्हें उपाय बताया, शायद बाद में देख पाये हों।  


जून आज सुबह जल्दी चले गये।शनि व रविवार को उन्हें असोसिएशन के काम में और अधिक समय देना होगा।वह अपने कार्य में बहुत रुचि ले रहे हैं, और उन्हें अपने काम में बहुत आनंद आ रहा है। उसने काव्यालय में एक कविता प्रकाशित की। छोटी ननद ने बताया छोटे पुत्र का कॉलेज दो वर्ष के बाद खुल रहा है। 


आज एक परिचित दंपत्ति की शादी की सालगिरह है।उनकी जीवन यात्रा में एक मात्र ऐसा परिवार, जो उनसे ऐसा नाराज़ हुआ कि माना ही नहीं। ख़ैर ! आज सुबह शिव सूत्र पर चर्चा सुनी।वक्ता के अनुसार शिव रात्रि का अर्थ है, अज्ञान की रात्रि में प्रकाश का अवतरण और ज्ञान में जागरण ! उन्होंने पाणिनि तथा पतंजलि व्याकरण के बारे में बताया, जो शिव के डमरू से निकली ध्वनियों के आधार पर बनाया गया था। दोपहर एओएल के अनुवाद कार्य में बीती ।पापाजी ने कहा, आत्मा में रहने से मन में शांति बनी रहती है, शरीर में तो कुछ न कुछ लगा ही रहता है।आज एक महिला ब्लॉगर से बात हुई, उनके तीन पुत्र हैं, एक सिडनी में दो बैंगलोर में हैं। वह मध्य प्रदेश आती-जाती रहती हैं, पर अब ज़्यादातर यहीं रहेंगी। वह बहुत अच्छी लेखिका हैं। कभी न कभी उनसे मुलाक़ात भी हो ही जाएगी। 


आज सुबह पहली मीटिंग में कुल छह महिलाएँ आयी थीं। पंचायत की अध्य्क्षा कुछ देर से आयीं, पर उन्होंने काफ़ी ध्यान से चर्चा में भाग लिया। काफ़ी विषयों पर बात हुई। नये लोगों से परिचय हुआ। जून ने मीटिंग का सार लिखने में मदद की। कल वह एक नयी सोसाइटी देखने जा रहे हैं। आज सुबह नन्हा आया था, कंप्यूटर का एक पार्ट खोल कर ले गया। बिटकॉइन माइनिंग का उसका स्वप्न बीच में ही बिखर गया है।