Showing posts with label सजगता. Show all posts
Showing posts with label सजगता. Show all posts

Sunday, January 19, 2020

विश्व योग दिवस



आज का दिन काफी व्यस्त रहा और काफी अलग भी. प्रातः भ्रमण के समय फूलों से लदे वृक्षों की तस्वीरें उतारीं, बाकी दिन घर आने की जल्दी होती है सो वे कैमरा लेकर नहीं जाते. बड़े भाई से बात हुई वे एक प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र में नौ दिन रहकर आये हैं, उन्हें काफी हल्कापन महसूस हो रहा है. देह में जहाँ कहीं भी दर्द आदि थे, चले गए हैं. दोपहर को सन्डे योगा क्लास के बच्चों के साथ स्वच्छता अभियान चलाया, घर के सामने तथा बायीं ओर की सड़कों से कई थैले भरकर कूड़ा उठाया, कुछ दिन ये सड़कें साफ रहेंगी फिर आते जाते लोग इन्हें बेहोशी में गन्दा कर देंगे. बच्चे बेहद खुश थे, जब वे वापस आये तो उन्हें पंक्ति में खड़ा कर हाथ धुलवाए, नैनी ने नाश्ता तैयार कर दिया था. श्रमदान के बाद भोजन का अलग ही स्वाद आता है. जून काफी दिन पहले अमूल लस्सी का क्रेट लाये थे, उन्होंने भी बांटने में सहयोग किया. सुबह वह दो सखियों के साथ को ऑपरेटिव से विश्व योग दिवस के लिए आवश्यक सामान लेने गयी, महिला क्लब में भी वे इस दिवस पर कार्यक्रम कर रहे हैं. कल से वे योग प्रोटोकाल के अनुसार अभ्यास भी आरंभ करने वाली हैं. उस दिन सुबह भी बीहू ताली में सामूहिक योग किया जायेगा. क्लब की एक सदस्या से फोन पर बात करके परिचय लिया, उनकी विदाई कविता लिखने के लिए. 

सुबह नींद खुलने से पूर्व स्वप्न में पशुओं की खाल की बात हो रही थी, कल शाम की मीटिंग में कुछ महिलाओं को भोजन का मीनू बनाते समय जो शब्द सुने थे, शायद उन्हीं का परिणाम था यह स्वप्न, या किसी पूर्व जन्म की स्मृति से उपजा था, कौन जाने !  सुबह की दिनचर्या अभी समाप्त हुई ही थी कि ड्राइवर आ गया, ड्राइविंग का अभ्यास किया, अब कुछ-कुछ समझ में आने लगा है. कल विश्व योग दिवस है. उसे चार कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है. परमात्मा की कृपा है. 

आज इतवार है. जून थोड़ी देर के लिए दफ्तर गए हैं. लन्च में विशेष कुछ बनाना नहीं है, सलाद व फल. शाम को उनके पूर्व वरिष्ठ अधिकारी को बुलाया है. वे लोग इसी महीने के अंत में सदा के लिए गोहाटी जा रहे हैं. आज सुबह एक्वा गार्ड का मकैनिक आया, कुछ दिन खराब रहने के बाद आज से मशीन ठीक हो गयी है. यहां पानी में आयरन ज्यादा है. परसों सुबह उन्हें उड़ीसा की यात्रा पर निकलना है. बगीचे में माली काम कर रहा है, उसका पूरा परिवार ही कुछ न कुछ सहयोग कर रहा है. दो दिन पहले नशा करके उसने बहुत उत्पात मचाया, जून ने तो उसे जाने को कह दिया था, पर वे लोग यहां रहना चाहते हैं. सुधरने का वादा पहले भी कई बार कर चूका है पर मन को जब किसी वस्तु की आदत पड़ जाती है, तो वह बिना सोचे-समझे उस कार्य को करना आरम्भ कर देता है, चाहे वह कार्य उसके या देह के लिए हानिकारक हो. मन जब स्वयं को बदलना आरम्भ करता  है तो पुराने संस्कार उसे रोकते हैं. वह छूटना चाहते हुए भी आदत का गुलाम होकर उसी कार्य को दोहराने लगता है. सजगता यदि एक क्षण के लिए भी न रहे तो मन दुर्बल हो जाता है. तमस की अधिकता के कारण भी मन सजग नहीं रह पाता। सजग मन ही सात्विक कर्मों में लगाता है. उसने सोचा, ये सब बातें उसे इस जन्म में कौन बताएगा, जिन्हें ज्ञात हैं वे भी मन को कहाँ साध पाते हैं ?

Monday, April 4, 2016

फेन, तरंग, बूंद


शाम के पांच बजे हैं. शाम का नाश्ता बना लिया है और रात के भोजन की तैयारी भी हो गयी है. जून आज देर से आने वाले हैं, सो उसने डायरी उठा ली है. मन पर नजर डाले तो एक इच्छा दिखाई देती है. आंटी के द्वारा कमल के फूल का फोटो देख लिया गया या नहीं, यदि हाँ तो उन्हें कैसा लगा, इसकी जानकारी मन चाहता है. लेकिन कल सवेरे ही उन्हें फोन करना ठीक रहेगा. इसी हफ्ते पुस्तकालय में एक मीटिंग है उसे जाना ही चाहिए. ‘साहित्य सभा’ से एक पत्र आया है जो उसे हिंदी पढ़ने आने वाली छात्रा पढ़कर सुनाएगी. सभी को राखियाँ व पत्र मिल गये हैं पर किसी ने भी जवाब नहीं दिया. आज मानव कितना भावना शून्य होता जा रहा है. उनमें वह भी शामिल है. खैर ! कलयुग का अंत समय है ( ब्रह्मकुमारियों के अनुसार ). बाहर मौसम अच्छा है, शीतल मंद पवन डोल रही है पर वह यहाँ अंदर बैठी है. प्रकृति के निकट जाने का कोई अवसर चूकना नहीं चाहिए. प्रकृति, पेड़-पौधे, पशु-पक्षी सभी में आत्मा है और जहाँ भी आत्मा है उससे ऊर्जा तो निकल ही रही है. सुबह चार बजे उठी और चालीस मिनट लग गये पानी पीने, नित्य क्रिया आदि करके योग के लिये बैठने में, सुबह वक्त कितनी तेजी से दौड़ता है. आज ध्यान भी एक घंटे से कम हुआ. राखी बनाना शुरू किया, कई सारी बना ली हैं. बनाना कितना सरल है. किसी भी वस्तु से, वस्त्र, ऊन या धागे से ही बनायी जा सकती हैं. सासु माँ बाहर बैठी हैं बरामदे में. वह शांत रहकर सुबह से शाम तक का वक्त कैसे बिना अशांत हुए गुजार देती हैं, अचरज होता है, सुबह टहलने जाती हैं, फिर आकर स्नान, नाश्ता आदि, कभी किचन में कुछ काम कर लेती थीं पर अब उनका मन नहीं होता. दोपहर को आराम करती हैं, कुछ देर टीवी, फिर शाम का भ्रमण और फिर केवल बैठना, शाम को टीवी देखना उन्हें ज्यादा पसंद नहीं है. बीच-बीच में दवा और मालिश आदि में कुछ वक्त जाता है. उनमें धैर्य बढ़ रहा है !
 
आज सुबह से परमात्मा उसे सचेत करने का प्रयत्न कर रहे हैं और उसने जैसे अचेत रहने की कसम खा ली है. सुबह अलार्म बजा तो पांच मिनट बाद उठी. बाथरूम में पानी गिरा दिया बिना इसकी परवाह किये कि बाद में अन्यों को भी बाथरूम इस्तेमाल करना है. नैनी की चाय बनायी तो गैस पर ही उबलती रह गयी, उसने भी ध्यान नहीं दिया. दलिया बनाया तो उसमें सब्जियां डालकर ही छोड़ दिया, दलिया डालना ही भूल गयी, तुर्रा यह कि एक बार खोल कर देखा भी तब भी समझ में नहीं आया कि कुछ गलती हुई है. कॉर्न फ्लेक्स में गाय के दूध की जगह अमूल डाल दिया. हर कदम पर गलतियाँ ही गलतियाँ. परमात्मा सोचता होगा सजग रहने का अब तो प्रयत्न करेगी पर ध्यान में भी वही इधर-उधर के ख्याल. मन टिकता ही नहीं था यह अस्थिर मन किसकी निशानी है, यह प्रमाद की निशानी है. मोह की निशानी. कुछ कर ले, कुछ बन जाये, कुछ पा ले, ऐसा जो ज्वर भीतर है, यह उसी की निशानी है. परमात्मा उन्हें झकझोर कर जगाता है. आँखें खोलो, क्या पाना है? कहाँ जाना ही ? क्यों इतनी भाग-दौड़, क्यों इतनी आतुरता, इतनी शीघ्रता, मन जैसे रेस में भाग रहा है, द्वन्द्वों से ग्रसित मन कहीं टिककर बैठता ही नहीं, ऐसा तो नहीं होता एक साधक का मन, यह सद्गुरू कहना चाहते हैं !
आज सुबह पुनः दस मिनट देर से उठी, पर अपेक्षाकृत मन सजग था सो अभी तक तो कोई भूल नजर नहीं आती, हाँ एक भूल जो हर पल, हर वक्त, चैबीसों घंटे, सातों दिन, बारह महीने जारी है, वह है वाणी की कटुता. वाणी का दोष ठीक नहीं करती है सो यह बढ़ता ही जा रहा है. इसी क्षण इसके प्रतिकार का मौका मिला है, अच्छा है, झट उपयोग कर लेना चाहिए. आज का सत्संग एक नर्सरी चलाने वाले के यहाँ है, पर उनका जाना सम्भव नहीं होगा. कल दिनकर की ‘कवि’ कविता पढ़ी. कवि का हृदय कोमल होता है किसी का भी दुःख हो उसे छू जाता है, उसका हृदय दूसरों की पीड़ा को अनुभव करता है, वह जीवन को एक ऐसे नजरिये से देखता है जिसमें सभी एक हैं, एक ही परिवार के अंग, सबका सभी कुछ साझा है. ऐसा कवि हृदय ही एक दिन परम सत्य की ओर बढ़ जाता है. कल शाम मीटिंग है, फिर एक सखी के यहाँ पूजा में जाना है, पता नहीं, दोनों जगह जाना सम्भव होगा या नहीं. जून कल ‘परंपरा पनीर मसाला’ लाये हैं, उसकी गंध से भी मन भर गया है जैसे भोजन कर लिया हो. सुबह उन्होंने वजन व रक्त दबाव नोट किया, ऊपर का नब्बे से भी कम है और नीचे का साठ से. वजन पचास से. बीपी कम होने से उसे कोई दिक्कत तो नहीं होती. कल जीजाजी ने पर्यावरण पर कुछ भेजने को कहा, उन्हें तीन कविताएँ भेजी हैं.


आज मौसम अपेक्षाकृत गर्म है, वर्षा नहीं हो रही है. सुबह थोड़ा जल्दी उठी, मन शांत है, जिसका बीपी इतना कम हो उसका मन शांत नहीं होगा तो क्या होगा. इस वक्त लग रहा है कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं जो करना शेष हो. जैसे सारे कार्य हो चुके हैं. अब तो बस एक उसी की प्रतीक्षा है, यह भी क्या एक कार्य नहीं हुआ, प्रतीक्षा तो उसकी करें जो कहीं दूर हो, आने वाला हो, जो कहीं गया ही नहीं, सदा निकट ही है, जो स्वयं ही है वह भला क्यों और किसकी प्रतीक्षा करे, तो प्रतीक्षा भी नहीं बस अपने होने का अहसास लेकिन इस अपने होने में अहंकार नहीं, केवल होने का अहसास. जब ‘मैं’ ही नहीं रहा तो करेगा कौन, कर्ता नहीं है केवल एक सत्ता है, वह सत्ता सहज रूप से कर्म होते देखती है, शरीर के भीतर श्वास आ जा रही है, दिल धड़क रहा है, हाथ लिख रहा है, मन संकल्प उठा रहा है, लेकिन इन सबको एक सूत्र में बाँधने वाला कोई नहीं, ये सब वैसे ही हैं, जैसे जल में तरंगे, बूंदें, लहरें, फेन सभी अपने आप में स्वतंत्र भी और एक भी !